राजस्थान: मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने सोमनाथ यात्रा को दिखाई हरी झंडी
वरिष्ठ नागरिक तीर्थ यात्रा योजना के तहत दुर्गापुरा स्टेशन से विशेष ट्रेन रवाना। मुख्यमंत्री ने बुजुर्गों के कल्याण और धार्मिक पर्यटन के महत्व पर दिया जोर।

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने शुक्रवार को दुर्गापुरा रेलवे स्टेशन पर आयोजित एक विशेष समारोह में वरिष्ठ नागरिक तीर्थ यात्रा योजना के अंतर्गत सोमनाथ यात्रा का विधिवत शुभारंभ किया। मुख्यमंत्री ने ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया और तीर्थयात्रियों से भेंट कर उनकी सुखद यात्रा के लिए मंगलकामनाएं व्यक्त कीं। इस यात्रा के माध्यम से प्रदेश के श्रद्धालु सोमनाथ ज्योतिर्लिंग के साथ ही द्वारका एवं नागेश्वर धाम के दर्शन भी कर सकेंगे।
समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार वृद्धजनों के कल्याण एवं धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए पूर्णतः प्रतिबद्ध है। वरिष्ठ नागरिक तीर्थ यात्रा योजना बुजुर्गों की तीर्थाटन की चिर-अभिलाषा को साकार करने का एक सशक्त माध्यम बन चुकी है। इस योजना के सफल संचालन से अब तक एक लाख से अधिक वरिष्ठ नागरिक विभिन्न पवित्र तीर्थस्थलों के दर्शन कर चुके हैं। मुख्यमंत्री ने भारतीय संस्कृति को अटल, अमिट और अद्वितीय बताते हुए कहा कि सोमनाथ मंदिर हमारी आध्यात्मिक विरासत का जीवंत प्रतीक है। उन्होंने उल्लेख किया कि मंदिर के पुनर्निर्माण के 75 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा शुरू किया गया 'सोमनाथ स्वाभिमान पर्व' हमारी सांस्कृतिक चेतना का महापर्व है, जिसके अंतर्गत 1000 दिनों की विशेष पूजा की जा रही है और इस यात्रा के जरिए प्रदेश के तीर्थयात्री भी इस पुनीत अनुष्ठान का हिस्सा बन रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने तीर्थाटन को आत्मिक शांति और सकारात्मक ऊर्जा का स्रोत बताते हुए कहा कि प्रधानमंत्री के दूरदर्शी नेतृत्व में सनातन संस्कृति का गौरव पुनः स्थापित हो रहा है। उन्होंने अयोध्या में रामलला की प्राण प्रतिष्ठा, काशी विश्वनाथ, महाकाल लोक और केदारनाथ धाम के कायाकल्प का उल्लेख करते हुए बताया कि राजस्थान की डबल इंजन सरकार भी पुष्कर, खाटूश्यामजी, नाथद्वारा और केशोरायपाटन जैसे आस्था केंद्रों का नियोजित विकास कर रही है। बुजुर्गों की सुरक्षा और गरिमा पर विशेष जोर देते हुए उन्होंने बताया कि अस्पतालों में 'रामाश्रय वार्ड' स्थापित किए गए हैं। साथ ही, राष्ट्रीय वृद्धावस्था पेंशन योजना एवं मुख्यमंत्री वृद्धजन सम्मान पेंशन योजना के माध्यम से 50 लाख से अधिक पेंशनर्स को 18 हजार करोड़ रुपये से अधिक की सम्मान राशि सीधे उनके खातों में हस्तांतरित की गई है।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने काजल चौधरी का उदाहरण देते हुए कहा कि अधिकमास में अपनी 90 वर्षीय सास को कांवड़ में बैठाकर 260 किलोमीटर की 84 कोस ब्रज परिक्रमा पूर्ण करना भारतीय संस्कारों की पराकाष्ठा है। उन्होंने तीर्थयात्रियों से आह्वान किया कि यात्रा से लौटने के उपरांत वे अपने अनुभव समाज के साथ साझा करें ताकि नई पीढ़ी में आध्यात्मिक मूल्यों का संचार हो सके। देवस्थान मंत्री जोराराम कुमावत ने कहा कि मुख्यमंत्री की पहल पर तीर्थ यात्रियों की संख्या में वृद्धि के साथ ही अब उन्हें एसी ट्रेन की अत्याधुनिक सुविधा प्रदान की जा रही है। कार्यक्रम में संसदीय कार्य मंत्री जोगाराम पटेल, गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढम, सांसद मंजू शर्मा, शासन सचिव देवस्थान शुचि त्यागी सहित विभागीय अधिकारी और बड़ी संख्या में तीर्थयात्री उपस्थित रहे।

Pratahkal Hub
प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"
