मुख्यमंत्री ने ग्राम-2026 के लिए 'ग्राम रथ' अभियान का किया शुभारंभ
जयपुर में 15 दिवसीय ग्राम रथों के माध्यम से किसानों तक पहुंचेंगी आधुनिक तकनीकें और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की महत्वपूर्ण जानकारी।

जयपुर के ओटीएस में आयोजित समारोह के दौरान मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और राज्यसभा सांसद नितिन नवीन ग्लोबल राजस्थान एग्रीटेक मीट-2026 के प्रचार हेतु ग्राम रथों को हरी झंडी दिखाते हुए।
जयपुर, 27 अप्रेल। राजस्थान के कृषि परिदृश्य में क्रांतिकारी बदलाव लाने और किसानों को आधुनिक तकनीकों से सशक्त करने के ध्येय के साथ मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा एवं राज्यसभा सांसद नितिन नवीन ने सोमवार को 'ग्राम-2026' के 15 दिवसीय ग्राम रथ अभियान का भव्य शुभारंभ किया। जयपुर के ओटीएस में आयोजित एक गरिमामय समारोह में अतिथियों ने ग्राम रथों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया, जो प्रदेश की समस्त ग्राम पंचायतों में पहुंचकर आगामी 23 से 25 मई तक आयोजित होने वाले ग्लोबल राजस्थान एग्रीटेक मीट-2026 (ग्राम-2026) का व्यापक प्रचार-प्रसार करेंगे। यह अभियान न केवल कृषि नवाचारों की जानकारी जन-जन तक पहुंचाएगा, बल्कि राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम छोर पर बैठे व्यक्ति तक सुनिश्चित करने का माध्यम भी बनेगा।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राज्यसभा सांसद नितिन नवीन ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के अंत्योदय संकल्प को रेखांकित करते हुए कहा कि केंद्र सरकार जनधन खातों, मेक इन इंडिया, स्टार्टअप और स्किल इंडिया जैसी योजनाओं के माध्यम से गरीब और सामान्य परिवारों को स्वाभिमान के साथ राष्ट्र की मुख्यधारा से जोड़ रही है। उन्होंने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि पिछले दो वर्षों में राजस्थान के विकास ने नई रफ्तार पकड़ी है। विकसित भारत 2047 के संकल्प की सिद्धि के लिए राज्य सरकार द्वारा बनाया गया विकसित राजस्थान 2047 का रोडमैप प्रदेश को नई ऊंचाइयों पर ले जाएगा। उन्होंने महिला सशक्तीकरण और राइजिंग राजस्थान समिट के माध्यम से रोजगार सृजन के प्रयासों को भी सराहा।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने ग्राम रथों की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि कृषि, किसान और गांव की मजबूती ही आत्मनिर्भर भारत की आधारशिला है। इन रथों में विशेष 'सुझाव पेटिका' लगाई गई है, जिसके माध्यम से ग्रामीण अपनी समस्याओं और सुझावों को सीधे सरकार तक पहुंचा सकेंगे। इसके अतिरिक्त, रथों के साथ तैनात अधिकारी राजस्थान संपर्क हेल्पलाइन 181 पर प्राप्त शिकायतों का तत्काल निस्तारण सुनिश्चित करेंगे। मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि 'ग्राम-2026' कृषि उत्पादन, फूड प्रोसेसिंग, बागवानी और पशुपालन के क्षेत्र में विशेषज्ञों, उद्योगों और हजारों किसानों को एक साझा मंच प्रदान करेगा, जिससे निवेशकों को राजस्थान की अनंत संभावनाओं को जानने का अवसर मिलेगा।
भजनलाल शर्मा ने प्रधानमंत्री द्वारा संचालित किसान सम्मान निधि, मृदा स्वास्थ्य कार्ड और एग्रीकल्चर इंफ्रास्ट्रक्चर फंड जैसी योजनाओं का उल्लेख करते हुए बताया कि राजस्थान सरकार ने पिछले सवा दो वर्षों में किसान सम्मान निधि को 6 हजार से बढ़ाकर 9 हजार रुपये किया है। राज्य सरकार ने 2 लाख 18 हजार से अधिक कृषि कनेक्शन प्रदान किए हैं और बिजली बिलों में 53 हजार करोड़ रुपये से अधिक का अनुदान दिया जा रहा है। उन्होंने बताया कि राइजिंग राजस्थान समिट के तहत कृषि क्षेत्र में हुए 10 हजार करोड़ रुपये के समझौते धरातल पर उतर चुके हैं और वर्तमान में 24 जिलों के किसानों को दिन में बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जा रही है। गेहूं की खरीद पर 150 रुपये का बोनस और वर्ष 2047 तक के लिए तैयार किया जा रहा व्यापक मास्टर प्लान राजस्थान को कृषि क्षेत्र में अग्रणी बनाएगा। इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी एवं डॉ. प्रेमचंद बैरवा, सांसद मदन राठौड़, मंजू शर्मा, कृषि मंत्री डॉ. किरोड़ीलाल मीना, संसदीय कार्य मंत्री जोगाराम पटेल, मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

