जयपुर, 22 जुलाई। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के मार्गदर्शन में खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग ने सामाजिक न्याय और पारदर्शिता की दिशा में बड़ी उपलब्धि दर्ज करते हुए प्रदेश के 1 करोड़ 56 हजार 511 नए जरूरतमंद लोगों को खाद्य सुरक्षा उपलब्ध कराई है। खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री सुमित गोदारा ने बताया कि मुख्यमंत्री की अभिनव पहल के तहत शुरू किए गए गिव अप अभियान ने इस उपलब्धि को संभव बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई, जिसके तहत करीब 93 लाख सक्षम लोगों ने स्वेच्छा से गरीबों के हित में खाद्य सुरक्षा का लाभ छोड़ दिया।

सुमित गोदारा ने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के मार्गदर्शन में राज्य सरकार ने यह सुनिश्चित करने का प्रयास किया है कि प्रदेश का कोई भी पात्र परिवार खाद्य सुरक्षा के अधिकार से वंचित न रहे। उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम (एनएफएसए) के तहत राजस्थान में जनसंख्या के अनुपात में लगभग 4.46 करोड़ लाभार्थियों की सीमा निर्धारित है। यह सीमा पूरी हो जाने के कारण नए पात्र व्यक्तियों को योजना का लाभ नहीं मिल पा रहा था।

उन्होंने बताया कि इसी स्थिति को देखते हुए मुख्यमंत्री के निर्देश पर 1 नवम्बर 2024 से “गिव अप अभियान” शुरू किया गया। अभियान के माध्यम से सक्षम लोगों को स्वेच्छा से खाद्य सुरक्षा छोड़ने के लिए प्रेरित किया गया। इसके करीब तीन माह बाद 26 जनवरी 2025 को खाद्य सुरक्षा पोर्टल को दोबारा शुरू किया गया ताकि वंचित पात्र लोगों को योजना से जोड़ा जा सके। पोर्टल दोबारा खुलने के बाद 87 लाख 60 हजार 847 लोगों को खाद्य सुरक्षा योजना में शामिल किया गया। इससे पहले भी वर्तमान सरकार के कार्यकाल में 12 लाख 95 हजार 664 लोगों को योजना का लाभ दिया जा चुका था।

खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री ने कहा कि यह प्रदेश के इतिहास की सबसे बड़ी सामाजिक सुरक्षा उपलब्धियों में से एक है, जो गिव अप अभियान के कारण संभव हो सकी। उन्होंने बताया कि इस अभियान के तहत 93 लाख 48 हजार 596 सक्षम लोगों ने स्वेच्छा से खाद्य सुरक्षा का लाभ छोड़ दिया, जिससे पात्र और जरूरतमंद परिवारों को योजना में शामिल करने का मार्ग प्रशस्त हुआ।

गोदारा ने कहा कि इससे पहले केंद्र सरकार द्वारा उज्ज्वला योजना के तहत चलाए गए गिव अप अभियान में 1 करोड़ 16 लाख लोगों ने स्वेच्छा से सब्सिडी छोड़ी थी। उसी तर्ज पर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राजस्थान में संचालित इस अभियान ने प्रदेशवासियों को नया संबल प्रदान किया है।

उन्होंने बताया कि योजना से नए जुड़े लाभार्थियों को प्रधानमंत्री गरीब कल्याण योजना के तहत प्रति व्यक्ति 5 किलो गेहूं उपलब्ध कराया जा रहा है। इसके साथ ही उन्हें मुख्यमंत्री रसोई गैस सब्सिडी योजना, मुख्यमंत्री आयुष्मान दुर्घटना बीमा योजना तथा मुख्यमंत्री आयुष्मान आरोग्य योजना जैसी अन्य योजनाओं का लाभ भी मिल रहा है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में यह उपलब्धि सशक्त राजस्थान-समृद्ध राजस्थान के संकल्प को साकार करने की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम है।

इस बीच खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री सुमित गोदारा ने बुधवार को मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा से मुलाकात कर गिव अप अभियान के माध्यम से 1 करोड़ लोगों की खाद्य सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए उनका आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री की प्रेरणा से शुरू किया गया गिव अप अभियान गरीब लोगों के लिए वरदान साबित हुआ है और इससे बड़ी संख्या में पात्र परिवारों तक खाद्य सुरक्षा का लाभ पहुंच सका है।

Pratahkal Newsroom

Pratahkal Newsroom

प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story