मुख्यमंत्री ने 84,282 करोड़ की परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की
भजनलाल शर्मा ने पावरग्रिड, रिफाइनरी और कौशल विकास कार्यों की समय सीमा तय की और लापरवाही पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने की 84 हजार 282 करोड़ रुपये की परियोजनाओं पर प्रगति की समीक्षा
जयपुर, 20 फरवरी। मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि हमारी सरकार जन सेवा को सर्वोपरि मानकर कार्य कर रही है। अधिकारी जनता की समस्याओं को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए उनका त्वरित समाधान सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि कार्मिक निष्ठा से अपने राजकीय दायित्वों का निर्वहन करें। इसमें किसी भी तरह की लापरवाही पाए जाने पर जिम्मेदारों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
श्री शर्मा शुक्रवार को मुख्यमंत्री कार्यालय में राज-उन्नति की बैठक को वीसी के माध्यम से संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने विभिन्न विभागों की 84 हजार 282 करोड़ रुपये की परियोजनाओं और योजनाओं पर चर्चा की तथा अधिकारियों को इनके क्रियान्वयन के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए। उन्होंने कहा कि अधिकारी तय समय में विकास कार्यों का क्रियान्वयन सुनिश्चित करें, जिससे परियोजनाओं की लागत में वृद्धि ना हो तथा जनता को राहत मिले।

