सतीश पूनिया और प्रेमचंद बैरवा ने गिनाईं राजस्थान सरकार की दो साल की उपलब्धियां
भजनलाल सरकार के दो वर्ष पूर्ण होने पर पचपदरा रिफाइनरी और जयपुर मेट्रो फेज-2 परियोजनाओं सहित जल एवं ऊर्जा क्षेत्र में हुए विकास कार्यों का ब्यौरा दिया गया।

जयपुर स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान मंच पर मौजूद हरियाणा प्रभारी सतीश पूनिया, उपमुख्यमंत्री प्रेमचंद बैरवा और गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढ़म।
जयपुर, 9 अप्रैल 2026। भाजपा प्रदेश कार्यालय में आज हरियाणा प्रभारी सतीश पूनिया, उपमुख्यमंत्री प्रेमचंद बैरवा तथा गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढ़म द्वारा एक महत्वपूर्ण प्रेस कॉन्फ्रेंस का आयोजन किया गया। इस दौरान भजनलाल शर्मा सरकार के दो वर्षों के विकास कार्यों की विस्तृत रूपरेखा प्रस्तुत की गई तथा केंद्र सरकार द्वारा राजस्थान को प्रदान की गई दो बड़ी सौगातों पचपदरा रिफाइनरी एवं जयपुर मेट्रो फेज-2 पर विस्तार से जानकारी दी गई।
रिफाइनरी से रोजगार और मेट्रो से मिलेगी रफ्तार
सतीश पूनिया ने कहा कि केंद्र सरकार की कैबिनेट ने राजस्थान के लिए दो बड़ी सौगातें दी हैं। पहली सौगात पचपदरा रिफाइनरी, जिसकी संशोधित लागत 79459 करोड़ रुपये को मंजूरी मिली है और "इसका उद्घाटन माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 21 अप्रैल को करेंगे।" पूनिया ने जोर देते हुए कहा कि "यह परियोजना पश्चिमी राजस्थान का कायाकल्प करेगी और लाखों युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराएगी।" उन्होंने पूर्ववर्ती सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस की लटकाओ-भटकाओ, केवल घोषणा और शिलान्यास वाली कार्य संस्कृति के कारण परियोजना में भारी विलंब हुआ, जिससे लागत बढ़ गई, लेकिन भाजपा सरकार ने इस परियोजना में 40000 करोड़ रुपये राजस्थान के लिए बचाए। यदि कांग्रेस के कारण देरी न हुई होती तो इस संकट के समय राजस्थान को इसका लाभ मिलता। जयपुर मेट्रो फेज-2 के संबंध में सतीश पूनिया ने बताया कि यह 41 किलोमीटर लंबी परियोजना है, जो कांग्रेस शासनकाल के फेज-1, जो मात्र 11 किलोमीटर थी, की तुलना में चार गुना बड़ी है। यह सीतापुरा से वीकेआई को जोड़ेगी और इसकी कुल लागत 13037 करोड़ रुपये है, जिसमें केंद्र सरकार का बराबर का सहयोग प्राप्त होगा। उन्होंने बताया कि कांग्रेस काल में फेज-1 केवल चुनावी लाभ के लिए शुरू किया गया और उसका पूरा भार राज्य पर डाला गया, जबकि तत्कालीन कांग्रेस नेतृत्व वाली केंद्र सरकार से कोई सहयोग नहीं मिला।
भजनलाल सरकार के भागीरथ प्रयासों से सुनिश्चित हुई जल उपलब्धता
उपमुख्यमंत्री प्रेमचंद बैरवा ने सरकार के दो वर्षों के उल्लेखनीय कार्यों की जानकारी देते हुए कहा कि 95000 करोड़ रुपये की रामजल सेतु लिंक परियोजना पर तेजी से काम चल रहा है। कांग्रेस शासन में केंद्र और राज्य दोनों जगह कांग्रेस सरकार होने के बावजूद इस पर कोई काम नहीं हुआ और मध्य प्रदेश में भी कांग्रेस सरकार के दौरान कोई प्रगति नहीं हुई। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने भागीरथ बनकर इस संकल्प को पूरा किया और हाल ही में इसकी प्रगति की समीक्षा की। नवनेरा बैराज एवं ईश्वरदा बांध का कार्य पूर्ण हो चुका है तथा रामगढ़ बैराज, फीडर निर्माण एवं अन्य कार्यों हेतु 9416.70 करोड़ रुपये के कार्य शुरू किए गए हैं। इससे पूर्वी राजस्थान के 17 जिलों को लाभ मिलेगा, 4 लाख हेक्टेयर क्षेत्र में सिंचाई सुविधा उपलब्ध होगी तथा 3 करोड़ आबादी को फायदा पहुंचेगा। यमुना जल समझौते के तहत 35000 करोड़ रुपये का एमओयू किया गया और डीपीआर का कार्य तेजी से चल रहा है। प्रेमचंद बैरवा ने कहा कि "चार दशक तक कांग्रेस ने केवल चुनावी लाभ लिया, लेकिन इस क्षेत्र में पानी की एक बूंद भी लाने का कोई प्रयास नहीं हुआ।" जल जीवन मिशन के तहत मात्र दो वर्षों में 15 लाख ग्रामीण परिवारों को नल से जल उपलब्ध कराया गया, जिस पर 11440 करोड़ रुपये खर्च किए गए।
ऊर्जा, आवास और किसान कल्याण में अग्रणी राजस्थान
प्रदेश में ऊर्जा क्षेत्र में अभूतपूर्व प्रगति हुई है, जहाँ 1.93 लाख करोड़ से 42438 मेगावाट ऊर्जा उत्पादन हेतु एमओयू किए गए। पीएम कुसुम योजना में राजस्थान देश में अग्रणी राज्य है तथा सौर ऊर्जा उत्पादन में भी राजस्थान पहले स्थान पर है। सड़क विकास, शहरी एवं ग्रामीण विकास तथा आवास निर्माण के क्षेत्र में पिछले 2 वर्षों में अभूतपूर्व कार्य हुए हैं। पीएम आवास योजना (ग्रामीण) के तहत 2.14 लाख आवास पूर्ण किए गए तथा स्वच्छ भारत मिशन में 2.91 लाख व्यक्तिगत शौचालय एवं 5027 सामुदायिक शौचालयों का निर्माण हुआ। पीएम किसान सम्मान निधि के अंतर्गत 76 लाख किसानों को 12410 करोड़ रुपये ट्रांसफर किए गए, इसमें प्रतिवर्ष 9000 रुपये सीधे किसानों को बैंक खातों में दिए गए।
दिल्ली से नई परियोजनाएं लाती डबल इंजन की सरकार
गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढ़म ने कहा कि दो वर्षों में राजस्थान विकास के हर क्षेत्र में अग्रणी राज्य बना है और डबल इंजन की सरकार तेज गति से कार्य कर रही है। उन्होंने कटाक्ष करते हुए कहा कि "मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा दिल्ली से लाते हैं राजस्थान के लिए नई परियोजनाएं जबकि गहलोत जाते थे रिचार्ज डलवाने।" बेढ़म ने आगे कहा कि "जब भी मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा दिल्ली जाते हैं, तो राजस्थान के विकास के लिए जाते हैं, जिसके परिणामस्वरूप बड़ी-बड़ी परियोजनाएं राजस्थान को मिल रही हैं।" डबल इंजन की रफ्तार के साथ विकास के हर पैमाने पर राजस्थान अग्रणी है जबकि कांग्रेस केवल वोटों की राजनीति, आरोप-प्रत्यारोप और टिप्पणियों तक सीमित है। भाजपा सरकार विकास और जनकल्याण के कार्यों के माध्यम से जनता की सेवा कर रही है।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
