राजस्थान: 300 करोड़ रुपये से होगा 200 बांधों और तालाबों का जीर्णोद्धार
जल संसाधन मंत्री सुरेश सिंह रावत ने विधानसभा में दी जानकारी, प्रथम चरण में 200 जल संरचनाओं के सुधार के लिए बजट स्वीकृत।

जयपुर, 18 फरवरी। जल संसाधन मंत्री श्री सुरेश सिंह रावत ने बुधवार को विधानसभा में कहा कि मुख्यमंत्री श्री भजनलाल की पहल पर प्रदेश के जीर्ण-शीर्ण अवस्था के बांधों और तालाबों के जीर्णोंद्धार के उद्देश्य से वर्ष 2026-27 में प्रथम चरण में लगभग 200 बांधों और तालाबों के जीर्णोद्धार के लिए 300 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं।
विधानसभा में प्रश्नकाल के दौरान जवाब
जल संसाधन मंत्री श्री रावत प्रश्नकाल के दौरान सदस्य श्री घनश्याम द्वारा इस संबंध में पूछे गए पूरक प्रश्नों का जवाब दे रहे थे। उन्होंने कहा कि:
- "टोडाभीम के बिशन समंद बांध एवं नहर का निर्माण कार्य वर्ष 2027 तक पूर्ण होना प्रस्तावित है।"
बिशन समंद बांध: वित्तीय और तकनीकी विवरण
मंत्री जी ने बिशन समंद बांध एवं नहर के निर्माण के संबंध में निम्नलिखित महत्वपूर्ण तिथियां और आंकड़े साझा किए:
- प्रशासनिक एवं 229.69 लाख रुपये की वित्तीय स्वीकृति 12 अगस्त 2025 को जारी की गई।
- 30 अगस्त 2025 को प्रथम निविदा आमंत्रित की गई थी, जिसमें किसी भी बिडर द्वारा भाग नहीं लिया गया।
- विभाग द्वारा निविदा को पुन: आमंत्रित कर 24 नवम्बर 2025 को इसके तकनीकी मूल्यांकन उपरांत वर्क ऑर्डर देकर धरातल पर कार्य शुरू कर दिया गया है।
बजट घोषणा और कार्यादेश की स्थिति
इससे पहले विधायक श्री घनश्याम के मूल प्रश्न के लिखित जवाब में जल संसाधन मंत्री ने बताया कि:
"टोडाभीम में बिशनसमंद बांध की नहर के जीर्णोद्धार कार्य के लिए की गई बजट घोषणा वर्ष 2025-26 के तहत 4 फरवरी 2026 को कार्यादेश जारी किया जा चुका है।"

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
