जयपुर, 15 फरवरी। कृषि एवं उद्यानिकी, ग्रामीण विकास, आपदा प्रबंधन, मंत्री डॉ. किरोड़ी लाल मीणा ने सवाईमाधोपुर जिला कलक्ट्रेट सभागार में रविवार को आयोजित प्रेस वार्ता में राज्य बजट 2026-27 की प्रमुख विशेषताओं एवं सवाई माधोपुर जिले को मिली महत्वपूर्ण घोषणाओं के बारे में जानकारी दी।


बजट का विजन और मुख्य स्तंभ

डॉ. मीणा ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में प्रस्तुत यह बजट 8 करोड़ प्रदेशवासियों के प्रति सरकार के कर्तव्यों का दस्तावेज है, जो महिला, युवा, किसान, मजदूर एवं अंतिम पंक्ति के व्यक्ति के कल्याण के लिए समर्पित है।

  • 6 लाख 10 हजार 956 करोड़ रुपये के आकार वाला यह बजट वर्ष 2023-24 की तुलना में 41 प्रतिशत अधिक है।
  • यह आधारभूत विकास, शिक्षा, चिकित्सा, पेयजल, ऊर्जा, कृषि, सामाजिक सुरक्षा, रोजगार, सुशासन एवं हरित विकास जैसे 10 प्रमुख स्तंभों पर आधारित है।
  • इसमें राज्य के सकल घरेलू उत्पाद (जीएसडीपी) में उल्लेखनीय वृद्धि के साथ प्रति व्यक्ति आय पहली बार 2 लाख रुपये से अधिक होने का अनुमान लगाया गया है।

प्रदेश स्तरीय महत्वपूर्ण घोषणाएं

डॉ. मीणा ने प्रदेश के विकास हेतु निम्नलिखित प्रावधानों की जानकारी दी:

  • प्रतियोगी परीक्षाओं में पारदर्शिता के लिए राजस्थान स्टेट टेस्टिंग एजेंसी का गठन।
  • 5 वर्षों में 4 लाख सरकारी नौकरियां देने के लक्ष्य की दिशा में भर्ती प्रक्रियाओं को गति देना।
  • इंफ्रास्ट्रक्चर पर अब तक का सबसे अधिक 3427 करोड़ पूंजीगत खर्च कर 42 हजार किलोमीटर की सड़कें।
  • आरयूबी एवं आरओबी पर 920 करोड़ रूपए व्यय किए जाएंगे।
  • ग्रीष्म ऋतु हेतु 600 ट्यूबवेल व 1200 हेडपम्प तथा अमृत 2.0 के तहत 3 लाख नए पेयजल कनेक्शन।
  • शिक्षा के लिए 69 हजार करोड़ रुपये तथा स्वास्थ्य क्षेत्र के लिए 32 हजार करोड़ रुपये से अधिक के प्रावधान।
  • ग्रीन बजट, नमो नर्सरी, ऑक्सीजन जोन तथा रूरल महिला बीपीओ जैसे नवाचार।

सवाई माधोपुर को मिली विकास की सौगातें

डॉ. मीणा ने कहा कि जिले में आपदा प्रबंधन के तहत जड़ावता क्षेत्र में बाढ़ सुरक्षा दीवार, खेतों में मिट्टी भराव सहित अन्य कार्यों पर लगभग 75 करोड़ रुपये व्यय किए जाने का प्रावधान राज्य बजट में किया गया है।

"युवाओं के लिए सवाई माधोपुर में फ्लाइंग ट्रेनिंग ऑर्गेनाइजेशन (एफटीओ) की स्थापना तथा प्रत्येक जिले में उद्योगों से जुड़ा इंस्टीट्यूट ऑफ स्किल डेवलपमेंट एंड वोकेशनल ट्रेनिंग प्रारम्भ किया जाएगा जिससे स्थानीय युवाओं को रोजगार के नए अवसर मिलेगें।"

सवाई माधोपुर के लिए अन्य प्रमुख कार्य:

  • 15 करोड़ रुपये की लागत से विभिन्न सड़कों का सुदृढ़ीकरण।
  • खंडार क्षेत्र में 7 करोड़ रुपये की लागत से पुलियाओं का निर्माण तथा बामनवास में नई सड़कें।
  • मोरेल बांध नहर प्रणाली के नवीनीकरण हेतु 20 करोड़ और मोरेल नदी पर एनिकट निर्माण हेतु 20 करोड़ रुपये।
  • खण्डार उपखंड में मानसरोवर बांध की मरम्मत हेतु 8 करोड़ रुपये।
  • चकेरी-सवाई माधोपुर में 132 केवी जीएसएस का निर्माण और सब्जी मंडी में विकास कार्य।

ग्रामीण विकास, महिला सशक्तीकरण एवं खेल

ग्रामीण विकास एवं महिला सशक्तीकरण की दिशा में नवाचार के तहत ग्रामीण महिलाओं के आर्थिक सशक्तीकरण हेतु जिला स्तर पर रूरल वूमन बीपीओ स्थापित किए जाएंगे। साथ ही 2,500 से अधिक आबादी वाली ग्राम पंचायतों में चरणबद्ध रूप से ओपन जिम एवं खेल मैदान विकसित किए जाएंगे।


शहरी विकास, स्वास्थ्य एवं शिक्षा
  • नगरीय क्षेत्रों के लिए मास्टर ड्रेनेज प्लान और सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट नीति।
  • सार्वजनिक स्थलों पर ईको एवं कूलिंग शेल्टर तथा बंद दहन श्मशान भट्टियों की स्थापना।
  • जिला मुख्यालय पर मानसिक स्वास्थ्य देखभाल प्रकोष्ठ, मनोवैज्ञानिक परामर्शदाता एवं नशामुक्ति वार्ड।
  • शिक्षा में 'स्कूल टू वर्क' कार्यक्रम, 'स्कूल ऑन व्हील्स' तथा उद्योग आधारित कौशल प्रशिक्षण।

वन्यजीव, पर्यटन एवं विशेष प्रोजेक्ट्स

डॉ. मीणा ने बताया कि वन विभाग द्वारा सवाई माधोपुर में वन्यजीवों के उपचार हेतु विशेष उपचार केन्द्र स्थापित किया जाएगा। संभाग स्तर पर लोक नृत्य उत्सव आयोजित किए जाएंगे।

  • अमरूद प्रोसेसिंग यूनिट: पंच गौरव योजना के तहत जिले में 150 करोड़ रूपए की लागत से स्थापना।
  • लटिया नाला: पक्की दीवार निर्माण एवं डिसिल्टींग हेतु 220 करोड़ रूपए का प्रावधान।

विकसित राजस्थान का संकल्प

डॉ. मीणा ने कहा कि राज्य सरकार पिछले वर्षों की बजट घोषणाओं को धरातल पर उतारने के लिए प्रतिबद्ध है और लगभग 90 प्रतिशत तक घोषणाओं की क्रियान्विति इसका प्रमाण है।

"इस वर्ष का बजट प्रदेश को विकसित, समृद्ध एवं आत्मनिर्भर बनाने के साथ-साथ वर्ष 2047 तक 4.3 ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था के लक्ष्य की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।"

उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि इन प्रावधानों से सवाई माधोपुर में आधारभूत विकास को गति मिलेगी, रोजगार के अवसर बढ़ेंगे और आमजन के जीवन स्तर में व्यापक सुधार होगा।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story