राजस्थान में 'साइबर सुरक्षित' जन-जागरूकता अभियान, DGP ने दिए निर्देश
डिजिटल अरेस्ट और ऑनलाइन ठगी रोकने के लिए पूरे प्रदेश में चलेगा विशेष अभियान, वरिष्ठ नागरिकों व छात्रों पर रहेगा मुख्य ध्यान।

तस्वीर में पुलिस अधिकारी एक कांफ्रेंस हॉल में बैठकर अंतरराज्यीय समन्वय बैठक करते हुए दिख रहे हैं।
राजस्थान में सितंबर 2026 को “साइबर सुरक्षित राजस्थान” जन-जागरूकता माह के रूप में मनाया जाएगा। DGP राजस्थान श्री राजीव कुमार शर्मा के निर्देश पर पूरे प्रदेश में ऑनलाइन ठगी, डिजिटल अरेस्ट और इन्वेस्टमेंट स्कैम सहित विभिन्न साइबर अपराधों से बचाव के लिए व्यापक जन-जागरूकता अभियान चलाया जाएगा।
अभियान की मॉनिटरिंग के लिए R4C स्तर पर राज्य नोडल अधिकारी और प्रत्येक जिले में ASP स्तर के नोडल अधिकारी जिम्मेदारी संभालेंगे। अभियान के तहत पेंशनर्स एवं वरिष्ठ नागरिकों को डिजिटल अरेस्ट, इन्वेस्टमेंट स्कैम सहित विभिन्न साइबर अपराधों से बचाव के लिए विशेष रूप से जागरूक किया जाएगा।
स्कूल, कॉलेज और विश्वविद्यालयों में साइबर सुरक्षा को लेकर व्याख्यान, कार्यशालाएं, क्विज, सेमिनार एवं प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। विद्यार्थियों की मानव श्रृंखला के जरिए भी साइबर सुरक्षा का संदेश प्रदेशभर में पहुंचाया जाएगा।
बाजारों, बस स्टैंड, रेलवे-मेट्रो स्टेशन एवं धार्मिक-पर्यटन स्थलों पर नुक्कड़ नाटक, स्टॉल तथा ऑडियो-वीडियो संदेशों के माध्यम से आमजन को साइबर अपराधों से बचाव के प्रति जागरूक किया जाएगा। अभियान में Cyber Volunteers, NSS और NCC कैडेट्स को भी जोड़ा जाएगा, जिससे युवाओं की भागीदारी सुनिश्चित हो सके।
साइबर सुरक्षा का संदेश आमजन तक पहुंचाने के लिए मैराथन एवं साइकिल रैलियों का आयोजन भी किया जाएगा। अभियान को गांव-गांव तक पहुंचाने के लिए पंचायती राज विभाग, डाक विभाग, सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स, FM, TV और सिनेमा हॉल के माध्यम से हिंदी एवं क्षेत्रीय भाषाओं में व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाएगा। सितंबर 2026 में प्रस्तावित यह अभियान ऑनलाइन ठगी, डिजिटल अरेस्ट और इन्वेस्टमेंट स्कैम जैसे साइबर अपराधों के प्रति प्रदेशभर में जागरूकता बढ़ाने पर केंद्रित रहेगा।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
