राजस्थान में ईंधन की आपूर्ति सामान्य: मुख्य सचिव ने तेल कंपनियों के साथ की बैठक
मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास ने आईओसीएल, बीपीसीएल और एचपीसीएल के अधिकारियों के साथ पेट्रोल, डीजल और एलपीजी के स्टॉक और वितरण व्यवस्था की समीक्षा की।

जयपुर में राज्य के मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास के साथ तेल कंपनियों और वितरकों के प्रतिनिधि ईंधन आपूर्ति श्रृंखला की समीक्षा करते हुए।
प्रदेश के मुख्य सचिव श्री वी. श्रीनिवास ने आज खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग के सचिव श्री अम्बरीश कुमार के साथ आईओसीएल, बीपीसीएल, एचपीसीएल, जियो-बीपी एवं नायरा सहित राज्य की सभी प्रमुख तेल कंपनियों के अधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की। इस बैठक में तेल कंपनियों के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ-साथ एलपीजी डिस्ट्रीब्यूटर फेडरेशन एवं राजस्थान पेट्रोलियम डीलर्स एसोसिएशन के पदाधिकारी भी उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान मुख्य सचिव ने जिलावार स्टॉक की गहन समीक्षा की तथा राज्य में उपलब्ध व्यवस्थाओं पर संतोष व्यक्त किया। इस संबंध में जानकारी देते हुए इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन लिमिटेड के कार्यकारी निदेशक, राज्य प्रमुख एवं राजस्थान के राज्य स्तरीय समन्वयक श्री मनोज गुप्ता ने बताया कि राजस्थान में पेट्रोल, डीजल एवं एलपीजी का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है और राज्य के सभी स्थानों पर स्थिति पूरी तरह सामान्य बनी हुई है। श्री गुप्ता ने स्पष्ट किया कि वर्तमान में किसी भी प्रकार की घबराहट या उत्पादों के अनावश्यक भंडारण की आवश्यकता नहीं है।
श्री गुप्ता ने बताया कि वैश्विक स्तर पर तेल और गैस क्षेत्र को प्रभावित कर रही विभिन्न अनिश्चितताओं के बावजूद, सार्वजनिक क्षेत्र की तेल विपणन कंपनियां इंडियन ऑयल, बीपीसीएल और एचपीसीएल राजस्थान में पेट्रोल, डीजल और एलपीजी की निर्बाध आपूर्ति बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध हैं। तेल उद्योग अपने व्यापक आपूर्ति नेटवर्क, जिसमें टर्मिनल, डिपो, एलपीजी बॉटलिंग प्लांट और रिटेल आउटलेट शामिल हैं, के माध्यम से ईंधन की निरंतर उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए पूरी तरह तैयार है। सभी आउटलेट पर ईंधन वितरण निर्धारित सुरक्षा और परिचालन मानदंडों के अनुरूप बिना किसी प्रतिबंध के सुचारू रूप से चल रहा है।
पूरी आपूर्ति श्रृंखला में पेट्रोलियम उत्पादों का पर्याप्त स्टॉक मौजूद है और उपभोक्ताओं की प्राथमिक मांगों को कुशलतापूर्वक पूरा करने के लिए निरंतर पुनःपूर्ति की जा रही है। राज्यभर में घरेलू उपभोक्ताओं को एलपीजी की आपूर्ति भी सामान्य रूप से जारी है। सार्वजनिक क्षेत्र की तेल विपणन कंपनियां नागरिकों को निर्बाध ऊर्जा आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए रूट, स्टॉक की स्थिति और वितरण योजना पर समन्वित रूप से काम कर रही हैं। समग्र आपूर्ति स्थिति स्थिर है और इस पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। अंत में, श्री मनोज गुप्ता ने नागरिकों से अनुरोध किया है कि वे सामान्य रूप से खरीदारी जारी रखें और किसी भी अफवाह में आकर अनावश्यक पैनिक बाइंग न करें। उन्होंने जनता को सलाह दी कि ईंधन की उपलब्धता से संबंधित प्रामाणिक और सत्यापित जानकारी के लिए केवल तेल विपणन कंपनियों द्वारा जारी आधिकारिक सूचनाओं पर ही भरोसा करें।

