राजस्थान में बीमित कामगारों और उनके परिवारों तक स्वास्थ्य एवं सामाजिक सुरक्षा सेवाओं की पहुंच को मजबूत करने की दिशा में कर्मचारी राज्य बीमा निगम (ईएसआई) ने महत्वपूर्ण कदम उठाया है। केन्द्रीय श्रम एवं रोजगार मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया ने मंगलवार, 14 जुलाई 2026 को ईएसआई अस्पताल सनथनगर, हैदराबाद (तेलंगाना) से आयोजित कार्यक्रम के दौरान वर्चुअल माध्यम से राजस्थान सहित देश के विभिन्न राज्यों में स्थित कर्मचारी राज्य बीमा निगम की कुल सात स्वास्थ्य परियोजनाओं का उद्घाटन किया।

कोटा में आयोजित कार्यक्रम को वर्चुअली संबोधित करते हुए केन्द्रीय श्रम एवं रोजगार मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया ने कहा कि राजस्थान के कोटा के औद्योगिक क्षेत्र में स्थापित यह औषधालय एवं शाखा कार्यालय औद्योगिक क्षेत्र और उसके आसपास रहने वाले बीमाकृत श्रमिकों तथा उनके आश्रितों को स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने में प्रभावी भूमिका निभाएगा। उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं के माध्यम से बीमित कामगारों और उनके परिवारों तक स्वास्थ्य सुविधाओं की पहुंच और अधिक सुदृढ़ होगी।

कोटा में आयोजित कार्यक्रम में कोटा डिविजन कर्मचारी संघ के सचिव रविन्द्र गुप्ता, वरिष्ठ प्रबंधक विपिन रावत (मैसर्स श्रीराम रीयोन्स), मैनेजर मैसर्स मल्टिमेटल दिलीप सिंह, बीमा आयुक्त रामजी लाल मीणा, क्षेत्रीय निदेशक (प्रभारी) राजस्थान डॉ. रवि शर्मा सहित अन्य अधिकारियों की गरिमामयी उपस्थिति रही।

इसी प्रकार भवानीमंडी में आयोजित कार्यक्रम में मैसर्स राजस्थान टेक्सटाइल मिल्स, भवानीमंडी के कार्यकारी अध्यक्ष श्री रोहित अरोरा, रिको इंडस्ट्रियल एरिया, पंचपहाड़ रोड, भवानीमंडी के अध्यक्ष श्री जसविंदर सिंह होरा तथा कर्मचारी राज्य बीमा निगम की ओर से कार्यक्रम प्रभारी संयुक्त निदेशक (उप क्षेत्रीय कार्यालय, उदयपुर) श्री दीपक कुमार चैरसिया, उप निदेशक श्री सुनील कुमार, उप निदेशक श्री अशोक सांखला सहित अनेक अधिकारी उपस्थित रहे।

उद्योग नगर, कोटा और भवानीमंडी में औषधालय एवं शाखा कार्यालय की शुरुआत से बीमित व्यक्तियों और नियोजकों को चिकित्सा सेवाओं के साथ-साथ निगम की बीमा एवं प्रशासनिक सेवाओं तक अधिक सुगम पहुंच मिलेगी। कोटा और भवानीमंडी में ईएसआई औषधालयों के शुभारंभ से क्षेत्र के बीमित कामगारों तथा उनके आश्रित परिवारों के लिए स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता और मजबूत होगी। इन दोनों स्थानों पर चिकित्सा सेवाओं की पहुंच बढ़ने से ईएसआई योजना से जुड़े कामगारों और उनके परिवारों को प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा।

Next Story