जयपुर, 15 मार्च। राजस्थान दिवस सप्ताह के अवसर पर प्रदेश की कला, साहित्य और संस्कृति को प्रोत्साहन देने के उद्देश्य से आयोजित कार्यक्रमों की श्रृंखला में रविवार सुबह जयपुर स्थित जवाहर कला केन्द्र की आर्ट गैलरी में चित्र प्रदर्शनी का भव्य शुभारंभ किया गया। मुख्य सचिव वी श्रीनिवास ने अतिरिक्त मुख्य सचिव पर्यटन, कला-साहित्य एवं संस्कृति तथा पुरातत्व और जवाहर कला केन्द्र के महानिदेशक प्रवीण गुप्ता तथा उप सचिव कला-साहित्य एवं संस्कृति एवं पुरातत्व विभाग और जवाहर कला केन्द्र की अतिरिक्त महानिदेशक डॉ. अनुराधा गोगिया की उपस्थिति में इस प्रदर्शनी का उद्घाटन किया।

मुख्य सचिव ने दीप प्रज्वलित कर तीन चित्र प्रदर्शनियों का फीता काटकर शुभारंभ किया। इसके बाद उन्होंने प्रदर्शनी में लगाए गए चित्रों को बारीकी से देखा और उपस्थित कलाकारों से उनकी कृतियों के विषय में चर्चा की। उत्कृष्ट चित्रों की सराहना करते हुए उन्होंने कलाकारों का उत्साहवर्धन किया और प्रदेश की कलात्मक परंपराओं को आगे बढ़ाने की आवश्यकता पर बल दिया।

इस अवसर पर मुख्य सचिव वी श्रीनिवास ने लोक कलाकारों के प्रदर्शन की भी सराहना की और कहा कि राजस्थान दिवस के अवसर पर पर्यटन, कला-साहित्य एवं संस्कृति तथा पुरातत्व विभाग द्वारा सप्ताह भर चलने वाले कार्यक्रमों के माध्यम से प्रदेश के इतिहास, कला और संस्कृति का उत्सव मनाया जा रहा है। उन्होंने प्रदेशवासियों से अपील की कि वे इन आयोजनों में बढ़-चढ़कर भाग लें और प्रदेश की कला-साहित्य एवं संस्कृति को प्रोत्साहन दें।

उन्होंने कहा कि राजस्थान सरकार और भारत सरकार दोनों ही देश और राज्य की कला, संस्कृति और ऐतिहासिक धरोहरों को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही हैं। राज्य सरकार प्रदेश के कलाकारों को मंच प्रदान करने के लिए लगातार प्रयासरत है। कलाकारों को स्थानीय और राज्य स्तर पर प्रदर्शन के अवसर उपलब्ध कराने के साथ-साथ राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी अपनी कला प्रस्तुत करने के अवसर प्रदान किए जाएंगे।

कार्यक्रम के दौरान मुख्य सचिव ने जवाहर कला केन्द्र की ओर से राजस्थान दिवस के अवसर पर विभिन्न अकादमियों के सहयोग से आयोजित कार्यक्रमों के पोस्टर का भी विमोचन किया। इससे पहले उनके जवाहर कला केन्द्र पहुंचने पर अतिरिक्त मुख्य सचिव पर्यटन, कला-साहित्य एवं संस्कृति तथा पुरातत्व प्रवीण गुप्ता ने बुके भेंट कर उनका स्वागत किया।

अतिरिक्त मुख्य सचिव प्रवीण गुप्ता ने बताया कि राजस्थान सरकार द्वारा इस वर्ष राजस्थान दिवस को पिछले वर्ष की घोषणा के अनुसार चैत्र शुक्ल प्रतिपदा को 19 मार्च को मनाया जा रहा है। इसी के तहत प्रदेश भर में 14 मार्च से 19 मार्च तक राजस्थान दिवस सप्ताह के अंतर्गत पर्यटन, कला-साहित्य एवं संस्कृति तथा पुरातत्व विभाग द्वारा विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी श्रृंखला में रविवार को जवाहर कला केन्द्र की कला दीर्घाओं में मुख्य सचिव द्वारा तीन चित्रकला प्रदर्शनियों का उद्घाटन किया गया।

जवाहर कला केन्द्र की अतिरिक्त महानिदेशक डॉ. अनुराधा गोगिया ने बताया कि प्रदर्शनी में राजस्थान ललित कला अकादमी तथा जवाहर कला केन्द्र में आयोजित रंगरीत कार्यक्रम और अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर आयोजित महिला कलाकारों की कार्यशाला में तैयार की गई चित्र कलाकृतियों को भी प्रदर्शित किया गया है।

इस अवसर पर पर्यटन विभाग के संयुक्त निदेशक राजेश शर्मा, पुनीता सिंह, दलीप सिंह राठौड़, ललित कला अकादमी के सचिव डॉ. रजनीश हर्ष, पुरातत्व विभाग के निदेशक पंकज धरेन्द, जवाहर कला केन्द्र की वरिष्ठ लेखा अधिकारी बिंदु भोभरिया, हरशिव जोशी कला मेला संयोजक नाथूलाल वर्मा, मनीष शर्मा, विनय शर्मा, राजेन्द्र प्रसाद सहित वरिष्ठ कलाकार और बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।

डॉ. अनुराधा गोगिया ने बताया कि राजस्थान दिवस के अवसर पर 16 मार्च को सुबह 11 बजे से सुरेख कलादीर्घा में राजस्थान ललित कला अकादमी द्वारा एक और चित्र प्रदर्शनी का शुभारंभ किया जाएगा, जो 19 मार्च तक आम दर्शकों के अवलोकन के लिए उपलब्ध रहेगी। इसी दिन शाम 6 बजे जवाहर कला केन्द्र के रंगायन सभागार में श्री रजब अली भारती द्वारा गीत और ग़ज़ल की प्रस्तुति दी जाएगी। इसके पश्चात पद्मश्री से सम्मानित हुसैन बंधु, उस्ताद अहमद हुसैन और उस्ताद मोहम्मद हुसैन, भजन गायन की प्रस्तुति देंगे। राजस्थान दिवस सप्ताह के ये आयोजन प्रदेश की समृद्ध सांस्कृतिक परंपरा और कला विरासत को नई ऊर्जा देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माने जा रहे हैं।

Ruturaj Ravan

Ruturaj Ravan

यह प्रातःकाल मल्टीमीडिया में वेबसाइट मैनेजर और सोशल मीडिया एक्जीक्यूटिव के रूप में कार्यरत हैं, और पिछले तीन वर्षों से पत्रकारिता व डिजिटल मीडिया में सक्रिय हैं। इससे पूर्व उन्होंने दैनिक प्रहार में वेबसाइट प्रबंधन और सोशल मीडिया के लिए रचनात्मक कंटेंट निर्माण और रणनीतियों में अनुभव अर्जित किया। इन्होंने कोल्हापुर के छत्रपति शिवाजी महाराज विश्वविद्यालय से स्नातक और हैदराबाद के सत्या इंस्टीट्यूट से उच्च शिक्षा पूरी की। इन्हें SEO मैनेजमेंट, सोशल मीडिया और उससे संबंधित रणनीतियाँ तैयार करने में व्यापक अनुभव है।

Next Story