योगी सरकार के सुशासन और महिला सुरक्षा का संदेश लेकर यूपी जाएंगी राजस्थान की 50 महिला कार्यकर्ता
प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ के अनुसार, यह दल सात दिवसीय प्रवास के दौरान योगी सरकार की नीतियों, सुशासन और महिला सुरक्षा कार्यों पर जनता से संवाद करेगा।

भगवा दुपट्टा पहने राजस्थान भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ जयपुर में चुनाव प्रचार कार्यक्रम के दौरान दिख रहे हैं।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा कि उत्तर प्रदेश में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व वाली सरकार ने कानून व्यवस्था मजबूत करने के साथ विकास को नई दिशा दी है। इसी सुशासन, सुरक्षा और विकास कार्यों को जनता तक पहुंचाने के उद्देश्य से भाजपा राजस्थान महिला मोर्चा की 50 महिला कार्यकर्ताओं का दल गुरुवार को उत्तर प्रदेश के लिए रवाना हुआ। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के मद्देनजर यह दल जागरण अभियान के तहत सात दिनों तक विभिन्न क्षेत्रों में प्रवास करेगा और प्रशिक्षण प्राप्त करने के बाद अलग-अलग विधानसभा क्षेत्रों में आमजन से संवाद करेगा।
जयपुर में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उत्तर प्रदेश में कानून व्यवस्था को मजबूत करने के साथ विकास को नई दिशा देने का काम किया है। योगी सरकार के कार्यकाल में सुरक्षा, आधारभूत ढांचे, औद्योगिक विकास और रोजगार के क्षेत्र में उल्लेखनीय परिवर्तन हुए हैं। इसी बदलाव और सरकार की जनहितैषी योजनाओं से आमजन को अवगत कराने के लिए महिला कार्यकर्ताओं को उत्तर प्रदेश भेजा गया है। वहां महिला मोर्चा कार्यकर्ताओं को विशेष प्रशिक्षण भी दिया जाएगा।
मदन राठौड़ ने कहा कि उत्तर प्रदेश में एक दशक पहले की स्थिति और वर्तमान हालात में काफी बदलाव आया है। पहले रात में ट्रेन से पहुंचने वाले यात्रियों, विशेषकर महिलाओं को सुरक्षा के अभाव में सुबह होने तक रेलवे स्टेशन पर इंतजार करना पड़ता था। अब प्रदेश में ऐसा सुरक्षा वातावरण बना है कि महिलाएं देर रात भी निडर होकर अपने घर पहुंच सकती हैं। योगी सरकार ने गुंडाराज समाप्त कर आमजन के आत्मसम्मान और सुरक्षा की रक्षा करने का काम किया है।
उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में सड़कों का सुदृढ़ीकरण हुआ है। फ्लाईओवर और पुलों का निर्माण होने के साथ औद्योगिक विकास को गति मिली है तथा रोजगार के नए अवसर पैदा हुए हैं। पहले उत्तर प्रदेश के लोग रोजगार की तलाश में दूसरे राज्यों में पलायन करते थे, लेकिन अब प्रदेश में ही रोजगार के अवसर उपलब्ध हो रहे हैं।
राठौड़ ने कहा कि योगी सरकार ने अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर उनमें कानून का भय पैदा किया है। अब अपराधी अपराध करने से पहले कई बार सोचने को मजबूर हैं। अनुशासन बनाए रखने के लिए कई बार कठोर दंड भी आवश्यक होता है। योगी सरकार ने सख्त कार्रवाई के माध्यम से कानून व्यवस्था को मजबूत किया है।
उत्तर प्रदेश रवाना हुई महिला कार्यकर्ताओं की प्रशंसा करते हुए राठौड़ ने कहा कि ये कार्यकर्ता वहां जाकर जनता, विशेषकर महिलाओं और युवाओं को योगी सरकार के विकास कार्यों, सुशासन और सुरक्षा व्यवस्था में आए बदलावों की जानकारी देंगी। महिला कार्यकर्ताओं ने अपने परिवार की अनुमति लेकर पार्टी का झंडा बुलंद करने और जागरण अभियान की जिम्मेदारी निभाने का संकल्प लिया है। इसके लिए वे बधाई की पात्र हैं। उन्होंने कहा कि पार्टी के अन्य कार्यकर्ता भी पंजाब सहित विभिन्न राज्यों में जाकर संगठन का पक्ष मजबूती से रखेंगे।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राहुल गांधी के बयानों की तुलना करते हुए मदन राठौड़ ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी राष्ट्र के सम्मान को सर्वोपरि रखते हैं, जबकि राहुल गांधी विदेश में जाकर भारत सरकार और देश की अर्थव्यवस्था की आलोचना कर रहे हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी की राष्ट्रभक्ति से जुड़ा एक अंतरराष्ट्रीय प्रसंग साझा करते हुए बताया कि एक अंतरराष्ट्रीय कार्यक्रम में फोटो सेशन के लिए निर्धारित स्थान पर प्रधानमंत्री मोदी ने जमीन पर पड़ा एक कार्ड उठाया, जिस पर तिरंगे का चिह्न अंकित था। उन्होंने कार्ड को सम्मानपूर्वक उठाकर अपने पास सुरक्षित रख लिया। राठौड़ ने इसे देश के प्रति सम्मान और राष्ट्रभक्ति की भावना का संदेश बताया।
उन्होंने कहा कि दूसरी ओर लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी विदेश में जाकर भारत सरकार और देश की अर्थव्यवस्था की आलोचना कर रहे हैं। भारत की अर्थव्यवस्था लगातार मजबूत हो रही है और ऐसे समय में विदेश में देश की प्रतिष्ठा को धूमिल करने वाले बयान देना उचित नहीं है। राठौड़ के अनुसार, प्रधानमंत्री मोदी के राष्ट्र के प्रति सम्मान और राहुल गांधी के विदेश में दिए गए बयानों की तुलना से दोनों के राष्ट्रीय चरित्र में अंतर स्पष्ट होता है।
भाजपा महिला मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष राखी राठौड़ ने कहा कि एक समय कांग्रेस शासन में राजस्थान को महिलाओं की सुरक्षा के लिहाज से चुनौतीपूर्ण प्रदेश माना जाता था, लेकिन भाजपा सरकार ने कानून व्यवस्था मजबूत कर आमजन में विश्वास कायम किया है। इसी तरह उत्तर प्रदेश में भी वर्ष 2017 से पहले कानून व्यवस्था की स्थिति चिंताजनक थी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में भाजपा सरकार ने इसे सुदृढ़ किया है और आज महिलाएं उत्तर प्रदेश में स्वयं को अधिक सुरक्षित महसूस कर रही हैं।
राखी राठौड़ ने कहा कि भाजपा सरकार ने कानून व्यवस्था के साथ महिला सशक्तिकरण को भी प्राथमिकता दी है। राजस्थान में पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार के दौरान प्रदेश को मर्दों के प्रदेश की पहचान मिली थी, लेकिन नारी शक्ति के सशक्तिकरण तक का बदलाव भाजपा की नीतियों और सुशासन का परिणाम है।
उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में भाजपा की विचारधारा, नीतियों और सरकार के कार्यों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए राजस्थान महिला मोर्चा की 50 महिला कार्यकर्ताओं की टीम सबसे पहले उत्तर प्रदेश रवाना हो रही है। सभी कार्यकर्ता सात दिनों तक वहां प्रवास करेंगी। प्रशिक्षण प्राप्त करने के बाद वे अलग-अलग विधानसभा क्षेत्रों में जाकर आमजन से संवाद करेंगी। इस दौरान भाजपा सरकार के विकास कार्यों, सुशासन और महिला सुरक्षा से जुड़े प्रयासों की जानकारी जनता तक पहुंचाई जाएगी। राखी राठौड़ ने कहा कि राजस्थान की महिला कार्यकर्ता पूरे उत्साह और समर्पण के साथ चुनाव प्रचार में भागीदारी निभाएंगी।
इस दौरान भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष सरिता गैना, मंत्री डॉ. अपूर्वा सिंह, कार्यालय सचिव मुकेश पारीक, मीडिया प्रभारी प्रमोद वशिष्ठ सहित बड़ी संख्या में महिला मोर्चा कार्यकर्ता उपस्थित रहीं।

