राजस्थान दिवस 2026: प्रदेश में 14 से 19 मार्च तक आयोजित होंगे सांस्कृतिक कार्यक्रम
अतिरिक्त मुख्य सचिव प्रवीण गुप्ता ने दी जानकारी, कला-साहित्य एवं पुरातत्व विभाग द्वारा पूरे सप्ताह राज्यभर में लोककला और साहित्यिक उत्सवों का होगा आयोजन।

जयपुर। राजस्थान दिवस के गौरवमयी अवसर पर इस वर्ष प्रदेश भर में उत्सव का माहौल रहेगा। अतिरिक्त मुख्य सचिव पर्यटन, कला-साहित्य एवं संस्कृति तथा पुरातत्व प्रवीण गुप्ता ने बताया कि राजस्थान दिवस के उपलक्ष्य में राज्य सरकार के कला-साहित्य एवं संस्कृति तथा पुरातत्व विभाग द्वारा 14 से 19 मार्च 2026 तक पूरे सप्ताह राज्यभर में विविध सांस्कृतिक, साहित्यिक और लोककला से जुड़े कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। अतिरिक्त सचिव ने जानकारी दी कि इन कार्यक्रमों के माध्यम से प्रदेश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, लोक परंपराओं, साहित्यिक गतिविधियों और कला परंपराओं को व्यापक स्तर पर प्रदर्शित किया जाना तय किया गया है, जिससे राजस्थान की कला एवं संस्कृति को बढ़ावा मिलने के साथ ही कलाकारों, साहित्यकारों और विद्वानों को एक सशक्त मंच प्राप्त हो सकेगा।
सांस्कृतिक विरासत और कला का अनूठा संगम
कला-साहित्य एवं संस्कृति तथा पुरातत्व विभाग की उप सचिव अनुराधा गोगिया के अनुसार विभाग के अधीन पुरातत्व विभाग, साहित्य एवं कला अकादमियों और विभिन्न मंचों के माध्यम से संगीत, नाटक, लोककला, साहित्य, चित्रकला प्रदर्शनी, कार्यशालाएं और संगोष्ठियां आयोजित होंगी। पुरातत्व एवं संग्रहालय विभाग द्वारा जयपुर स्थित राजकीय संग्रहालय, आमेर महल, नाहरगढ़ दुर्ग, हवा महल, अल्बर्ट हॉल तथा गांधी वाटिका सहित विभिन्न स्थलों पर 17 से 19 मार्च तक तीन दिवसीय समारोह के अंतर्गत विविध सांस्कृतिक गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। इसी अवधि में राजस्थान प्राच्य विद्या प्रतिष्ठान, जोधपुर द्वारा विभागीय शोध एवं ऐतिहासिक महत्व के प्रकाशनों की प्रदर्शनी लगाई जाएगी। अतिरिक्त मुख्य सचिव प्रवीण गुप्ता ने बताया कि राजस्थान दिवस के उपलक्ष्य में 14 से 19 मार्च 2026 तक पूरे सप्ताह राज्यभर में विविध सांस्कृतिक, साहित्यिक और लोककला से जुड़े कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा।
जवाहर कला केन्द्र में आयोजनों की विस्तृत श्रृंखला
जयपुर स्थित जवाहर कला केंद्र में राजस्थान ललित कला अकादमी, पर्यटन विभाग, निदेशालय राजस्थान राज्य अभिलेखागार, राजस्थान सिंधी अकादमी, जयपुर कथक केंद्र और राष्ट्रीय नाट्य विद्यालय नई दिल्ली के सहयोग से आयोजनों की धूम रहेगी। 15 मार्च को सुदर्शना दीर्घा में चित्रों की प्रदर्शनी और कृष्णायन सभागार में पद्मश्री उस्ताद गफरूद्दीन खान मेवाती द्वारा "पन्डून का कड़ा" (भपंग वादन व गायन) की प्रस्तुति होगी। ललित कला अकादमी द्वारा सुकृति और सुरेख दीर्घा में 15 से 19 मार्च तक दैनिक चित्र प्रदर्शनी आयोजित की जाएगी। वहीं, राजस्थान राज्य अभिलेखागार बीकानेर द्वारा 17 से 19 मार्च तक अलंकार दीर्घा में राजपूताना की रियासतों के ऐतिहासिक एवं प्रशासनिक महत्व के अभिलेखों और पांडुलिपियों की प्रदर्शनी लगाई जाएगी।
शिल्पग्राम में 15 से 19 मार्च तक प्रतिदिन लोक कला प्रस्तुतियां होंगी। 16 मार्च को रंगायन सभागार में रजब अली भारती एवं समूह तथा पद्मश्री उस्ताद अहमद हुसैन व उस्ताद मोहम्मद हुसैन द्वारा गीत, गजल एवं भजन गायन प्रस्तुत किया जाएगा। 17 मार्च को स्व. ज्योति स्वरूप पर केंद्रित विचार गोष्ठी और मध्यवर्ति में राष्ट्रीय नाट्य विद्यालय द्वारा "समुद्र मंथन" नाटक का मंचन होगा। जवाहर कला केंद्र के शिल्पग्राम में 17 से 21 मार्च तक राजस्थान ललित कला अकादमी द्वारा क्यूरेटेड 25वें कला मेले का आयोजन किया जाएगा, जिसमें लगभग 500 से 700 कलाकारों की प्रत्यक्ष भागीदारी रहेगी।
संगीत, नृत्य और विविध अकादमियों के विशिष्ट कार्यक्रम
18 मार्च को कृष्णायन सभागार में डॉ. विजयेन्द्र गौतम द्वारा "मॉर्निंग रागा" और शाम को शिल्पग्राम में सिंधी भगत की प्रस्तुति होगी। मध्यवर्ति में जयपुर कथक केन्द्र द्वारा कथक फ्यूजन और मनदीप रमाना व अतुल राव का राजस्थानी बैंड परफॉर्मेन्स होगा। 19 मार्च को सुबह पंडित आनंद वैद्य का गायन और शाम को गोविन्द सिंह भाटी व शैरॉन राजन द्वारा "रेतीला बैंड" की प्रस्तुति दी जाएगी। टोंक स्थित मौलाना अबुल कलाम आजाद अरबी-फारसी शोध संस्थान में 17 से 19 मार्च तक राष्ट्रीय स्तर की कैलीग्राफी प्रदर्शनी और कार्यशाला आयोजित होगी। रवीन्द्र मंच जयपुर में 18 मार्च को नाटक मंचन होगा और भारतीय लोक कला मंडल उदयपुर द्वारा "स्वामी विवेकानन्द" कठपुतली नाटिका का प्रदर्शन किया जाएगा।
साहित्यिक उत्सव और अकादमियों की सहभागिता
भारतीय साहित्य अकादमी जयपुर द्वारा 17 से 19 मार्च तक तीन दिवसीय "विजयदान देथा साहित्यिक उत्सव-2026" का आयोजन होगा। राजस्थान उर्दू अकादमी द्वारा कैलीग्राफी वर्कशॉप और माढ़ गायिकी, जबकि राजस्थान ब्रजभाषा अकादमी द्वारा ब्रजभाषा महोत्सव तथा साहित्यकार सम्मान समारोह आयोजित किया जाएगा। बीकानेर में राजस्थानी भाषा, साहित्य एवं संस्कृति अकादमी द्वारा "आधुनिक राजस्थानी साहित्य: दसा अर दिसा" विषय पर संगोष्ठी होगी। जोधपुर में राजस्थान संगीत नाटक अकादमी द्वारा "लोकानुरंजन मेला" आयोजित होगा। संस्कृत अकादमी द्वारा दीक्षांत समारोह, विद्वान सम्मान और यज्ञ कार्यक्रम किए जाएंगे। श्रीगंगानगर में पंजाबी भाषा अकादमी द्वारा कवि सम्मेलन, सांस्कृतिक कार्यक्रम और चित्रकला प्रदर्शनी के माध्यम से राजस्थान दिवस का उत्सव मनाया जाएगा।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
