मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि राजस्थान सरकार अपराधियों के प्रति जीरो टॉलरेंस और आमजन के प्रति संवेदनशीलता की नीति पर काम कर रही है। भय और अपराध मुक्त सुरक्षित राजस्थान बनाने में नवचयनित सीएलजी सदस्यों की भूमिका निर्णायक होगी। उन्होंने कहा कि सीएलजी सदस्य पुलिस और आमजन के बीच विश्वास, संवाद और सहयोग की महत्वपूर्ण कड़ी हैं और प्रदेश की कानून-व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए उन्हें पूरी सजगता से काम करना चाहिए।

मुख्यमंत्री गुरुवार को बिड़ला सभागार में आयोजित नवचयनित सीएलजी सदस्यों के आमुखीकरण समारोह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि अच्छी कानून-व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस के साथ समाज की भी महत्वपूर्ण भूमिका है। पुलिस अपराध रोकने और कानून का पालन सुनिश्चित करने का काम करती है, लेकिन इसमें समाज का पूर्ण सहयोग आवश्यक है। उन्होंने कहा कि आमजन की समस्याओं को समझकर उनकी बात पुलिस और प्रशासन तक पहुंचाने तथा पुलिस की कार्यप्रणाली को जनता तक पहुंचाने में नवचयनित सीएलजी सदस्य सक्रिय भूमिका निभाएं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सीएलजी की बैठकों को संबंधित क्षेत्रों की वास्तविक समस्याओं पर चर्चा का प्रभावी मंच बनाया जाना चाहिए। असामाजिक तत्वों, नशे के कारोबार, महिलाओं एवं बच्चों से जुड़ी समस्याओं, यातायात व्यवस्था में परेशानी और सामाजिक तनाव की आशंका से जुड़ी सूचनाएं समय पर पुलिस और प्रशासन तक पहुंचाना जरूरी है। उन्होंने कहा कि छोटी-सी सूचना भी बड़ी घटना को रोकने में मददगार साबित हो सकती है।

उन्होंने कहा कि महिला एवं बाल सुरक्षा, साइबर अपराध पर लगाम और सामाजिक सौहार्द राज्य सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल हैं। युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए सामाजिक स्तर पर मजबूत प्रयास किए जाने चाहिए। सीएलजी सदस्य इन विषयों पर जागरूकता बढ़ाने और जनभागीदारी का वातावरण तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सीएलजी सदस्य अपने विवेक से छोटे-छोटे विवादों का निष्पक्षता से समाधान कराने का प्रयास करें। इससे पुलिस का समय गंभीर अपराधों की रोकथाम में लगाया जा सकेगा। उन्होंने कहा कि राजस्थान में पुलिस और जनता के बीच विश्वास एवं सहयोग का संबंध मजबूत करना बेहद जरूरी है। इसके लिए सीएलजी सदस्य अपने-अपने क्षेत्रों में समाज के विभिन्न वर्गों, व्यापारियों, युवाओं, महिलाओं, शिक्षकों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, वरिष्ठ नागरिकों और जनप्रतिनिधियों के साथ निरंतर संवाद बनाए रखें।

इससे पहले मुख्यमंत्री ने समारोह में टोंक, बाड़मेर, धौलपुर, झालावाड़, डूंगरपुर एवं श्रीगंगानगर से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए जुड़े सीएलजी सदस्यों से संवाद किया। उन्होंने सभागार में मौजूद विभिन्न जिलों से आए सदस्यों से भी कानून-व्यवस्था और उनकी भूमिका पर चर्चा की। सीएलजी सदस्यों ने प्रदेश में कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिए महत्वपूर्ण सुझाव दिए। मुख्यमंत्री ने सभी नवचयनित सीएलजी सदस्यों का उत्साहवर्धन किया।

गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढम ने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में प्रदेश की कानून-व्यवस्था सुदृढ़ बन रही है। मुख्यमंत्री का सीएलजी सदस्यों से संवाद इस दिशा में मजबूत पहल साबित होगा। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार अपराधियों को सलाखों के पीछे पहुंचाने के ध्येय से निरंतर काम कर रही है। राजस्थान में सभी प्रकार के अपराधों में 16 प्रतिशत की कमी आई है।

महानिदेशक पुलिस राजीव कुमार शर्मा ने कहा कि पुलिस और आमजन के मजबूत समन्वय से सुरक्षित समाज का निर्माण होता है। इस कार्य में सीएलजी सदस्य महत्वपूर्ण सेतु की भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि राजस्थान पुलिस लगातार सीएलजी सदस्यों से संवाद कर आपराधिक गतिविधियों की रोकथाम की दिशा में आगे बढ़ रही है। इसी दिशा में 75 हजार से अधिक युवाओं और 22 हजार से अधिक सुरक्षा सखियों को भी जोड़ा गया है।

आमुखीकरण समारोह में सीएलजी सदस्यों को पीपीटी के माध्यम से उनकी महत्वपूर्ण भूमिका, जिम्मेदारियों और कार्य के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों की विस्तार से जानकारी दी गई। उदाहरणों के माध्यम से उनकी उल्लेखनीय भूमिका के बारे में भी विस्तार से बताया गया।

कार्यक्रम में संसदीय कार्य मंत्री जोगाराम पटेल, मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास, अतिरिक्त मुख्य सचिव भास्कर ए. सावंत, महानिदेशक पुलिस कानून एवं व्यवस्था संजय कुमार अग्रवाल सहित वरिष्ठ पुलिस अधिकारी और 1100 से अधिक सीएलजी सदस्य उपस्थित रहे। प्रदेश के सभी ब्लॉक्स से 5000 से अधिक सीएलजी सदस्य वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से कार्यक्रम से जुड़े।

Pratahkal Hub

Pratahkal Hub

प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"

Next Story