राजस्थान केंद्रीय विश्वविद्यालय, अजमेर के यूजीसी-मालवीय मिशन शिक्षक प्रशिक्षण केंद्र की ओर से समग्र एवं बहुविषयक शिक्षा को उच्च शिक्षा प्रणाली का प्रभावी आधार बनाने के उद्देश्य से छह दिवसीय अल्पकालिक प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। 16 से 21 नवंबर, 2026 तक चलने वाले इस कार्यक्रम में देश के विभिन्न विश्वविद्यालयों और शैक्षणिक संस्थानों के विशेषज्ञ राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के क्रियान्वयन, पाठ्यचर्या विकास, बहुविषयक अध्ययन और मूल्यांकन प्रणाली में बदलाव जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर अपने विचार साझा कर रहे हैं।

कार्यक्रम का आयोजन राजस्थान केंद्रीय विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. आनंद भालेराव के दूरदर्शी नेतृत्व में किया जा रहा है। उद्घाटन सत्र की अध्यक्षता करते हुए प्रो. भालेराव ने भारतीय उच्च शिक्षा प्रणाली में समग्र एवं बहुविषयक दृष्टिकोण की आवश्यकता और उसके महत्व पर प्रकाश डाला।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि राष्ट्रीय तकनीकी शिक्षक प्रशिक्षण एवं अनुसंधान संस्थान (NITTTR), भोपाल के निदेशक प्रो. सी. सी. त्रिपाठी ने मुख्य व्याख्यान दिया। उन्होंने समग्र एवं बहुविषयक शिक्षा की अवधारणा के अनुरूप पाठ्यचर्या विकास के विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की। साथ ही राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के क्रियान्वयन के छह वर्षों के अनुभवों, अब तक हुई प्रगति और इस दौरान सामने आई चुनौतियों पर महत्वपूर्ण विचार एवं अंतर्दृष्टि साझा की।

द्वितीय तकनीकी सत्र में महर्षि दयानंद सरस्वती विश्वविद्यालय, अजमेर एवं अटल बिहारी वाजपेयी विश्वविद्यालय, भोपाल के पूर्व कुलपति प्रो. मोहन लाल ने राष्ट्रीय विकास में शिक्षा के क्षेत्र में निवेश की परिवर्तनकारी भूमिका को रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि शिक्षा में किया गया निवेश आर्थिक विकास, सामाजिक प्रगति और राष्ट्र के समग्र विकास के माध्यम से बहुआयामी प्रतिफल प्रदान करता है।

कार्यक्रम के अंतर्गत आयोजित विभिन्न व्याख्यानों में समग्र एवं बहुविषयक शिक्षा के अलग-अलग आयामों पर विचार-विमर्श किया गया। इनमें शिक्षण-अधिगम प्रक्रिया को अधिक प्रभावी एवं परिवर्तनकारी बनाने के साथ राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 की परिकल्पना के अनुरूप उच्च शिक्षा प्रणाली को सुदृढ़ करने में इस शिक्षा पद्धति की भूमिका पर विशेष जोर दिया गया।

तृतीय तकनीकी व्याख्यान सत्र में बनारस हिंदू विश्वविद्यालय, वाराणसी के प्रो. सुनील कुमार सिंह ने “समग्र एवं बहुविषयक उच्च शिक्षा : राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के परिप्रेक्ष्य में” विषय पर व्याख्यान दिया। उन्होंने भारतीय उच्च शिक्षा के संदर्भ में राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 की परिवर्तनकारी परिकल्पना को विस्तार से समझाया। इस दौरान उन्होंने लचीली पाठ्यक्रम संरचना, बहुविषयक अध्ययन तथा प्रवेश एवं निकास के अनेक विकल्पों की व्यवस्था जैसे महत्वपूर्ण पहलुओं पर विशेष रूप से प्रकाश डाला।

चतुर्थ तकनीकी व्याख्यान कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय, हरियाणा के प्रो. एस. पी. मल्होत्रा ने दिया। उनके व्याख्यान का विषय “बहुविषयक एवं समग्र शिक्षा : क्रियान्वयन एवं चुनौतियाँ” रहा, जबकि उप-विषय “व्यापक चिंतन, गहन अधिगम और बेहतर जीवन : बहुविषयक कक्षा में मूल्यांकन की पारंपरिक श्रेणीकरण पद्धति से आगे की ओर” था। उन्होंने बहुविषयक कक्षाओं में पारंपरिक मूल्यांकन एवं ग्रेडिंग प्रणाली से आगे बढ़ने की आवश्यकता बताई। साथ ही नवीन, समावेशी और व्यापक मूल्यांकन पद्धतियों को अपनाने पर बल दिया।

छह दिवसीय इस प्रशिक्षण कार्यक्रम का समन्वय डॉ. नरेंद्र कुमार कर रहे हैं। आयोजन समिति में डॉ. सुखमंदर सिंह, डॉ. शैज़ी अहमद, डॉ. गोविंद सिंह एवं डॉ. सुभाष कुमार सदस्य के रूप में शामिल हैं। कार्यक्रम के विभिन्न तकनीकी सत्रों के माध्यम से उच्च शिक्षा में बहुविषयक दृष्टिकोण, पाठ्यक्रम की लचीलापन और मूल्यांकन की नवीन पद्धतियों पर विशेषज्ञों के विचार सामने आ रहे हैं।

Next Story