राजस्थान: ग्राम विकास चौपाल और ग्राम रथ अभियान से जनसंवाद तेज
भाजपा उपाध्यक्ष मुकेश दाधीच ने बताया कि 7500 ग्राम पंचायतों में चौपालों के जरिए सरकारी योजनाओं का फीडबैक और समस्याओं का समाधान किया जा रहा है।

भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष मुकेश दाधीच जयपुर में ग्राम विकास चौपाल और ग्राम रथ अभियान की प्रगति रिपोर्ट साझा करते हुए।
प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी एवं भजनलाल शर्मा सरकार द्वारा आमजन से सीधा संवाद स्थापित करने और ग्रामीण क्षेत्रों में संचालित सरकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे ग्राम विकास चौपाल एवं ग्राम रथ अभियान तेजी से जनसंवाद का सशक्त माध्यम बनते जा रहे हैं।
भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष मुकेश दाधीच ने जानकारी देते हुए बताया कि प्रदेश की जनहितैषी सरकार द्वारा ग्राम पंचायत स्तर पर ग्राम विकास चौपालों का आयोजन किया जा रहा है। साथ ही ग्राम रथों के माध्यम से ग्लोबल राजस्थान एग्रीटेक मीट अभियान का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जा रहा है, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में जागरूकता का विस्तार हो रहा है।
उन्होंने बताया कि 28 अप्रैल से लगातार विधानसभाओं में ग्राम विकास चौपालों का आयोजन किया जा रहा है। अब तक प्रदेश स्तर पर 326 नेताओं एवं पदाधिकारियों ने प्रवास किया है, जबकि जिला स्तर पर 1100 से अधिक प्रवास दर्ज किए गए हैं। वहीं भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा 7500 से अधिक ग्राम पंचायतों में पहुंचकर ग्रामीणों से सीधा संवाद स्थापित किया गया है।
उन्होंने यह भी बताया कि सरकार के मंत्रियों द्वारा अपने प्रभार वाले जिलों में 6 तथा स्वयं की विधानसभा में 4 ग्राम विकास चौपालों में भाग लिया जा रहा है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़, वरिष्ठ नेता राजेंद्र राठौड़, अरुण चतुर्वेदी, सी. पी. जोशी, सतीश पूनिया सहित प्रदेश पदाधिकारी, प्रभारी मंत्री एवं जनप्रतिनिधि लगातार गांवों में पहुंचकर चौपालों के माध्यम से संवाद कर रहे हैं।
मुकेश दाधीच ने बताया कि प्रतापगढ़ की बंबोरी, सीकर की जाजोद तथा अजमेर की कड़ेल ग्राम पंचायत में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने ग्रामीणों से संवाद किया। वहीं पुष्कर एवं उदयपुर में मदन राठौड़ ने ग्राम विकास चौपाल में भाग लिया। इस दौरान ग्रामीणों की समस्याएं सुनकर मौके पर ही त्वरित समाधान किया गया तथा योजनाओं के क्रियान्वयन का फीडबैक भी लिया गया।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में महिलाओं के सम्मान एवं सशक्तिकरण की दिशा में उज्ज्वला योजना, हर घर नल से जल, निःशुल्क चिकित्सा और बालिकाओं की शिक्षा जैसी योजनाओं ने ग्रामीण भारत की तस्वीर बदल दी है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार “सरकार गांव के द्वार” की भावना के साथ कार्य कर रही है और ग्राम विकास चौपाल आमजन की समस्याओं के समाधान तथा योजनाओं के लाभ को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का प्रभावी माध्यम बन चुकी है।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
