जयपुर, 20 मई। भीषण गर्मी के प्रकोप से बेजुबान पशु-पक्षियों को राहत प्रदान करने के उद्देश्य से सहकारिता विभाग ने एक अत्यंत संवेदनशील एवं सराहनीय पहल की है। सहकारिता मंत्री की प्रेरणा से पूरे राजस्थान में 'परिंडा बांधो अभियान' का विधिवत शुभारंभ किया गया है। इसी क्रम में, सहकारिता राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री गौतम कुमार दक ने बुधवार को राजस्थान राज्य सहकारी बैंक (अपेक्स बैंक) परिसर में स्वयं परिंडा बांधकर इस पुनीत अभियान का आगाज किया। इस अभियान के तहत राज्य भर के समस्त विभागीय कार्यालयों, शीर्ष एवं केन्द्रीय सहकारी संस्थाओं, सहकारी बैंक शाखाओं, केवीएसएस तथा ग्राम सेवा सहकारी समितियों के परिसरों, भवनों की छतों, वृक्षों की शाखाओं एवं सुरक्षित छायादार स्थानों पर मिट्टी के परिंडे और जल पात्र स्थापित किए जाएंगे, साथ ही पक्षियों के लिए नियमित चुग्गे की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाएगी।

अभियान की सार्थकता को धरातल पर उतारने हेतु विभाग के शासन सचिव एवं रजिस्ट्रार, सहकारी समितियां डॉ. समित शर्मा ने बुधवार को शासन सचिवालय एवं नेहरू सहकार भवन में अधिकारियों व कर्मचारियों के साथ मिलकर परिंडे बांधे। शासन सचिव ने स्पष्ट निर्देश दिए कि विभाग अपने व्यापक नेटवर्क के माध्यम से इस पहल को एक जन-आंदोलन का रूप देगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि स्थापित परिंडों एवं जल पात्रों की प्रतिदिन नियमित सफाई की जाए और उनमें स्वच्छ पेयजल भरा जाए। जल को प्रतिदिन बदला जाए ताकि संदूषण न फैले और मच्छरों अथवा जलजनित बीमारियों की कोई आशंका न रहे। इसके साथ ही चुग्गा पात्रों में भी पक्षियों के लिए नियमित रूप से दाना डालने की पुख्ता व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए हैं।

सहकारिता विभाग ने जनप्रतिनिधियों, भामाशाहों, स्वयंसेवी संस्थाओं तथा आमजन से भी इस मानवीय कार्य में सक्रिय सहभागिता निभाने का आह्वान किया है। इस अभियान के माध्यम से सहकारी समितियों से जुड़े किसानों, पशुपालकों एवं नागरिकों को अपने घरों, खेतों एवं सार्वजनिक स्थलों पर परिंडे बांधने व जल पात्र रखने के लिए प्रेरित किया जाएगा। अभियान के व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए सोशल मीडिया, स्थानीय मीडिया एवं जनसंपर्क के अन्य साधनों का प्रभावी उपयोग सुनिश्चित किया जाएगा।

शासन सचिव ने भारतीय संविधान का स्मरण कराते हुए कहा कि प्राकृतिक पर्यावरण एवं जीव-जंतुओं का संरक्षण प्रत्येक नागरिक का मूल कर्तव्य है और राजस्थान की समृद्ध सांस्कृतिक परंपराएं सदैव जीव-दया, करुणा एवं पर्यावरण संरक्षण को प्रोत्साहित करती रही हैं। सहकारिता विभाग का यह प्रयास केवल मूक पशु-पक्षियों को राहत देने तक ही सीमित नहीं है, बल्कि यह समाज में संवेदनशीलता, करुणा एवं पर्यावरण के प्रति जागरूकता बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

इस अभियान के समानांतर, विभाग ने आगंतुकों की सुविधा का भी विशेष ध्यान रखा है। शासन सचिव ने समस्त सहकारी समितियों एवं कार्यालयों को निर्देशित किया है कि कार्यालयों में आने वाले किसानों, उपभोक्ताओं एवं आमजन के लिए स्वच्छ व शीतल पेयजल की समुचित व्यवस्था की जाए। साथ ही, प्रत्येक कार्यालय व समिति परिसर में छायादार विश्राम स्थल बनाने, बैठने हेतु पर्याप्त सुविधाएं उपलब्ध कराने एवं भीषण गर्मी से राहत के लिए आवश्यक प्रबंध करने के निर्देश दिए गए हैं। विभाग की प्राथमिकता आमजन की सुविधा एवं स्वास्थ्य है, जिसके लिए अधिकारियों एवं कर्मचारियों से मानवीय संवेदनाओं को प्राथमिकता देते हुए सक्रिय योगदान की अपेक्षा की गई है।

Pratahkal Newsroom

Pratahkal Newsroom

प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story