नीति आयोग ने राजस्थान के शाला स्वास्थ्य अभियान और एआई आधारित मूल्यांकन प्रणाली को अन्य राज्यों के लिए अनुकरणीय मॉडल माना है।

जयपुर, 20 मई। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राजस्थान का शिक्षा क्षेत्र देशभर में नवाचारों की एक उत्कृष्ट पाठशाला के रूप में उभर रहा है, जिसे अब राष्ट्रीय स्तर पर भी आधिकारिक मान्यता मिल गई है। नीति आयोग द्वारा ‘स्कूल एजुकेशन सिस्टम इन इंडिया-टेम्पोरल एनालिसिस एण्ड पॉलिसी रौडमेप फॉर क्वालिटी इन्हेंसमेंट’ शीर्षक से जारी अपनी नवीनतम रिपोर्ट में राजस्थान के शिक्षा क्षेत्र में अपनाए गए स्वास्थ्य निगरानी और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) आधारित नवाचारों को ‘गुड स्टेट प्रैक्टिसेज’ के रूप में रेखांकित कर राजस्थान की शैक्षणिक नीतियों पर मुहर लगाई गई है। राज्य सरकार द्वारा विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास की दिशा में किए गए इन प्रयासों को नीति आयोग ने अन्य राज्यों के लिए अनुकरणीय माना है।

नीति आयोग की रिपोर्ट में राजस्थान के ‘शाला स्वास्थ्य परीक्षण अभियान’ की विशेष सराहना की गई है। इस पहल के तहत राज्य में 75 लाख से अधिक विद्यार्थियों की 70 से अधिक स्वास्थ्य मानकों पर स्क्रीनिंग सुनिश्चित की गई है। इस तकनीक आधारित मॉडल में विद्यार्थियों की दृष्टि, श्रवण क्षमता, पोषण स्तर, दंत स्वास्थ्य और शारीरिक फिटनेस जैसे विभिन्न महत्वपूर्ण पहलुओं की गहन जांच की जाती है, जिसके लिए एक प्रभावी मोबाइल ऐप आधारित फॉलो-अप प्रणाली विकसित की गई है। आयोग ने इस नवाचार को राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 की मूल भावना के अनुरूप, शिक्षा प्रणाली में स्वास्थ्य और पोषण को अनिवार्य हिस्सा बनाने की दिशा में एक अत्यंत प्रभावी कदम बताया है।

इसके अतिरिक्त, नीति आयोग ने मुख्यमंत्री शिक्षित राजस्थान अभियान के अंतर्गत संचालित ओसीआर तकनीक और एआई आधारित मूल्यांकन प्रणाली की भी भूरी-भूरी प्रशंसा की है। रिपोर्ट के अनुसार, इस अत्याधुनिक मूल्यांकन पद्धति ने 4 लाख से अधिक विद्यार्थियों को ‘लर्निंग पॉवर्टी’ के संकट से बाहर निकालने में निर्णायक भूमिका निभाई है, जिसके परिणामस्वरूप उनके अधिगम स्तर में 8 से 10 प्रतिशत का वार्षिक सुधार दर्ज किया गया है। रिपोर्ट में विशेष रूप से टोंक जिले में चल रहे ‘पढ़ाई विद एआई’ कार्यक्रम का उल्लेख किया गया है, जिसने गणित सहित अन्य विषयों में विद्यार्थियों के शैक्षणिक परिणामों को उल्लेखनीय रूप से बेहतर बनाया है। इन नवाचारों के सकारात्मक प्रभाव का ही परिणाम है कि ‘राजस्थान परख रिपोर्ट 2024’ में प्रदेश ने राष्ट्रीय औसत से बेहतर प्रदर्शन करते हुए देश के शीर्ष 10 राज्यों में अपनी जगह बनाई है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के कुशल नेतृत्व में शिक्षा, स्वास्थ्य और तकनीक का यह समन्वित उपयोग राजस्थान को नई ऊंचाइयों पर ले जा रहा है।

Pratahkal Newsroom

Pratahkal Newsroom

प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story