राष्ट्रीय गुरु आस्था परिवार के अधिवेशन में शामिल हुए राज्यपाल हरिभाऊ बागड़े
जयपुर के गोलोक धाम में आचार्य प्रज्ञा सागर जी महाराज के सान्निध्य में आयोजित कार्यक्रम में राज्यपाल ने गौसेवा की और एक करोड़ पौधारोपण मुहिम की सराहना की।

जयपुर के गोलोक धाम में आयोजित राष्ट्रीय अधिवेशन के दौरान गौसेवा करते राजस्थान के राज्यपाल हरिभाऊ बागड़े।
जयपुर के निकट निमोड़िया स्थित श्री गोलोक धाम में राष्ट्रीय गुरु आस्था परिवार का द्वितीय राष्ट्रीय अधिवेशन श्रद्धा और उत्साह के बीच भव्यता के साथ संपन्न हुआ। अधिवेशन में राजस्थान के राज्यपाल हरिभाऊ बागड़े मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। देशभर से पहुंचे गुरु भक्तों और श्रद्धालुओं की उपस्थिति ने आयोजन को विशेष गरिमा प्रदान की। इस दौरान राज्यपाल ने भगवान महावीर के सिद्धांत ‘जियो और जीने दो’ का संदेश देते हुए जीवदया, अहिंसा और मानवता के मार्ग पर चलने का आह्वान किया।
आचार्य प्रज्ञा सागर जी महाराज के सान्निध्य में आयोजित अधिवेशन में राज्यपाल हरिभाऊ बागड़े ने मध्यप्रदेश एवं राजस्थान सरकार के राजकीय अतिथि राष्ट्रसंत जैनाचार्य श्री 108 प्रज्ञा सागर जी महाराज की ओर से शुरू की गई एक करोड़ वृक्ष लगाने की महत्त्वाकांक्षी मुहिम की सराहना की। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण के इस अभियान को समाज और राष्ट्र के लिए प्रेरणादायी बताया।
राज्यपाल ने गोलोक धाम में संचालित गौशाला के सेवा कार्यों की भी मुक्तकंठ से प्रशंसा की। उन्होंने अपने हाथों से गोमाता को चारा और गुड़ खिलाकर गौसेवा की। इसके बाद स्वयं पौधारोपण कर आचार्य श्री की एक करोड़ वृक्ष लगाने की मुहिम में सहभागिता निभाई।
गोलोक धाम पहुंचने पर अधिवेशन के मुख्य संयोजक राजीव जैन गाजियाबाद, चातुर्मास समिति अध्यक्ष अनिल बनेठा, राष्ट्रीय गुरु आस्था परिवार के अध्यक्ष मदन भाई हुमड़ एवं लोकेश कोटा ने राज्यपाल का माला पहनाकर और राजस्थानी साफा बांधकर स्वागत एवं अभिनंदन किया। कार्यक्रम का मंच संचालन चेतन जैन निमोड़िया ने किया। गोलोक धाम समिति अध्यक्ष देवेंद्र जैन बाकलीवाल ने राज्यपाल और राष्ट्रीय गुरु आस्था परिवार के सभी सदस्यों का अधिवेशन में शामिल होने पर आभार जताया।
गोलोक धाम के महामंत्री अमित जैन बाकलीवाल, आयोजन समिति महामंत्री पारस बाकलीवाल एवं कोषाध्यक्ष रमेश गंगवाल ने आयोजन में पहुंचे श्रद्धालुओं, भामाशाहों, स्वयंसेवकों और सहयोगी संस्थाओं के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि यह आयोजन केवल धार्मिक महोत्सव तक सीमित नहीं रहा, बल्कि गुरु भक्ति, जीवदया, गौसेवा, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक समरसता का राष्ट्रीय संदेश देने वाला प्रेरणादायी महापर्व बन गया।
उन्होंने बताया कि संपूर्ण चातुर्मास के दौरान प्रतिदिन प्रवचन, धर्मसभा, स्वाध्याय, तप, साधना, जीवदया, गौसेवा, साधु सेवा, संस्कार शिविर और विभिन्न आध्यात्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इनमें देशभर से आने वाले श्रद्धालु धर्मलाभ प्राप्त करेंगे।
अधिवेशन में राज्यपाल की उपस्थिति और उनके विचारों से गुरु भक्तों एवं गौसेवकों में विशेष उत्साह देखने को मिला। आयोजन ने जीवदया, गौसेवा, पर्यावरण संरक्षण और आध्यात्मिक चेतना का संदेश दिया। साथ ही राष्ट्रीय गुरु आस्था परिवार की एकता और संगठनात्मक मजबूती के साथ गुरुदेव के सेवा, पर्यावरण संरक्षण, गौसेवा एवं जीवदया के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने की दिशा में इसे महत्वपूर्ण कदम बताया गया।
मीडिया प्रभारी अरुण जैन गोनेर ने बताया कि गोलोक धाम में आयोजित राष्ट्रीय अधिवेशन गुरुदेव की प्रेरणा से संचालित सेवा और पर्यावरण संरक्षण के संकल्प को नई दिशा देने वाला रहा। राज्यपाल के आगमन और उनके प्रेरणादायी उद्बोधन से आयोजन की गरिमा बढ़ी। उन्होंने कहा कि गोलोक धाम के माध्यम से गौसेवा, जीवदया और पर्यावरण संरक्षण से जुड़े कार्य निरंतर आगे बढ़ाए जा रहे हैं।

