राजस्थान घरेलू गैस आपूर्ति हेतु पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध: सुमित गोदारा
खाद्य मंत्री ने जमाखोरी रोकने हेतु विजीलेन्स दल गठित किए और उपभोक्ताओं को 25-45 दिन के अंतराल पर बुकिंग करने के निर्देश दिए।

जयपुर, 12 मार्च। खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री श्री सुमित गोदारा ने गुरुवार को घरेलू गैस आपूर्ति पर प्रेस से वार्ता के दौरान बताया कि प्रदेश में घरेलू कुकिंग गैस (एलपीजी) का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है। घरेलू उपभोक्ताओं को गैस आपूर्ति के संबंध में आशंकित होने की कोई आवश्यकता नहीं है। उन्होंने स्पष्ट किया कि आमजन की सुगमता राज्य सरकार की प्राथमिकता है और सरकार प्रदेश के घरेलू उपभोक्ताओं को नियमित एवं सुगम गैस आपूर्ति हेतु पूरी तरह कृत संकल्पित है।
अवैध भंडारण और कालाबाजारी पर विजीलेन्स दल की पैनी नजर
मंत्री श्री गोदारा ने प्रेस वार्ता में जानकारी दी कि "अंतराष्ट्रीय घटनाक्रमों से उत्पन्न वर्तमान स्थिति में घरेलू गैस सिलेंडरों की किसी प्रकार की जमाखोरी (Hoarding) या अन्य स्त्रोतों में डायवर्जन नहीं हो यह चैक करने में समस्त जिलों में विजीलेन्स दल कार्यरत हो गए हैं।" इसके साथ ही जिलों में कलेक्टर, एसपी एवं विभागीय अधिकारियों द्वारा नियमित चैकिंग की जा रही है। जिलों में सुचारू घरेलू गैस आपूर्ति हेतु गठित की गई कमेटियों द्वारा प्राप्त दैनिक रिपोर्ट में यह तथ्य सामने आया है कि घरेलू गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी, अवैध भंडारण जैसी अवैध गतिविधियों की पूर्णतया रोकथाम प्रशासन द्वारा की गई है और प्रदेश में वर्तमान में इस तरह की कोई गतिविधि नहीं हो रही है।
गैस बुकिंग हेतु नए दिशा-निर्देश और समय सीमा
श्री गोदारा ने बताया कि अंतराष्ट्रीय घटनाओं से उत्पन्न वर्तमान स्थिति के मद्देनजर उपभोक्ताओं से यह विशेष निवेदन है कि "गैस बुकिंग शहरी क्षेत्र के उपभोक्ता द्वारा पिछली डिलीवरी के 25 दिन बाद और ग्रामीण क्षेत्र के उपभोक्ता द्वारा 45 दिन के बाद ही किया जाए।" उन्होंने यह भी सुझाव दिया कि उपभोक्ता बुकिंग केवल मोबाईल एप, बेबसाईट, Whatsapp, IVRS के माध्यम से ही करवाएं तथा गैस एजेन्सी पर जाकर बुकिंग कराने का प्रयास न करें। मंत्री ने आश्वस्त किया कि घरेलू गैस आपूर्ति के संबंध में स्थिति एकदम सामान्य है तथा गैस बुकिंग करवाने के 2-3 दिन के भीतर उपभोक्ता के घर पर गैस सिलेंडर की डिलीवरी सुनिश्चित की जाएगी।
सुरक्षित डिलीवरी के लिए ओटीपी और व्यावसायिक आपूर्ति पर प्रतिबंध
खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री ने तकनीक के उपयोग पर बल देते हुए बताया कि "घरेलू एलपीजी की सभी डिलीवरी ओटीपी के माध्यम से की जा रही है जिससे यह सुनिश्चित किया जा सके कि सिलेन्डर वास्तविक उपभोक्ता को ही प्राप्त हो।" वर्तमान स्थिति के मद्देनजर अपनाए गए मापदंड के तहत गैस एजेन्सी पर पॉइन्ट डिलीवरी को पूरी तरह बन्द कर दिया गया है। 9 मार्च 2026 के एलपीजी कंट्रोल ऑर्डर के तहत व्यावसायिक गैस सिलेंडर की आपूर्ति बंद कर दी गई है एवं माननीय मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा जी के निर्देशों के अनुसार व्यावसायिक गैस केवल शैक्षणिक एवं चिकित्सा संस्थानों को ही उपलब्ध कराई जा रही है।
शिकायत निवारण हेतु हेल्पलाइन नंबर जारी
गैस आपूर्ति में किसी भी प्रकार की परेशानी आने अथवा घरेलू गैस सिलेंडरों के संबंध में किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि की सूचना देने के लिए सरकार ने द्वार खोल दिए हैं। मंत्री श्री गोदारा ने बताया कि "उपभोक्ता तीन हेल्पलाइन नंबरों, क्रमशः 112, 14435, 181 पर शिकायत दर्ज करवा सकता है।" उन्होंने विश्वास दिलाया कि शिकायत प्राप्त होते ही प्रशासन द्वारा त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
