सहकार नेता आमेरा ने मुख्य सचिव को सौंपा ज्ञापन, बकाया भुगतान की मांग
सहकारी बैंकों के 1401 करोड़ रुपये के बकाया क्लेम भुगतान और वित्तीय संकट को लेकर 4 और 9 फरवरी को प्रदेशव्यापी आंदोलन की चेतावनी।

जयपुर में मुख्य सचिव श्री निवासन को सहकारी बैंकों के बकाया भुगतान हेतु ज्ञापन सौंपते सहकार नेता सूरज भान सिंह आमेरा और अन्य पदाधिकारी।
जयपुर, 2 फ़रवरी: ऑल राजस्थान कोआपरेटिव बैंक एम्प्लाईज यूनियन, ऑफिसर्स एसोसिएशन के प्रान्तीय महासचिव, एवं सहकारी साख समितियां एम्प्लाईज यूनियन के प्रान्तीय अध्यक्ष सहकार नेता सूरज भान सिंह आमेरा ने आज मुख्य सचिव श्री निवासन से मुलाकात की।
बकाया भुगतान की मांग और मुख्य सचिव को ज्ञापन
आमेरा ने मुख्य सचिव को राज्य सरकार में सहकारी बैंकों के ऋण माफ़ी ब्याज के बकाया 765.56 करोड़ राशि का भुगतान करने के लिए ज्ञापन सौंपा। साथ ही ऋण वितरण पर ब्याज अनुदान के बकाया 635.98 करोड़ राशि का शीघ्र भुगतान करने की मांग की।
"आमेरा ने मुख्य सचिव को सहकारी बैंकों के सरकार में बकाया राशि 1401.56 करोड़ रुपये के बकाया क्लेम भुगतान नहीं करने से बैंकों की बिगड़ती वित्तीय स्थिति, 11 सीसीबी के घाटे में आने, सीआरएआर गिरने से नाबार्ड द्वारा फसली ऋण पुनर्वित्त रोक लगाने, किसानो को समुचित ऋण उपलब्ध नहीं होने तथा पैक्स से अपैक्स तक सहकारी साख व्यवस्था बाधित होने की चिंताजनक स्थिति से अवगत करवाया।"
वित्तीय संकट और बजट से अपेक्षाएं
आमेरा ने मुख्य सचिव को ज्ञापन के माध्यम से राज्य सरकार से बजट में सहकारी बैंकों के बकाया 1401.56 रुपये का भुगतान जारी करवाने की मांग उठाई है। अन्यथा स्थिति में बैंक की लेखा पुस्तकों में प्रावधान करने से वित्तीय वर्ष की समाप्ति पर प्रदेश के सभी 29 केंद्रीय सहकारी बैंकों के घाटे में आने से किसानों के लिए पैक्स से अपैक्स तक सहकारी ऋण व्यवस्था चोपट हो जाएगी।
आंदोलन की घोषणा: जिला मुख्यालय और जयपुर में धरना
बैंकों की बिगड़ती आर्थिक स्थिति पर पैक्स से अपैक्स तक कार्मिको के असंतोष से संगठनात्मक आंदोलन की रूपरेखा तैयार की गई है:
- 4 फ़रवरी को सभी सीसीबी जिला मुख्यालय पर धरना प्रदर्शन होगा।
- 9 फ़रवरी को सहकार भवन जयपुर पर सहकारी बैंक कर्मियों का प्रान्तीय धरना प्रदर्शन आयोजित कर बजट पूर्व सरकार का ध्यानाकर्षण किया जाएगा।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
