जयपुर, 14 नवंबर 2026। राजस्थान में विकास कार्यों को लेकर भाजपा और कांग्रेस के बीच राजनीतिक बहस तेज हो गई है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार के पांच वर्ष के कार्यकाल और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व वाली वर्तमान भाजपा सरकार के 34 माह के कामकाज की तुलना करते हुए दावा किया कि विकास और जनकल्याण के कई क्षेत्रों में भाजपा सरकार ने कम समय में कांग्रेस से दोगुने से लेकर चार गुना तक काम किए हैं। उन्होंने कांग्रेस नेताओं से विकास कार्यों पर सवाल उठाने से पहले अपने शासनकाल का रिकॉर्ड देखने और आंकड़ों के आधार पर विधानसभा में बहस करने की चुनौती दी।

मदन राठौड़ ने कहा कि कांग्रेस नेताओं को मीडिया में बयानबाजी करने के बजाय तथ्यों के आधार पर सरकारों के कामकाज की तुलना करनी चाहिए। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा विधानसभा में विकास कार्यों पर चर्चा के लिए सदैव तैयार हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के पांच वर्ष और भाजपा सरकार के 34 माह के विभागवार आंकड़े सार्वजनिक हैं। कांग्रेस नेताओं को बताना चाहिए कि उनके शासनकाल में गांवों, किसानों, युवाओं, महिलाओं और आमजन के लिए कौन से ठोस कार्य किए गए।

कृषि एवं किसान कल्याण के क्षेत्र के आंकड़े प्रस्तुत करते हुए राठौड़ ने बताया कि पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार ने पांच वर्ष में 52,182 हेक्टेयर क्षेत्र में सिंचाई सुविधा विकसित की थी, जबकि भजनलाल सरकार ने 34 माह में 1,42,000 हेक्टेयर क्षेत्र को सिंचाई सुविधा उपलब्ध कराई। पाइपलाइन अनुदान योजना के तहत कांग्रेस शासन में पांच वर्ष के दौरान 91,582 किसानों को लाभ मिला, जबकि वर्तमान सरकार ने 34 माह में 98,753 किसानों को लाभान्वित किया।

खेत तलाई निर्माण के मामले में कांग्रेस सरकार ने पांच वर्ष में 29,430 कार्य करवाए थे। इसके मुकाबले भाजपा सरकार ने 34 माह में 35 हजार 893 खेत तलाई का निर्माण करवाया। फार्म पॉन्ड निर्माण के लिए कांग्रेस सरकार ने पांच वर्ष में 202 करोड़ रुपए का अनुदान दिया, जबकि वर्तमान सरकार ने 34 माह में 369 करोड़ रुपए का अनुदान उपलब्ध कराया।

खेतों की तारबंदी के क्षेत्र में भी राठौड़ ने दोनों सरकारों के आंकड़ों की तुलना की। उन्होंने कहा कि कांग्रेस शासन में पांच वर्ष के दौरान 113 लाख मीटर तारबंदी करवाई गई, जबकि भाजपा सरकार ने 34 माह में 445 लाख मीटर तारबंदी का कार्य कराया। तारबंदी अनुदान पर कांग्रेस सरकार ने पांच वर्ष में 113 करोड़ रुपए खर्च किए थे, जबकि वर्तमान सरकार ने 511 करोड़ रुपए खर्च किए हैं।

ड्रिप एवं मिनी स्प्रिंकलर संयंत्रों की स्थापना में कांग्रेस सरकार ने पांच वर्ष में 1.83 लाख हेक्टेयर क्षेत्र को कवर किया था। वहीं, भाजपा सरकार ने 34 माह में 3.10 लाख हेक्टेयर क्षेत्र में यह सुविधा उपलब्ध कराई। इन संयंत्रों पर अनुदान के रूप में कांग्रेस सरकार ने 842 करोड़ रुपए दिए थे, जबकि वर्तमान सरकार ने 1304 करोड़ रुपए का अनुदान दिया। शेडनेट हाउस निर्माण में भी कांग्रेस के पांच वर्ष के 8.60 लाख वर्गमीटर के मुकाबले भाजपा सरकार ने 34 माह में 10.91 लाख वर्गमीटर क्षेत्र में निर्माण कार्य करवाया।

सौर ऊर्जा और कृषि उपकरणों के क्षेत्र में उपलब्धियां गिनाते हुए राठौड़ ने कहा कि कांग्रेस सरकार ने पांच वर्ष में 63,140 सोलर पंप सेट स्थापित किए थे, जबकि भाजपा सरकार ने 34 माह में 67,408 सोलर पंप सेट की स्थापना कर दी।

शिक्षा और आधारभूत संरचना के क्षेत्र में भी भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने वर्तमान सरकार के कामकाज को पूर्ववर्ती सरकार से बेहतर बताया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार के पांच वर्ष के कार्यकाल में स्कूली विद्यार्थियों को एक भी लैपटॉप या टेबलेट वितरित नहीं किया गया, जबकि भाजपा सरकार ने 34 माह में 88,724 विद्यार्थियों को लैपटॉप दिए।

महाविद्यालय भवन निर्माण में कांग्रेस सरकार ने पांच वर्ष में 57 भवन बनवाए थे, जबकि वर्तमान सरकार ने 34 माह में 229 भवनों का निर्माण करवाया। पॉलिटेक्निक कॉलेजों के मामले में कांग्रेस के पांच वर्ष के दौरान पांच कॉलेजों का कार्य हुआ, जबकि भाजपा सरकार ने 34 माह में 21 कॉलेजों का कार्य किया। संस्कृत महाविद्यालयों के क्षेत्र में भी कांग्रेस शासन के पांच वर्ष में तीन महाविद्यालयों की तुलना में भाजपा सरकार ने 34 माह में 17 महाविद्यालयों का कार्य किया।

प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत नवीन स्वीकृतियों का उल्लेख करते हुए राठौड़ ने बताया कि कांग्रेस सरकार ने पांच वर्ष में 77,950 स्वीकृतियां जारी की थीं, जबकि वर्तमान सरकार ने 34 माह में 1,25,000 नवीन स्वीकृतियां जारी की हैं।

सड़क निर्माण के क्षेत्र में कांग्रेस सरकार ने पांच वर्ष में 13,160 किलोमीटर नवीन सड़कों का निर्माण करवाया था। इसके मुकाबले भाजपा सरकार ने 34 माह में 18,917 किलोमीटर नवीन सड़कें बनवाईं। गांवों को सड़क संपर्क से जोड़ने के मामले में कांग्रेस शासन में पांच वर्ष के दौरान 1,104 गांवों को जोड़ा गया, जबकि वर्तमान सरकार ने 34 माह में 1,707 गांवों को सड़क संपर्क उपलब्ध कराया। मिसिंग लिंक सड़कों के निर्माण में भी कांग्रेस सरकार के पांच वर्ष के 6,614 किलोमीटर के मुकाबले भाजपा सरकार ने 34 माह में 10,030 किलोमीटर सड़कें बनाई हैं।

ऊर्जा क्षेत्र में कामकाज की तुलना करते हुए मदन राठौड़ ने कहा कि कांग्रेस सरकार के पांच वर्ष के दौरान बिजली उत्पादन क्षमता में 3,952 मेगावाट की वृद्धि हुई थी, जबकि वर्तमान सरकार ने 34 माह में 10,920 मेगावाट की वृद्धि की है। सौर ऊर्जा उत्पादन क्षमता के मामले में कांग्रेस सरकार ने पांच वर्ष में 15,000 मेगावाट की क्षमता विकसित की, जबकि भाजपा सरकार ने 34 माह में 28,303 मेगावाट की क्षमता विकसित की।

चार सौ केवी के सब स्टेशन निर्माण में कांग्रेस सरकार ने पांच वर्ष में केवल एक सब स्टेशन बनाया था, जबकि वर्तमान सरकार ने 34 माह में दो सब स्टेशन बनाए हैं। जल संरक्षण और ग्रामीण विकास के क्षेत्र में जल स्वावलंबन अभियान के तहत कांग्रेस सरकार ने पांच वर्ष में 1,233 करोड़ रुपए खर्च किए थे। इसके मुकाबले भाजपा सरकार ने 34 माह में 2,135 करोड़ रुपए खर्च किए हैं।

जल जीवन मिशन को लेकर कांग्रेस नेताओं के आरोपों पर भी राठौड़ ने जवाब दिया। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार से पर्याप्त सहयोग मिलने के बावजूद पूर्ववर्ती गहलोत सरकार इस योजना के अपेक्षित परिणाम हासिल नहीं कर पाई। उनके अनुसार, कांग्रेस शासनकाल में जल जीवन मिशन में अनियमितताओं के आरोप लगे थे और तत्कालीन मंत्री एवं अधिकारियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई हुई थी। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ योजनाओं को आगे बढ़ा रही है।

भर्ती परीक्षाओं में पेपर लीक के मुद्दे पर राठौड़ ने आरोप लगाया कि कांग्रेस शासनकाल में 19 पेपर लीक की घटनाएं सामने आई थीं, जबकि वर्तमान सरकार के कार्यकाल में ऐसी स्थिति उत्पन्न नहीं हुई है। आरपीएससी से जुड़े मामलों में भी तत्कालीन व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठे थे और कई लोगों के खिलाफ कार्रवाई हुई थी।

कांग्रेस सरकार के कार्यकाल की राजनीतिक परिस्थितियों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि पांच वर्षों तक तत्कालीन मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री के बीच राजनीतिक खींचतान बनी रही, जिससे विकास कार्य प्रभावित हुए। इसके विपरीत मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व वाली वर्तमान सरकार में आपसी समन्वय के साथ प्रदेश के विकास के लिए काम किया जा रहा है।

राठौड़ ने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राज्य सरकार जनसेवा, सुशासन, पारदर्शिता और विकास के संकल्प के साथ काम कर रही है। सरकार का लक्ष्य अंतिम पंक्ति में बैठे व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना और राजस्थान को विकसित प्रदेश बनाना है। उन्होंने कांग्रेस नेताओं से विकास कार्यों पर राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप के बजाय विभागवार आंकड़ों के आधार पर विधानसभा में चर्चा करने की बात दोहराई।

Next Story