जयपुर/अहमदाबाद। राजस्थान को कृषि नवाचार और निवेश के वैश्विक मानचित्र पर अग्रणी केंद्र के रूप में स्थापित करने के संकल्प के साथ राज्य सरकार ने एक बड़ा कदम उठाया है। राजस्थान के कृषि विभाग द्वारा ‘ग्लोबल राजस्थान एग्रीटेक मीट (ग्राम)–2026’ के तत्वावधान में आगामी 30 अप्रैल को गुजरात के अहमदाबाद में एक भव्य 'इनवेस्टर मीट' का आयोजन किया जा रहा है। यह आयोजन कृषि, एग्रीटेक, डेयरी और सहकारिता जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों में निवेश की अपार संभावनाओं को धरातल पर उतारने और नए व्यावसायिक अवसरों का आगाज़ करने की दिशा में मील का पत्थर साबित होगा।

इस उच्च स्तरीय कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में राजस्थान के मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा शिरकत करेंगे। उनके साथ कृषि एवं उद्यानिकी मंत्री डॉ. किरोड़ी लाल मीणा तथा पशुपालन एवं डेयरी मंत्री श्री जोराराम कुमावत की गरिमामयी उपस्थिति राजस्थान के विजन को मजबूती प्रदान करेगी। आयोजन के दौरान राजस्थान और गुजरात दोनों राज्यों के वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी भी अपने विचार साझा करेंगे, जिनमें प्रमुख शासन सचिव (कृषि एवं उद्यानिकी) श्रीमती मंजू राजपाल तथा गुजरात सरकार के कृषि, किसान कल्याण एवं सहकारिता विभाग के प्रमुख सचिव श्री रमेश चंद मीणा प्रमुख रूप से शामिल हैं।

अहमदाबाद में होने वाले इस रोड-शो का मुख्य उद्देश्य नीति निर्माताओं, उद्योग जगत के दिग्गजों, निवेशकों, स्टार्टअप्स और डेयरी विशेषज्ञों को एक साझा मंच प्रदान करना है। कार्यक्रम की विशिष्टता इसमें आयोजित होने वाले ‘वन-टू-वन’ मीटिंग सत्रों में निहित है, जहाँ निवेशक सीधे सरकारी प्रतिनिधियों के साथ संवाद कर संभावित साझेदारियों की रूपरेखा तैयार कर सकेंगे। इसके साथ ही, “एनिमल हसबेंड्री, डेयरी और कोऑपरेटिव्स में अवसर एवं निवेश संभावनाएं” विषय पर आधारित विशेष पैनल चर्चा में क्षेत्र के विशेषज्ञ गहन मंथन करेंगे, जो भविष्य की दिशा तय करने में सहायक होगा।

राज्य सरकार का स्पष्ट लक्ष्य राजस्थान के कृषि क्षेत्र को पूरी तरह तकनीक आधारित, आत्मनिर्भर और निवेश-अनुकूल बनाना है। ‘ग्राम–2026’ का यह रोड-शो न केवल बड़े निवेश को आकर्षित करने का माध्यम बनेगा, बल्कि यह राजस्थान को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर एक सुदृढ़ 'एग्रीटेक हब' के रूप में पहचान दिलाने की दिशा में एक निर्णायक प्रहार है।

Pratahkal Newsroom

Pratahkal Newsroom

प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story