जयपुर, 15 नवंबर। राजस्थान में जनजातीय समाज के शैक्षणिक, सामाजिक और आर्थिक सशक्तीकरण को लेकर राज्य सरकार ने विकास योजनाओं और वित्तीय प्रावधानों का खाका सामने रखा है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने रविवार को जनजातीय गौरव दिवस समारोह में कहा कि डबल इंजन सरकार ने पिछले तीन वर्षों में जनजातीय समुदाय के विकास के लिए लगभग 3 हजार 200 करोड़ रुपये का प्रावधान किया है। उन्होंने धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती पर उन्हें नमन करते हुए कहा कि जनजातीय समाज की संस्कृति, परंपराओं और स्वाभिमान की रक्षा में योगदान देने वाले महापुरुषों के बलिदान को सम्मान देना सभी का दायित्व है।

मुख्यमंत्री ने समारोह में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का संबोधन सुना। इसके बाद उन्होंने जनजातीय समुदाय के प्रतिनिधियों से संवाद किया। उन्होंने कहा कि जनजातीय समाज ने सदियों तक देश की संस्कृति, परंपरा और स्वाभिमान की रक्षा के लिए संघर्ष किया है। राज्य सरकार वंचितों को वरीयता देते हुए जनजातीय समाज के सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्धता के साथ काम कर रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने वर्ष 2021 में धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की जयंती पर जनजातीय गौरव दिवस की शुरुआत की थी। आज यह दिवस राष्ट्रीय चेतना का महत्वपूर्ण हिस्सा बन चुका है। इसके माध्यम से जनजातीय समाज के महानायकों के योगदान को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान और सम्मान मिल रहा है। जनजातीय समुदाय से आने वाली द्रौपदी मुर्मू का देश के सर्वोच्च संवैधानिक पद राष्ट्रपति के रूप में आसीन होना भी इसी गौरव का प्रतीक है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के 'सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास' के संकल्प के अनुरूप जनजातीय क्षेत्रों में विकास की गति बढ़ाने के साथ नक्सलवाद को समाप्त करने के लिए व्यापक प्रयास किए गए हैं। पीएम-जनमन योजना के माध्यम से जनजातीय समूहों तक बिजली, पानी, आवास, स्वास्थ्य, शिक्षा, पोषण और सड़क जैसी बुनियादी सुविधाएं पहुंचाई जा रही हैं। वहीं, धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान के जरिए दूरस्थ और वंचित जनजातीय क्षेत्रों तक विकास योजनाओं का लाभ सुनिश्चित किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने बताया कि पिछले तीन वर्षों में जनजातीय समुदाय के विकास के लिए किए गए वित्तीय प्रावधानों के तहत 10 आश्रम छात्रावास, 3 आवासीय विद्यालय, एक नया खेल छात्रावास और 250 नए मां-बाड़ी केंद्र खोले गए हैं। पीएम-जनमन योजना के अंतर्गत बारां जिले के सहरिया क्षेत्र में 15 हजार 233 आवासों का निर्माण किया गया है। इसके साथ ही 23 संपर्क सड़कें, 15 नए बहुद्देश्यीय केंद्र और 51 वन-धन केंद्र गठित किए गए हैं।

उन्होंने बताया कि धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान के तहत प्रदेश के 6 हजार 235 गांवों में रहने वाले लगभग 55 लाख जनजातीय लोगों के जीवन स्तर में सुधार के प्रयास किए जा रहे हैं। जनजातीय किसानों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए निशुल्क संकर मक्का बीज मिनी किट कार्यक्रम के तहत 25 लाख से अधिक मिनी किट वितरित किए गए हैं। इसके अतिरिक्त 3 लाख 50 हजार से अधिक निशुल्क हाइब्रिड सब्जी बीज मिनी किट उपलब्ध करवाए गए हैं। पीएम कुसुम योजना के तहत 8 लाख से अधिक निशुल्क सोलर पम्प स्थापित किए गए हैं।

जनजातीय समाज की सांस्कृतिक पहचान और विरासत को संरक्षित करने के लिए भी राज्य सरकार की ओर से विभिन्न पहल की जा रही हैं। मुख्यमंत्री ने बताया कि इस दिशा में सौंध माटी आदि धरोहर प्रलेखन योजना शुरू की गई है। जनजातीय महानायकों को सम्मान देने के लिए डूंगरपुर में डूंगर बरंडा और बांसवाड़ा में बांसिया चारपोटा के स्मारकों का निर्माण करवाया जा रहा है। उदयपुर में वीर बालिका कालीबाई संग्रहालय का निर्माण भी जारी है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि जनजातीय समाज की आस्था और परंपराओं से जुड़े धार्मिक स्थलों के विकास पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। इसके तहत बारां के सीताबाड़ी, उदयपुर के कमलनाथ महादेव, जावर माता मंदिर एवं रामकुंडा महादेव मंदिर, सलूम्बर के सोनार माता मंदिर तथा बांसवाड़ा के सलाकेश्वर महादेव मंदिर का विकास किया जा रहा है। इन परियोजनाओं के माध्यम से जनजातीय समाज की सांस्कृतिक विरासत और धार्मिक परंपराओं को संरक्षण देने के प्रयास किए जा रहे हैं।

खेलों के क्षेत्र में जनजातीय युवाओं की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के खिलाड़ियों ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का गौरव बढ़ाया है। लैक्रोस में राजस्थान के जनजातीय खिलाड़ियों ने वर्ष 2024 में समरकंद एशियन चैम्पियनशिप में रजत पदक हासिल किया था। इस वर्ष रियाद एशियन लैक्रोस गेम्स में पुरुष और महिला दोनों श्रेणियों में स्वर्ण पदक प्राप्त किए गए। इसके अलावा मलेशिया में आयोजित दक्षिण-पूर्व एशियाई लैक्रोस चैम्पियनशिप-2026 में कांस्य पदक जीतकर खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा का परिचय दिया।

समारोह में जनजातीय अंचल से आए अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों ने मुख्यमंत्री का आभार जताया। भारतीय महिला लैक्रोस टीम की कप्तान सुनीता मीना और राष्ट्रीय पुरुष टीम के उपकप्तान मोहनलाल गमेती ने कहा कि उदयपुर में लैक्रोस एकेडमी की स्थापना सहित प्रदेश में उपलब्ध करवाई जा रही खेल सुविधाओं और संसाधनों से दूरस्थ क्षेत्रों की प्रतिभाओं को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आगे बढ़ने के अवसर मिल रहे हैं।

कार्यक्रम में शामिल प्रगतिशील किसानों, महिलाओं और युवाओं ने भी जनकल्याणकारी योजनाओं को अपने जीवन में सकारात्मक बदलाव का आधार बताया। इस दौरान 'परम्परा से प्रगति की ओर विकास यात्रा' शीर्षक से लघु फिल्म प्रदर्शित की गई। जनजातीय क्षेत्रों के आस्था केंद्रों पर आधारित एक अन्य लघु फिल्म का प्रदर्शन भी किया गया।

इस अवसर पर जनजाति क्षेत्र विकास मंत्री बाबूलाल खराड़ी, विधायक फूल सिंह मीणा, महेंद्रपाल मीणा और अतिरिक्त मुख्य सचिव कुंजी लाल मीणा सहित बड़ी संख्या में जनजातीय समाज के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। समारोह में प्रस्तुत विकास योजनाओं, सांस्कृतिक संरक्षण की पहलों और खेल उपलब्धियों ने जनजातीय समुदाय के शैक्षणिक, सामाजिक, आर्थिक एवं सांस्कृतिक सशक्तीकरण के लिए किए जा रहे प्रयासों को रेखांकित किया।

Next Story