गुरु पूर्णिमा पर भाजपा का प्रदेशव्यापी मंदिर संपर्क अभियान, मुख्यमंत्री से लेकर सांसद-विधायक करेंगे संतों का सम्मान
गुरु पूर्णिमा पर भाजपा 29 जुलाई को पूरे राजस्थान में मंदिर संपर्क अभियान चलाएगी। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा सहित वरिष्ठ नेता पूजा-अर्चना, संत सम्मान और विशेष कलश यात्रा में शामिल होंगे।

तस्वीर में भाजपा प्रदेश महामंत्री श्रवण सिंह बगड़ी नारंगी कुर्ते और काले नेहरू जैकेट में नजर आ रहे हैं।
गुरु पूर्णिमा के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी 29 जुलाई को पूरे राजस्थान में सांस्कृतिक, धार्मिक और संगठनात्मक अभियान चलाएगी। भाजपा प्रदेश महामंत्री श्रवण सिंह बगड़ी ने बताया कि अभियान के तहत मुख्यमंत्री, मंत्री, सांसद, विधायक, जनप्रतिनिधि, भाजपा प्रदेश पदाधिकारी, जिला अध्यक्ष, जिला पदाधिकारी तथा भाजपा कार्यकर्ता प्रदेशभर के मंदिरों में पूजा-अर्चना करेंगे। इसके साथ ही संत-महंतों, पुजारियों और धार्मिक गुरुओं का सम्मान कर उनका आशीर्वाद प्राप्त करेंगे।
श्रवण सिंह बगड़ी ने बताया कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा डीग जिले के पूछरी स्थित विभिन्न मंदिरों में पूजा-अर्चना करेंगे। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ दिल्ली स्थित कनॉट प्लेस के प्राचीन हनुमान मंदिर में दर्शन करेंगे, जबकि प्रदेश संगठन महामंत्री अजेय कुमार दिल्ली रोड स्थित खोले के हनुमान मंदिर में पूजा-अर्चना के बाद संतों का सम्मान करेंगे। उन्होंने बताया कि भाजपा के प्रदेश, जिला और मंडल स्तर के पदाधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों के प्रमुख मंदिरों में पहुंचकर धार्मिक आयोजनों में भाग लेंगे।
उन्होंने कहा कि गुरु पूर्णिमा पर आयोजित यह मंदिर संपर्क अभियान पूरे प्रदेश में एक साथ संचालित किया जाएगा। पार्टी के मंत्री, विधायक, सांसद और वरिष्ठ पदाधिकारी विभिन्न मंदिरों में पूजा-अर्चना के साथ संतों और पुजारियों का सम्मान करेंगे। कई स्थानों पर दीपोत्सव, धार्मिक अनुष्ठान तथा सामाजिक समरसता से जुड़े कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। श्रवण सिंह बगड़ी स्वयं चांदी की टकसाल स्थित काले हनुमान मंदिर में पहुंचकर पूजा-अर्चना करेंगे और महंत गोपालदास महाराज का सम्मान करेंगे।
उन्होंने बताया कि विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी जयपुर के अमरापुर दरबार जाएंगे। उपमुख्यमंत्री दीया कुमारी हाथोज धाम (दक्षिण मुखी बालाजी), कालवाड़ रोड, जयपुर में पूजा-अर्चना करेंगी। राज्य वित्त आयोग के अध्यक्ष अरुण चतुर्वेदी जयपुर के गोविंद देवजी मंदिर, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अशोक परनामी मोती डूंगरी गणेश मंदिर, पूर्व नेता प्रतिपक्ष राजेंद्र राठौड़ नंदपुरी हनुमान मंदिर तथा प्रदेश महामंत्री मिथलेश गौतम प्रताप नगर स्थित हनुमान मंदिर में पहुंचेंगे।
श्रवण सिंह बगड़ी ने बताया कि गुरु पूर्णिमा के अवसर पर वाराणसी से एक विशेष कलश यात्रा भी निकाली जाएगी। उपमुख्यमंत्री प्रेमचंद बैरवा और भाजपा प्रदेश महामंत्री भूपेंद्र सैनी के नेतृत्व में पार्टी का प्रतिनिधिमंडल वाराणसी जाकर पवित्र कलश लेकर आएगा। राजस्थान की सीमा पर कलश का भव्य स्वागत किया जाएगा, जिसके बाद रथ के माध्यम से इसे जयपुर लाया जाएगा। राजधानी जयपुर में भी कलश यात्रा के स्वागत के लिए विशेष कार्यक्रम आयोजित होंगे, जिनमें भाजपा के वरिष्ठ नेता और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल होंगे।
श्रवण सिंह बगड़ी ने कहा कि भाजपा का यह अभियान केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि संत परंपरा के सम्मान, सामाजिक समरसता और समाज के विभिन्न वर्गों से संवाद का माध्यम भी है। उन्होंने कहा कि पार्टी के सभी जनप्रतिनिधि गुरु पूर्णिमा के अवसर पर मंदिरों में पहुंचकर संत समाज का आशीर्वाद प्राप्त करेंगे और धार्मिक-सामाजिक मूल्यों को सशक्त बनाने का संदेश देंगे।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
