सहकारिता विभाग में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से बैठकें, ईंधन और समय की होगी बचत
ईंधन खपत कम करने की अपील के बाद सहकारिता विभाग ने प्रशासनिक बैठकों और कानूनी सुनवाइयों को ऑनलाइन किया, जिससे धन और श्रम की बचत होगी।

प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी एवं मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा की ईंधन खपत में संयम बरतने की अपील के अनुरूप सहकारिता विभाग ने प्रशासनिक कार्यप्रणाली में डिजिटल बदलाव को तेज करते हुए ईंधन बचत और स्मार्ट गवर्नेंस की दिशा में विशेष पहल शुरू की है। शासन सचिव एवं रजिस्ट्रार श्री समित शर्मा की पहल पर विभाग की अधिकांश विभागीय बैठकें अब वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजित की जा रही हैं, जिससे वाहनों के अनावश्यक आवागमन में कमी आने के साथ ईंधन की बचत सुनिश्चित हो रही है।
विभाग द्वारा शासन सचिवालय स्थित शासन सचिव के कक्ष में आधुनिक वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग सिस्टम स्थापित किया गया है, जिसके माध्यम से नियमित समीक्षा बैठकें, योजनाओं की प्रगति की मॉनिटरिंग, विभिन्न गतिविधियों की समीक्षा तथा प्रशासनिक निर्देश ऑनलाइन दिए जा रहे हैं। इस व्यवस्था से अधिकारियों एवं कर्मचारियों को बार-बार सचिवालय आने की आवश्यकता समाप्त हो गई है, जिससे समय, धन एवं श्रम की उल्लेखनीय बचत हो रही है। इस पहल से जयपुर स्थित अधिकारियों के साथ-साथ प्रदेश के विभिन्न जिलों में कार्यरत अधिकारी भी सीधे वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठकों में भाग ले रहे हैं, जिससे दूरस्थ जिलों से यात्रा की आवश्यकता भी काफी कम हो गई है।
इसी क्रम में राजस्थान सहकारी अधिनियम, 2001 की धारा 104 व 107 के अंतर्गत की जाने वाली अपील निगरानी प्रकरणों की सुनवाई भी अब वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से की जा रही है। इन प्रकरणों में राजकीय अधिकारी अपना पक्ष भी ऑनलाइन माध्यम से प्रस्तुत कर रहे हैं। अन्य सुनवाइयों को भी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजित करने की प्रक्रिया जारी है।
शासन सचिव डॉ. शर्मा ने कहा कि विभाग डिजिटल एवं स्मार्ट प्रशासन की दिशा में निरंतर कार्य कर रहा है, जिससे कम संसाधनों में अधिक परिणाम प्राप्त हो रहे हैं। उन्होंने विभागीय अधिकारियों से अधिकाधिक बैठकों को ऑनलाइन माध्यम से आयोजित करने का आह्वान किया, जिससे ईंधन, समय और संसाधनों की व्यापक बचत सुनिश्चित की जा सके। यह पहल प्रशासनिक दक्षता के साथ-साथ आधुनिक शासन प्रणाली की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
