राजस्थान केंद्रीय विश्वविद्यालय का “18वां स्थापना दिवस” एवं “अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस” आगामी 10 मार्च को विश्वविद्यालय परिसर में भव्य एवं गरिमामय रूप से आयोजित किया जाएगा। आपको बता दे कि इस वर्ष ये दोनों महत्वपूर्ण आयोजन संयुक्त रूप से एक ही मंच पर संपन्न होंगे जो विश्वविद्यालय की समावेशी एवं प्रगतिशील सोच का प्रतीक है।

प्रतिष्ठित अतिथियों की गरिमामयी उपस्थिति

बड़े पैमाने पर आयोजित इस समारोह में माननीय सदस्य सचिव, इंदिरा गांधी राष्ट्रीय कला केंद्र, नई दिल्ली प्रो. सच्चिदानंद जोशी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। वहीं अपर सचिव, उच्च शिक्षा विभाग, भारत सरकार श्री आनंदराव वी. पाटिल विशिष्ट अतिथि के रूप में कार्यक्रम की शोभा बढ़ाएंगे तथा सेवा न्यास उत्थान फाउंडेशन की संस्थापक डॉ. स्वाति गोयल शर्मा सम्मानित अतिथि के रूप में समारोह में सहभागिता करेंगी।

पद्मश्री विभूतियों और श्रेष्ठ शिक्षकों का सम्मान

विश्वविद्यालय के 18वें स्थापना दिवस समारोह के अवसर पर वर्ष 2026 में नामित राजस्थान के तीन पद्मश्री अलंकरण प्राप्त व्यक्तित्वों को उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए “जीवन साधना गौरव पुरस्कार” से सम्मानित किया जाएगा। इसके साथ ही, गहन एवं पारदर्शी चयन प्रक्रिया के पश्चात विश्वविद्यालय के चयनित संकाय सदस्यों को “बेस्ट टीचर” तथा “बेस्ट रिसर्चर अवार्ड” प्रदान कर सम्मानित किया जाएगा।

नारी शक्ति का अभिनंदन और विशिष्ट पुरस्कार

संयुक्त रूप से आयोजित इस कार्यक्रम के दूसरे चरण में “अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस” के अवसर पर तीन श्रेणियों — महिला वैज्ञानिक पुरस्कार, सामाजिक प्रभाव पुरस्कार एवं महिला उद्यमिता पुरस्कार — प्रदान किए जाएंगे। इन पुरस्कारों के लिए चयनित प्रतिभाओं का चयन विश्वविद्यालय द्वारा पारदर्शी एवं गहन प्रक्रिया के माध्यम से किया गया है।

कुलपति प्रो. आनंद भालेराव का संदेश

इस अवसर पर विश्वविद्यालय के माननीय कुलपति प्रो. आनंद भालेराव ने बताया कि - "यह आयोजन हमारे संस्थान की निरंतर प्रगति, समावेशिता और सामाजिक प्रतिबद्धता का सशक्त प्रतीक है। यह अवसर उन प्रतिभाशाली एवं प्रेरणादायी व्यक्तित्वों को सम्मानित करने का भी है जिन्होंने अपने कार्यों से समाज और राष्ट्र निर्माण में उल्लेखनीय योगदान दिया है।"

चार वर्षों से जारी सराहनीय सामाजिक पहल

विश्वविद्यालय के स्थापना दिवस पर “जीवन साधना गौरव पुरस्कार” तथा अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर विभिन्न श्रेणियों में पुरस्कार प्रदान करने की यह सामाजिक पहल विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. आनंद भालेराव द्वारा प्रारंभ की गई है, जो पिछले चार वर्षों से निरंतर जारी है। इस भव्य एवं गरिमामय आयोजन में आमंत्रित अतिथियों के अतिरिक्त विश्वविद्यालय के सभी अधिकारीगण, शैक्षणिक एवं गैर-शैक्षणिक कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहेंगे।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story