राजस्थान: एएनटीएफ का राज्यव्यापी महा-ऑपरेशन, 7 जिलों में 8 ड्रग तस्कर गिरफ्तार
राजस्थान एंटी-नारकोटिक्स टास्क फोर्स ने राज्य के सात जिलों में एक साथ चलाए गए महा-ऑपरेशन में 8 ड्रग तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने भारी मात्रा में डोडा पोस्त, हेरोइन, गांजा और एमडी ड्रग्स बरामद करते हुए तस्करी में इस्तेमाल वाहन जब्त किए हैं।

राजस्थान को नशामुक्त बनाने के संकल्प के साथ एंटी-नारकोटिक्स टास्क फोर्स ने प्रदेश के सात अलग-अलग जिलों में एक साथ बड़े ऑपरेशनों को अंजाम दिया है। महानिदेशक पुलिस राजीव कुमार शर्मा एवं अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस दिनेश एमएन के मार्गदर्शन में एएनटीएफ की टीमों ने स्थानीय पुलिस के साथ मिलकर आठ शातिर तस्करों को गिरफ्तार किया है और तस्करी में प्रयुक्त चार वाहन भी जब्त किए हैं। एएनटीएफ महानिरीक्षक पुलिस विकास कुमार ने बताया कि इस अभियान के तहत डोडा पोस्त, हेरोइन, गांजा और सिंथेटिक ड्रग एमडी की बड़ी खेप बरामद की गई है।
श्रीगंगानगर के सूरतगढ़ सदर थाना क्षेत्र में पुलिस ने पंजाब के फाजिल्का निवासी राजसिंह को 40 ग्राम हेरोइन के साथ पकड़ा। पाली के सदर थाना क्षेत्र में कार से 45.700 किलोग्राम डोडा पोस्त बरामद कर जोधपुर निवासी सुभाष सियाक को गिरफ्तार किया गया। उदयपुर के मंडावा में पुलिस ने भीलवाड़ा निवासी प्रकाश और उदयपुर निवासी विरेन्द्र सिंह को 8.300 किलोग्राम गांजे और दो मोटरसाइकिलों के साथ पकड़ा। डीग के कुम्हेर में भरतपुर निवासी राजवीर सिंह को 2.015 किलोग्राम गांजे और बाइक के साथ गिरफ्तार किया गया। बाड़मेर के सदर थाना क्षेत्र में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए खेत से 5.500 किलोग्राम अवैध डोडा पोस्त बरामद किया, मामले में आरोपी दुर्गाराम की तलाश जारी है। हनुमानगढ़ के संगरिया में पुलिस ने 6.27 ग्राम हेरोइन के साथ रमेश कुमार को पकड़ा। वहीं, बीकानेर की जयनारायण व्यास कॉलोनी में अशोक कुमार और सुरेन्द्र को 9.54 ग्राम एमडी के साथ गिरफ्तार किया गया।

Pratahkal Newsroom
प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
