राजस्थान की विभिन्न सहकारी संस्थाओं में रिक्त पदों पर भर्ती प्रक्रिया जल्द शुरू होने जा रही है। इस संबंध में गुरुवार, 26 नवंबर को जयपुर स्थित शासन सचिवालय में सहकारिता विभाग के शासन सचिव की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में राजस्थान राज्य सहकारी भर्ती बोर्ड के माध्यम से प्रस्तावित भर्तियों की प्रगति और आगामी कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा कर भर्ती प्रक्रिया शीघ्र शुरू करने के निर्देश दिए गए।

शासन सचिव ने प्राथमिक भूमि विकास बैंकों (पीएलडीबी), राज्य भूमि विकास बैंक (एसएलडीबी), राजस्थान सहकारी डेयरी संघ (आरसीडीएफ), शहरी सहकारी बैंकों, पैक्स/लैम्प्स और ऋण पर्यवेक्षकों सहित विभिन्न सहकारी संस्थाओं में रिक्त पदों की स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने सभी संबंधित संस्थाओं को आपसी समन्वय स्थापित कर रिक्त पदों का अद्यतन विवरण उपलब्ध कराने के निर्देश दिए, ताकि भर्ती से जुड़ी आवश्यक कार्यवाही बिना किसी देरी के पूरी की जा सके।

बैठक में शासन सचिव ने राजस्थान सहकारी डेयरी संघ (आरसीडीएफ) और संबंधित शीर्ष सहकारी संस्थाओं को आपसी समन्वय से बैठक आयोजित कर सभी रिक्त पदों की वर्गवार (कैटेगरी वाइज) जानकारी तत्काल संकलित करने और उनका आकलन करने के लिए कहा। इसके साथ ही राजस्थान राज्य सहकारी भर्ती बोर्ड को बैंकिंग कार्मिक चयन संस्थान (आईबीपीएस) के साथ समन्वय स्थापित कर परीक्षा आयोजन और भर्ती प्रक्रिया को जल्द आगे बढ़ाने के निर्देश दिए।

शासन सचिव ने स्पष्ट किया कि भर्ती प्रक्रिया के प्रत्येक चरण में पारदर्शिता, निष्पक्षता और समयबद्धता सुनिश्चित की जाए। उन्होंने सभी संबंधित संस्थाओं को आवश्यक सूचनाएं उपलब्ध कराने और प्रस्तावित कार्यवाही निर्धारित समयावधि में पूरी करने के निर्देश दिए। इसका उद्देश्य सहकारी संस्थाओं में आवश्यक मानव संसाधन की उपलब्धता सुनिश्चित करने के साथ उनके कार्यों का प्रभावी संचालन बनाए रखना है।

समीक्षा बैठक में निदेशक, राइसेम एवं सदस्य सचिव, राजस्थान सहकारी भर्ती बोर्ड, प्रबंध निदेशक, राज्य भूमि विकास बैंक, प्रबंध निदेशक, अपेक्स बैंक सहित सहकारिता विभाग के प्रधान कार्यालय से अतिरिक्त रजिस्ट्रार (मॉनिटरिंग), अतिरिक्त रजिस्ट्रार (मार्केटिंग), अतिरिक्त रजिस्ट्रार (द्वितीय), अतिरिक्त रजिस्ट्रार (बैंकिंग), संयुक्त रजिस्ट्रार (यूसीबी) और अन्य संबंधित फंक्शनल अधिकारी उपस्थित रहे।

Next Story