राजस्थान सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों को धरातल पर उतारने और आमजन की समस्याओं के उनके गांव के समीप ही समाधान के उद्देश्य से 'ग्रामीण सेवा शिविर-2026' का आयोजन किया जा रहा है। इसी कड़ी में, 15 जून 2026 को जयपुर जिले की विभिन्न पंचायत समितियों में विशेष शिविरों का आयोजन होगा, जहाँ प्रशासनिक अधिकारी स्वयं उपस्थित रहकर शिकायतों का मौके पर ही निपटारा करेंगे। जिला कलक्टर संदेश नायक ने जानकारी दी कि इन शिविरों का मुख्य ध्येय सरकारी योजनाओं को पात्र लाभार्थियों तक सुलभता से पहुँचाना है।

प्रशासन की इस पहल से ग्रामीणों को अब अपनी समस्याओं के समाधान के लिए जिला मुख्यालयों के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे। शिविर में राजस्व, सामाजिक सुरक्षा, पंचायती राज, कृषि, जलदाय, विद्युत, स्वास्थ्य एवं महिला बाल विकास जैसे महत्वपूर्ण विभागों के अधिकारी उपलब्ध रहेंगे। 15 जून को सांगानेर की मोहनपुरा, जोबनेर की ढ़ींढा, फागी की भोजपुरा, फुलेरा की लालाना, चाकसू की भोज्याड़ा व राडोली, सांभर की हबसपुरा, आमेर की बगवाड़ा, मौजमाबाद की उगरियावास, शाहपुरा की मामटोरी कला व शिवसिंहपुरा, चौमू की निवाणा व देवथला, माधोराजपुरा की डिडावता, बस्सी की टोडाभाटा व भूडला, जयपुर की निमेडा, जमवारामगढ़ की चावण्ड का मण्ड व माथासुला, दूदू की बिंगोलाव, किशनगढ़ रेनवाल की मुडोती और रामपुरा डाबडी की नांगल पुरोहितान ग्राम पंचायतों में शिविर आयोजित होंगे।

जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि इन शिविरों में न केवल परिवेदनाओं का निस्तारण होगा, बल्कि जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी प्रदान कर पात्र व्यक्तियों को सीधे लाभ से जोड़ा जाएगा। जिला कलक्टर ने आमजन से इन शिविरों में अधिकाधिक संख्या में भाग लेने की अपील की है, ताकि सरकार की मंशा के अनुरूप अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक सुशासन का लाभ पहुँच सके।

Pratahkal Newsroom

Pratahkal Newsroom

प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story