घरेलू एलपीजी आपूर्ति सुनिश्चित, कमर्शियल गैस सिलेंडर पर लगी रोक
खाद्य मंत्री सुमित गोदारा ने अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में 34 प्रतिशत वृद्धि और खाड़ी संकट के बीच घरेलू उपभोक्ताओं के लिए राहत की घोषणा की।

जयपुर स्थित विधानसभा परिसर में मीडिया से बातचीत करते हुए खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री सुमित गोदारा ने अंतरराष्ट्रीय आपूर्ति बाधाओं के बीच घरेलू गैस उपलब्धता सुनिश्चित करने की जानकारी दी।
जयपुर, 10 मार्च। राजस्थान की 16वीं विधानसभा का पंचम सत्र जारी है। मंगलवार को विधानसभा परिसर में मीडिया से रूबरू होते हुए खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री श्री सुमित गोदारा ने कहा कि अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर आपूर्ति बाधाओं और खाड़ी क्षेत्र में युद्ध जैसी परिस्थितियों के कारण वैश्विक ऊर्जा बाजार प्रभावित हुआ है। पिछले एक माह में अंतर्राष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में लगभग 34 प्रतिशत तक वृद्धि दर्ज की गई है।
ऑयल मार्केटिंग कंपनियों को कड़े निर्देश
उन्होंने बताया कि वर्तमान परिस्थितियों को देखते हुए ऑयल मार्केटिंग कंपनियों को निर्देश जारी किए हैं कि आम उपभोक्ताओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। सरकार ने आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत तेल कंपनियों और रिफाइनरियों को भी निर्देश दिए हैं कि घरेलू उपयोग के लिए एलपीजी सिलेंडर की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए और उसके उत्पादन में बढ़ोतरी की जाए।
कमर्शियल गैस आपूर्ति पर अस्थायी पाबंदी
श्री गोदारा ने कहा कि "केंद्रीय पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय के निर्देशानुसार स्थिति सामान्य होने तक कमर्शियल गैस सिलेंडरों की आपूर्ति पर कुछ समय के लिए अस्थायी रोक लगाई गई है। इसका मुख्य उद्देश्य यह है कि घरेलू उपभोक्ताओं को किसी प्रकार की गैस की कमी का सामना न करना पड़े।"
वैश्विक संकट और आयात पर प्रभाव
उन्होंने बताया कि भारत अपनी गैस की बड़ी मात्रा कतर सहित अन्य देशों से आयात करता है। वर्तमान में होर्मुज की खाड़ी में जहाजों की आवाजाही प्रभावित होने से वैश्विक स्तर पर आपूर्ति प्रभावित हुई है। श्री गोदारा ने विश्वास व्यक्त किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश के पास पेट्रोल और डीजल का पर्याप्त भंडार उपलब्ध है और घरेलू उपभोक्ताओं को किसी प्रकार की दिक्कत नहीं आने दी जाएगी।
रिफाइनरियों को उत्पादन बढ़ाने के आदेश
साथ ही पेट्रोलियम मंत्रालय ने रिफाइनरियों को गैस उत्पादन बढ़ाने के निर्देश भी दिए हैं, ताकि जल्द से जल्द स्थिति सामान्य हो सके।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
