बाल विवाह मुक्त अभियान के दो वर्ष पूरे, जयपुर में पोर्टल और वैन शुरू
2030 तक राजस्थान को बाल विवाह मुक्त बनाने के लक्ष्य के साथ बीवीएमआर पोर्टल, जागरूकता वैन और थीम गीत जारी हुआ तथा संघर्षशील बालिकाओं को सम्मानित किया गया।

जयपुर में बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के दो वर्ष पूरे होने पर उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने दीप जलाया।
राजस्थान में बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीति को जड़ से समाप्त करने के संकल्प के साथ शुक्रवार को जयपुर में ‘बाल विवाह मुक्त भारत’ अभियान के दो वर्ष पूर्ण होने पर राज्य स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया गया। भगत सिंह मेहता सभागार, एचसीएम रीपा परिसर में आयोजित इस कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री तथा महिला एवं बाल विकास एवं बाल अधिकारिता मंत्री दिया कुमारी ने बाल विवाह के विरुद्ध संघर्ष करने वाली साहसी बालिकाओं की सराहना करते हुए उन्हें सम्मानित किया। इस दौरान बाल विवाह रोकथाम के लिए बीवीएमआर (BVMR) पोर्टल और जागरूकता वैन का शुभारंभ किया गया। संयुक्त राष्ट्र महासभा द्वारा घोषित ‘बाल विवाह और जबरन विवाह उन्मूलन के अंतर्राष्ट्रीय दिवस’ के अवसर पर आयोजित इस कार्यक्रम में बालिकाओं के संघर्ष, उनके अधिकारों और बाल विवाह मुक्त राजस्थान के लक्ष्य पर विशेष जोर दिया गया।
उप मुख्यमंत्री दिया कुमारी ने कहा कि बाल विवाह की कुप्रथा को जड़ से समाप्त करने के लिए अभियान को जन-आंदोलन बनाना होगा। अब केवल भाषण देने का समय नहीं है, बल्कि धरातल पर कार्रवाई करने की जरूरत है। इसकी शुरुआत सरकार के साथ-साथ बेटियों ने भी कर दी है। उन्होंने कहा कि यह केवल सरकारी कार्यक्रम नहीं, बल्कि बेटियों और बेटों दोनों के सम्मान, अधिकार और राजस्थान के उज्ज्वल भविष्य का संकल्प है।
उन्होंने बाल विवाह के विरुद्ध राष्ट्रव्यापी पहल के लिए प्रधानमंत्री के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि केंद्र सरकार की पहल से यह विषय एक व्यापक आंदोलन बना है। मुख्यमंत्री के नेतृत्व में राजस्थान को बाल विवाह मुक्त बनाने का संकल्प लिया गया है। जिस तरह ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ अभियान को सफल बनाया गया, उसी तरह ‘बाल विवाह मुक्त भारत’ अभियान को भी सफलता तक पहुंचाना होगा।
बाल विवाह को दंडनीय अपराध बताते हुए दिया कुमारी ने कहा कि सामाजिक पाबंदियों के कारण कई बार बेटियां अपनी आवाज नहीं उठा पाती हैं। ऐसे में बाल विवाह की सूचना मिलने पर तत्काल चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098 पर कॉल करना चाहिए। यह समाज के प्रत्येक व्यक्ति की सामूहिक जिम्मेदारी है। सभी को इस अभियान का चैंपियन और ब्रांड एंबेसडर बनना होगा। उन्होंने कहा कि शादी जीवन का अंतिम लक्ष्य नहीं है। यह उम्र पढ़ने-लिखने और विकसित भारत-विकसित राजस्थान के निर्माण में योगदान देने की है। हर पंचायत, गांव और ढाणी को बाल विवाह मुक्त बनाना होगा।
कार्यक्रम में शासन सचिव श्रीमती पूनम ने कहा कि बाल विवाह केवल गरीबी का नहीं, बल्कि मानसिकता और आघात का विषय है। बच्चियों को कम उम्र में गृहस्थी की जिम्मेदारी सौंपने के बजाय उन्हें डॉक्टर, शिक्षक और वैज्ञानिक बनने का अवसर दिया जाना चाहिए। उन्होंने वर्ष 2030 तक राजस्थान को बाल विवाह मुक्त बनाने का लक्ष्य निर्धारित होने की जानकारी दी।
बाल अधिकारिता विभाग की ओर से राजस्थान में बाल विवाह रोकथाम के लिए तैयार की गई नई रणनीति की जानकारी भी दी गई। इसके तहत जनवरी 2026 में ग्राम विकास अधिकारियों, पटवारियों और संस्था प्रधानों को भी बाल विवाह निषेध अधिकारी (CMPO) बनाया गया है। बाल विवाह रोकने के लिए निषेधाज्ञा लेना अनिवार्य किया गया है। वहीं, ‘मिशन वात्सल्य’ और ‘कवच’ के माध्यम से पंचायत स्तर पर संरक्षण व्यवस्था को मजबूत किया गया है। बीवीएमआर पोर्टल को ‘शाला दर्पण’ से जोड़ने का प्रस्ताव भी है। राष्ट्रीय स्तर पर अब तक 71,842 सीएमपीओ और 42 लाख से अधिक संकल्प प्राप्त होने की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम के दौरान बाल विवाह के खिलाफ जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से मोबाइल वैन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। वैन के माध्यम से ‘बचपन बचाएंगे, बाल विवाह मिटाएंगे’ का संदेश दिया जाएगा। इसके साथ ही बीवीएमआर पोर्टल और सूचना, शिक्षा एवं संचार (IEC) सामग्री का विमोचन किया गया। अभियान के लिए तैयार थीम गीत ‘बचपन को मिले उड़ान, बाल विवाह मुक्त राजस्थान’ भी जारी किया गया।
इस अवसर पर संयुक्त राष्ट्र जनसंख्या कोष (UNFPA) से जुड़ी चेंज एजेंट बालिकाओं मनोज कुमारी, हर्षिता मेघवंशी, मयंक सिंह, अंजू, अरबिया, हर्षिता (ब्यूटीशियन), आयशा और आरुषि बैरवा को सम्मानित किया गया। आयशा ने अब तक छह बाल विवाह रुकवाने में भूमिका निभाई है। बाल विवाह की रोकथाम में अनुकरणीय कार्य के लिए UNFPA को भी प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया।
कार्यक्रम में सवाई माधोपुर की कविता मीणा की संघर्ष यात्रा विशेष प्रेरणा का केंद्र रही। ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ अभियान की ब्रांड एंबेसडर कविता मीणा ने बताया कि वर्ष 2018 में UNFPA से जुड़ने के बाद उन्होंने अपनी बहन और राष्ट्रीय हैंडबॉल खिलाड़ी सहेली का बाल विवाह रुकवाया था। उनके प्रयासों से उनकी ग्राम पंचायत बाल विवाह मुक्त बनी है। इसी ग्राम पंचायत की अनंता और ज्योति जैसी बेटियां कजाकिस्तान में देश का प्रतिनिधित्व कर चुकी हैं।
राज्य स्तरीय कार्यक्रम में शासन सचिव श्रीमती पूनम, सरदार पटेल पुलिस यूनिवर्सिटी जोधपुर के कुलगुरु श्री आलोक त्रिपाठी, आयुक्त बाल अधिकारिता श्री निकया गोहाएन, आयुक्त विशेष योग्यजन श्री इकबाल खान, UNFPA की त्रिशा पारीक एवं अंतरा त्रिवेदी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, गैर सरकारी संगठनों (NGOs) के प्रतिनिधि, मीडियाकर्मी और बच्चे उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के माध्यम से बाल विवाह के विरुद्ध सरकारी प्रयासों, प्रशासनिक रणनीति, सामुदायिक भागीदारी और बालिकाओं की सक्रिय भूमिका को एक मंच पर लाया गया। 2030 तक बाल विवाह मुक्त राजस्थान का लक्ष्य हासिल करने के लिए अभियान को पंचायत, गांव और ढाणी तक पहुंचाने तथा प्रत्येक नागरिक की भागीदारी सुनिश्चित करने का संदेश दिया गया।

