प्रदेश की जनहितैषी भजनलाल सरकार द्वारा आमजन से सीधा संवाद स्थापित करने और सरकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के उद्देश्य से ग्राम पंचायत स्तर पर ग्राम विकास चौपालों का आयोजन किया जा रहा है। इन चौपालों के माध्यम से ग्रामीणों की समस्याओं को मौके पर सुनकर उनके त्वरित समाधान की दिशा में प्रभावी कार्य किया जा रहा है।

भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष मुकेश दाधीच ने बताया कि प्रदेशभर में 28 अप्रैल से लगातार 183 विधानसभाओं में ग्राम विकास चौपालों का आयोजन किया जा रहा है। ग्लोबल राजस्थान एग्रीटेक मीट (GRAM) को आमजन तक पहुंचाने के लिए आरंभ किए गए “रामरथ” एवं ग्राम विकास चौपाल जन-जन के बीच आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं। इन कार्यक्रमों में मंत्री, सांसद, विधायक एवं संगठन पदाधिकारी सीधे गांवों में पहुंचकर आमजन से संवाद कर रहे हैं तथा योजनाओं के क्रियान्वयन की वास्तविक स्थिति का फीडबैक ले रहे हैं।

इसी क्रम में प्रतापगढ़ जिले के बंबोरी गांव में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने ग्राम विकास चौपाल में भाग लेकर ग्रामीणों से सीधा संवाद किया। इस अवसर पर सांसद सी. पी. जोशी, मंत्री मंजू बाघमार, गौतम दक सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने ग्रामीणों से सरकारी योजनाओं को लेकर फीडबैक प्राप्त किया और कहा कि सरकार की प्राथमिकता अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में महिलाओं के सम्मान और सशक्तिकरण की दिशा में ऐतिहासिक कार्य हुए हैं। उन्होंने कहा कि घर-घर शौचालय निर्माण, उज्ज्वला योजना, हर घर नल से जल, बालिकाओं की निःशुल्क शिक्षा तथा गरीबों के लिए निःशुल्क चिकित्सा जैसी योजनाओं ने ग्रामीण भारत की तस्वीर बदल दी है। उन्होंने यह भी कहा कि पहले माताओं-बहनों को सिर पर पानी ढोना पड़ता था, लेकिन अब हर घर तक नल से जल पहुंचाने का कार्य संभव हुआ है। उज्ज्वला योजना ने महिलाओं को धुएं से मुक्ति दिलाई है तथा लाखों महिलाएं लखपति दीदी बनकर आत्मनिर्भरता की मिसाल स्थापित कर रही हैं।

प्रदेशभर में आयोजित इन ग्राम विकास चौपालों में डिप्टी सीएम प्रेमचंद बैरवा, डिप्टी सीएम दिया कुमारी, मंत्री अविनाश गहलोत, मंत्री हीरालाल नागर, मंत्री बाबूलाल खराड़ी, मंत्री हेमंत मीणा, मंत्री जोराराम कुमावत, मंत्री सुमित गोदारा, ओमप्रकाश भड़ाना, जोगाराम पटेल, जसवंत विश्नोई, राजेंद्र नायक, सी. आर. चौधरी, श्रवण बगड़ी, राजेन्द्र राठौड़, नाहर सिंह जोधा तथा प्रहलाद राय टांक सहित अनेक जनप्रतिनिधि विभिन्न गांवों में आमजन से संवाद कर रहे हैं।

भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष मुकेश दाधीच ने कहा कि भाजपा सरकार “सरकार गांव के द्वार” की भावना के साथ कार्य कर रही है। ग्राम विकास चौपाल जनता की समस्याओं को समझने, उनके समाधान और योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का प्रभावी माध्यम बन चुकी है।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story