मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का सख्त एक्शन, दो आरपीएस और एक जेल अधिकारी पर बड़ी कार्रवाई
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कानून-व्यवस्था में लापरवाही पर दो आरपीएस अधिकारियों और एक जेल सेवा अधिकारी के विरुद्ध सख्त कार्रवाई को मंजूरी दी, जानिए पूरा मामला।

तस्वीर में राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा एक बैठक के दौरान कुर्सी पर बैठे हुए बोलते नजर आ रहे हैं।
राज्य में कानून-व्यवस्था को लेकर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा लगातार एक्शन मोड में नजर आ रहे हैं। अनियमितता और पदीय दायित्वों के निर्वहन में लापरवाही बरतने पर मुख्यमंत्री ने राजस्थान पुलिस सेवा के दो अधिकारियों तथा जेल सेवा की एक अधिकारी के विरुद्ध कार्रवाई को मंजूरी दी है। इसके तहत जेल सेवा की एक अधिकारी को निलंबित करने, एक आरपीएस अधिकारी के विरुद्ध राजस्थान सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील) नियम, 1958 के नियम 16 के तहत अनुशासनात्मक कार्रवाई तथा एक अन्य आरपीएस अधिकारी के विरुद्ध विभागीय जांच में आरोप प्रमाणित मानते हुए आगे की कार्रवाई की अनुमति प्रदान की गई है।
मुख्यमंत्री ने महिला बंदी सुधार गृह, जयपुर में पदस्थापित उपाधीक्षक सरोज विश्नोई को तत्काल प्रभाव से निलंबित करते हुए उनका मुख्यालय जयपुर से भरतपुर किए जाने के प्रस्ताव का अनुमोदन किया है। सरोज विश्नोई के विरुद्ध प्राप्त परिवाद में आरोप लगाया गया था कि वह सुधार गृह की एक महिला बंदी को अपने साथ रखती थीं और उक्त महिला बंदी का कार्यालय के कार्यों में हस्तक्षेप था। परिवाद में यह शिकायत भी दर्ज थी कि विश्नोई द्वारा पैसे लेकर बंदियों को नियमों के विरुद्ध सुविधाएं उपलब्ध करवाई जाती थीं।
इसी क्रम में मुख्यमंत्री ने जोधपुर पुलिस आयुक्तालय में पदस्थापित सहायक पुलिस आयुक्त (साइबर क्राइम) देरावर सिंह के विरुद्ध राजस्थान सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील) नियम, 1958 के नियम 16 के तहत अनुशासनात्मक कार्रवाई के प्रस्ताव को मंजूरी दी है। देरावर सिंह ने पुलिस थाना कामां, डीग में पुलिस निरीक्षक के पद पर पदस्थापित रहते हुए अपने पदीय दायित्वों के निर्वहन में लापरवाही बरती। हत्या जैसे गंभीर अपराध में आठ में से केवल एक अभियुक्त को अनुसंधान में दोषी मानते हुए सात अभियुक्तों को बचाने का प्रयास किए जाने का आरोप उनके विरुद्ध दर्ज किया गया है।
मुख्यमंत्री ने आरपीएस अधिकारी लाभुराम विश्नोई के विरुद्ध विभागीय जांच रिपोर्ट में लगाए गए आरोपों को प्रमाणित मानते हुए उसका भी अनुमोदन किया है। लाभुराम विश्नोई ने पुलिस थाना चौथ का बरवाड़ा, जिला सवाईमाधोपुर क्षेत्र में बनास नदी में बजरी माफियाओं के विरुद्ध कार्रवाई के दौरान अवैध खनन एवं परिवहन के खिलाफ कार्रवाई संबंधी निर्देशों की अवहेलना की। इसके कारण क्षेत्र में कानून-व्यवस्था की स्थिति उत्पन्न हुई और स्वयं सहित पुलिस जाब्ते की जान जोखिम में पड़ी। साथ ही, कार्रवाई के दौरान संबंधित विभागों के साथ आवश्यक समन्वय भी नहीं किया गया।
मुख्यमंत्री द्वारा लिए गए इन निर्णयों से प्रशासनिक कार्यों में जवाबदेही तय होने के साथ कार्मिकों की कार्यशैली में पारदर्शिता और दक्षता लाने की दिशा में कार्रवाई को महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
