राजस्थान केन्द्रीय विश्वविद्यालय में आयोजित री-नीट परीक्षा के दौरान इस बार सेवा और समर्पण का एक अनूठा और अनुकरणीय उदाहरण देखने को मिला। भारतीय शिक्षण मंडल, राजस्थान केंद्रीय विश्वविद्यालय इकाई द्वारा परीक्षा देने आए अभ्यर्थियों और उनके अभिभावकों के लिए "मानव सेवा ही माधव सेवा" के मूल मंत्र के साथ एक विशेष सेवा अभियान चलाया गया। इस अभियान के तहत भीषण गर्मी को देखते हुए परिसर में निःशुल्क जल सेवा केंद्र स्थापित किया गया, जहां लगभग 1500 अभ्यर्थियों और उनके परिजनों को निःशुल्क असीमित शीतल पेयजल उपलब्ध कराया गया। इसके साथ ही परीक्षार्थियों के लिए निःशुल्क बैग रखने की सुरक्षित व्यवस्था, अभिभावकों के बैठने के लिए कुर्सियों के इंतजाम और उन्हें उनके निर्धारित परीक्षा केंद्रों तक सही सलामत पहुँचाने व दिशा-निर्देश समझाने हेतु विशेष सहायता काउंटर भी बनाए गए।

यह पूरा सेवा कार्य राजस्थान केंद्रीय विश्वविद्यालय के कुलपति एवं भारतीय शिक्षण मंडल, चित्तौड़ प्रांत के अध्यक्ष प्रो. आनंद भालेराव के प्रेरणादायी नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ। इस मानवीय पहल पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कुलपति प्रो. आनंद भालेराव ने कहा कि विश्वविद्यालय के शिक्षकों, शोधार्थियों और विद्यार्थियों ने सेवा, समर्पण और सामाजिक उत्तरदायित्व का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत किया है। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि ऐसे प्रयास समाज में विश्वास, सहयोग और सकारात्मकता का वातावरण निर्मित करते हैं और शिक्षा को केवल ज्ञानार्जन तक सीमित न रखकर राष्ट्र निर्माण का एक सशक्त माध्यम बनाते हैं। परीक्षा के दौरान इन व्यवस्थाओं का लाभ उठाने वाले अभ्यर्थियों और अभिभावकों ने भी भीषण गर्मी में मिली इस राहत के लिए भारतीय शिक्षण मंडल के कार्यकर्ताओं की खुले दिल से सराहना की।

इस व्यापक सेवा अभियान को सफल बनाने में भारतीय शिक्षण मंडल, चित्तौड़ प्रांत के सह मंत्री डॉ. जयप्रकाश त्रिपाठी तथा विश्वविद्यालय इकाई के अध्यक्ष डॉ. ज्ञान रंजन पांडा का विशेष मार्गदर्शन प्राप्त हुआ। वहीं, व्यवस्थाओं की कमान व्यवस्था प्रमुख डॉ. अखिल अग्रवाल तथा सह व्यवस्था प्रमुख डॉ. गजानन सर्वन्याय ने बखूबी संभाली। इस दौरान अनुसंधान गतिविधि प्रमुख डॉ. विश्वनाथ तिवारी, डॉ. रामुलु भुक्या और डॉ. लोकेश प्रजापति ने उपस्थित रहकर स्वयंसेवकों का उत्साहवर्धन किया। पूरे कार्यक्रम की परिकल्पना, संयोजन और समन्वय युवा गतिविधि प्रमुख डॉ. हेमंत जोशी तथा सह प्रमुख रुसम दास द्वारा किया गया, जिनके कुशल नेतृत्व में विद्यार्थी स्वयंसेवकों और शोधार्थियों ने पूरे सेवा अभियान का सुव्यवस्थित संचालन किया। इस पुनीत कार्य में इकाई सचिव डॉ. धनेश्वर प्रुस्टि, डॉ. प्रमोद कांबले, प्रो. देवेश शर्मा, प्रो. राघवेंद्र भट, डॉ. दीक्षा त्रिपाठी सहित त्र्यंबक बसाक, दर्शना हजारिका, अंकिता पटेल, छाया दधवाल, राहुल रंजन मिश्रा, शांतो हलदर, पवन उपाध्याय, योगेश लाल यादव, प्रिंस, पंकज प्रताप रघुवंशी, अविनय सिंह बघेल, मिधुन एस., ऋषभ यादव, शिवाराम, सिद्धार्थ मणि शर्मा, अजय सैनी तथा विकास पाठक जैसे अनेक छात्र स्वयंसेवकों ने सक्रिय और महत्त्वपूर्ण योगदान देकर सेवा के आदर्श को धरातल पर चरितार्थ किया।

Pratahkal Newsroom

Pratahkal Newsroom

प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story