राजस्थान दिवस 2026: जयपुर में नेचर हाइक और हैरिटेज वॉक से उत्सव का आगाज
पर्यटन विभाग और जयपुर विरासत फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में अरावली और पुराने शहर में आयोजित गतिविधियों से शहरवासियों ने संस्कृति और प्रकृति का अनुभव किया।

राजस्थान दिवस 2026 के उपलक्ष्य में जयपुर के आमेर स्थित खेडी गेट से सागर लेक तक आयोजित नेचर हाइक के दौरान अरावली की पहाड़ियों पर ट्रेकिंग करते प्रतिभागी।
जयपुर, 18 मार्च। राजस्थान दिवस 2026 के अवसर पर आज जयपुर में सुबह की शुरुआत प्रकृति, विरासत और जनभागीदारी से जुड़े आयोजनों के साथ हुई। राजधानी के विभिन्न हिस्सों में आयोजित गतिविधियों ने शहरवासियों और पर्यटकों को एक अनूठा अनुभव प्रदान किया।
अरावली की वादियों में नेचर हाइक का रोमांच
राजस्थान पर्यटन विभाग के तत्वावधान में हन्टर हाइकर्स के सहयोग से आयोजित नेचर हाइक ने दिन की शुरुआत को ताजगी और ऊर्जा से भर दिया। प्रातः 6:45 बजे खेडी गेट से सागर लेक (आमेर) तक आयोजित इस हाइक में प्रतिभागियों ने अरावली की गोद में प्रकृति और इतिहास का संगम महसूस किया। मॉर्निंग ट्रेल्स और हेरिटेज रूट्स पर चलते हुए प्रतिभागियों ने प्रतिष्ठित मार्गों—गढ़ गणेश मंदिर से गैटोर की छतरियां तथा खेडी गेट से सागर लेक—का अनुभव किया, जहां प्राकृतिक सौंदर्य, ऐतिहासिक धरोहर और विहंगम दृश्य एक साथ नजर आए।
गुलाबी नगरी की गलियों में विरासत का सफर
इसी क्रम में जयपुर विरासत फाउंडेशन के सहयोग से आयोजित हैरिटेज वॉक ने गुलाबी नगरी के इतिहास और संस्कृति को जीवंत कर दिया। प्रातः 7:00 बजे पुराने शहर में आयोजित इस वॉक में प्रतिभागियों ने उन कहानियों को करीब से जाना, जो जयपुर के हर कोने में अंकित हैं। यह यात्रा केवल दर्शनीय स्थलों तक सीमित नहीं रही, बल्कि छिपी गलियों, अनूठे स्थापत्य और प्राचीन मंदिरों के माध्यम से शहर की आत्मा को समझने का अवसर बनी। "हर कदम पर इतिहास, संस्कृति और जयपुर के स्थायी आकर्षण का अनुभव प्रतिभागियों के लिए विशेष रहा।"
अल्बर्ट हॉल पर सुरों का महासंगम
गौरतलब है कि राजस्थान दिवस समारोह के अंतर्गत 19 मार्च को शाम 7:00 बजे अल्बर्ट हॉल म्यूजियम, जयपुर में एक भव्य सांस्कृतिक संध्या का आयोजन किया जाएगा। इस अवसर पर पद्मश्री सम्मानित लोक कलाकार तगाराम भील और अनवर खान मांगणियार अपनी प्रस्तुतियों से मरुस्थलीय लोक संगीत की समृद्ध परंपरा को जीवंत करेंगे। "उनकी सशक्त धुनें और पारंपरिक संगीत दर्शकों को संस्कृति, जुनून और विरासत से भरी एक अविस्मरणीय शाम का अनुभव कराएंगी।"

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
