राजस्थान केंद्रीय विश्वविद्यालय में वाद-विवाद प्रतियोगिता आयोजित
भारतीय शिक्षण मंडल द्वारा आयोजित इस प्रतियोगिता में युवाओं ने विकसित भारत और लोकतांत्रिक मूल्यों पर अपने सारगर्भित दृष्टिकोण प्रस्तुत किए।

राजस्थान केंद्रीय विश्वविद्यालय में आयोजित वाद-विवाद प्रतियोगिता के विजेता पुष्पेंद्र सिंह, पलक व्यास और अबनीश कुमार शर्मा अतिथियों के साथ स्मृतिचिन्ह ग्रहण करते हुए।
चित्तौड़ प्रांत की भारतीय शिक्षण मंडल की राजस्थान केंद्रीय विश्वविद्यालय इकाई ने माननीय कुलपति एवं भारतीय शिक्षण मंडल के प्रान्त अध्यक्ष प्रो आनंद भालेराव जी के मार्गदर्शन में एवं युवा गतिविधि के तत्वावधान में एक भव्य कार्यक्रम संपन्न किया। इस दौरान “हम भविष्य हैं, हम आशा हैं: समृद्ध गणतंत्र एवं विकसित भारत के लिए युवा दृष्टिकोण” विषय पर एक आकर्षक और रोचक वाद–विवाद प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।
प्रतियोगिता का मुख्य आकर्षण एवं प्रतिभागियों का प्रदर्शन
वाद–विवाद प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने अत्यंत प्रभावशाली ढंग से विषय के पक्ष एवं विपक्ष में अपने विचार प्रस्तुत किए। युवाओं ने निम्नलिखित मुख्य बिंदुओं पर सारगर्भित एवं प्रेरणादायी वक्तव्य दिए:
- भारत के भविष्य और लोकतांत्रिक मूल्यों पर चर्चा।
- सामाजिक उत्तरदायित्व और नवाचार।
- आत्मनिर्भर भारत का दृष्टिकोण।
आपको बता दे इस प्रतियोगिता में कुल 30 प्रतिभागियों ने सहभागिता दर्ज की। निर्णायक मंडल द्वारा प्रथम तीन प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया गया जिनमें प्रथम पुरस्कार – पुष्पेंद्र सिंह राजपुरोहित, द्वितीय पुरस्कार – पलक व्यास, और तृतीय पुरस्कार – अबनीश कुमार शर्मा को मिला। पुरस्कार प्राप्त विद्यार्थियों को स्मृतिचिन्ह एवं प्रमाणपत्र प्रदान किए गए, जबकि अन्य प्रतिभागियों को ई-प्रमाणपत्र दिए गए।
शिक्षाविदों एवं विशेषज्ञों के प्रेरणादायी विचार
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न वक्ताओं ने युवाओं का मार्गदर्शन किया:
- डॉ ज्ञानरंजन पांडा: "युवा राष्ट्र के भविष्य का आधार हैं, उन्हें सकारात्मक सोच एवं सक्रिय नागरिकता अपनानी चाहिए।"
- डॉ. जय प्रकाश त्रिपाठी: "राष्ट्र निर्माण में युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका है और ऐसे कार्यक्रम हमारे देश के युवाओं को सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।"
- प्रांत सह-व्यवस्था प्रमुख डॉ. धनंजय तिवारी ने भी राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका पर प्रकाश डाला।
- प्रचार कार्य विभाग प्रमुख डॉ. सोमनाथ: "जो भी राष्ट्र निर्माण में सक्रिय योगदान देता है, वह युवा है।"
- इसके अलावा डॉ. देबाश्री, डॉ. डी.पी. नेगी, डॉ. शैलेष पाटीदार ने भी विकसित भारत और समृद्ध गणराज्य में युवाओं की भूमिका पर अपने विचार रखे।
इन विचार विमर्श के पश्चात् एक प्रश्नोत्तरी सत्र भी आयोजित किया गया।
उपस्थिति एवं आयोजन समिति
प्रतियोगिता में युवा गतिविधि प्रमुख डॉ हेमंत जोशी एवं चिकित्सा अधिकारी लोकेश प्रजापति सहित विश्वविद्यालय के सभी संकाय सदस्यों ने प्रतियोगिता में उपस्थित रहकर प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया तथा अपने विचार साझा करते हुए कहा कि देश का भविष्य युवाओं के हाथों में है।
प्रतियोगिता की सफल व्यवस्था हेतु विद्यार्थियों की एक समिति गठित की गई थी जिसका नेतृत्व सह युवा गतिविधि प्रमुख, रुशम दास ने किया। प्रतियोगिता का समापन कृतज्ञता ज्ञापन के साथ हुआ साथ ही इस भव्य और दिव्य प्रतियोगिता का मंच संचालन आर्यन चौहान द्वारा किया गया।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
