राज्यपाल हरिभाऊ बागडे ने चौमूं अस्पताल पहुंचकर घायलों का जाना हाल
सीकर बायपास पर हुए सड़क हादसे के पीड़ितों से मिलने पहुंचे राजस्थान के राज्यपाल, चिकित्सकों को दिए त्वरित और समुचित उपचार के निर्देश।

चौमूं के आर.के. हॉस्पिटल और ट्रॉमा सेंटर में भर्ती सड़क दुर्घटना के घायलों का हालचाल पूछते राजस्थान के राज्यपाल श्री हरिभाऊ बागडे (नीली बंडी में)।
राजस्थान के राज्यपाल श्री हरिभाऊ बागडे हरिभाऊ बागडे ने उज्जैन से खाटूश्यामजी जा रहे वाहन के सीकर बायपास हाड़ोता स्थित बावड़िया कट के पास हुई भीषण दुर्घटना के बाद घायलों का हाल जानने के लिए चौमूं स्थित अस्पताल का रुख किया। दुर्घटना में महाराष्ट्र के परभणी जिले के ग्राम हरगुंड से आए यात्री शामिल थे।
सूचना मिलते ही राज्यपाल लोकभवन से रवाना होकर चौमूं स्थित आर.के. हॉस्पिटल और ट्रॉमा सेंटर पहुंचे, जहां उन्होंने भर्ती घायलों की कुशलक्षेम पूछी और उनके उपचार की विस्तृत जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने चिकित्सकों को घायलों के समुचित और त्वरित उपचार के लिए आवश्यक निर्देश भी दिए।
राज्यपाल ने लोकभवन राजस्थान से ही इस दुर्घटना पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए मृतकों के प्रति श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि इस हादसे में जान गंवाने वाले सभी लोगों के प्रति उनकी गहरी संवेदना है।
उन्होंने ईश्वर से प्रार्थना की कि मृतकों की आत्मा को शांति मिले तथा शोक संतप्त परिजनों को इस अपार दुख को सहन करने की शक्ति प्राप्त हो। साथ ही उन्होंने घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करते हुए उनके प्रति सहानुभूति भी व्यक्त की।
यह दुर्घटना उज्जैन से खाटूश्यामजी जा रहे यात्रियों के साथ उस समय हुई जब वाहन सीकर बायपास हाड़ोता स्थित बावड़िया कट के पास हादसे का शिकार हो गया, जिससे क्षेत्र में शोक और चिंता का माहौल व्याप्त हो गया।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
