राजस्थान केंद्रीय विश्वविद्यालय में विद्यार्थियों की सुविधा, दैनिक आवश्यकताओं और बेहतर छात्रावास जीवन को ध्यान में रखते हुए 25 सितंबर 2026 को छात्रावासों में वेंडिंग मशीन सुविधा का शुभारंभ किया गया। विश्वविद्यालय के माननीय कुलपति प्रो. आनंद भालेराव ने अपने कर कमलों से इस सुविधा का उद्घाटन किया। विश्वविद्यालय के सभी आठ छात्रावासों में वेंडिंग मशीनें लगाई जा रही हैं।

इस अवसर पर माननीय कुलपति प्रो. आनंद भालेराव ने कहा कि विश्वविद्यालय प्रशासन विद्यार्थियों की सुविधा में वृद्धि के लिए निरंतर प्रयासरत है। इसी प्रयास के परिणामस्वरूप पिछले माह छात्रावासों में वाशिंग मशीन लगाए गए और अब वेंडिंग मशीन सुविधा का शुभारंभ किया गया है।

कुलपति ने बताया कि विश्वविद्यालय में अगले दस वर्षों की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए छात्रावासों तथा अन्य इंफ्रास्ट्रक्चर का निर्माण किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि शीघ्र ही नए पुस्तकालय भवन का निर्माण कार्य पूरा हो जाएगा, जिसके बाद विद्यार्थियों को अत्याधुनिक सुविधाओं से युक्त पुस्तकालय का लाभ प्राप्त होगा।

उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करने के साथ-साथ उनके लिए सुरक्षित, सुविधाजनक एवं अनुकूल परिसर वातावरण उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयासरत है। छात्रावासों में वेंडिंग मशीन की सुविधा इसी विद्यार्थी-केंद्रित दृष्टिकोण का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है।

इससे पूर्व कुलपति प्रो. आनंद भालेराव का स्वागत छात्रावास अधीक्षकों द्वारा पुष्प गुच्छ भेंट करके किया गया।

इस अवसर पर छात्रावासों के अधीक्षक डॉ. नेहा अरोड़ा और डॉ. संजय कुमार ने वेंडिंग मशीन की सुविधा के लिए माननीय कुलपति के प्रति आभार प्रकट किया। उन्होंने कहा कि छात्रावासों में वेंडिंग मशीन की सुविधा विद्यार्थियों की दैनिक आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए प्रारंभ की गई है। उनके अनुसार, यह पहल छात्रावासों में विद्यार्थियों को अधिक सुविधाजनक एवं आत्मनिर्भर वातावरण उपलब्ध कराने की दिशा में एक सार्थक कदम है।

विश्वविद्यालय के छात्रावासों में इन वेंडिंग मशीनों के माध्यम से विद्यार्थियों को चौबीसों घंटे दैनिक उपयोग की आवश्यक वस्तुएँ सहज एवं सुविधाजनक रूप से उपलब्ध हो सकेंगी। इनमें दैनिक उपयोग से संबंधित आवश्यक खाद्य सामग्री जैसे चिप्स, कोल्ड ड्रिंक्स, चॉकलेट सहित विभिन्न उपयोगी वस्तुएँ उपलब्ध रहेंगी।

राजस्थान केंद्रीय विश्वविद्यालय विद्यार्थियों की सुविधा एवं कल्याण को प्राथमिकता देते हुए परिसर में अत्याधुनिक एवं आवश्यक सुविधाओं के विस्तार के लिए निरंतर प्रतिबद्ध है। छात्रावासों में वेंडिंग मशीन सुविधा का शुभारंभ इसी दिशा में एक और महत्वपूर्ण पहल है।

कार्यक्रम में मुख्य छात्रावास अधीक्षक, विभिन्न छात्रावासों के वार्डन, विश्वविद्यालय के अधिकारीगण, शिक्षकगण, छात्रावास प्रशासन के कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का मंच संचालन डॉ. ओम कुमार कर्ण ने किया तथा धन्यवाद ज्ञापन डॉ. गुनीत इंदरजीत कौर एवं डॉ. कमलेश जांगिड़ ने किया।

Next Story