ड्रग्स माफियाओं पर एएनटीएफ का बड़ा प्रहार: तीन जिलों में ताबड़तोड़ कार्रवाई, तीन तस्कर गिरफ्तार
राजस्थान में नशा तस्करों पर एएनटीएफ का शिकंजा कसा, फलोदी, चित्तौड़गढ़ और उदयपुर में एक साथ छापेमारी कर तीन तस्करों को गिरफ्तार किया गया। भारी मात्रा में डोडा-चूरा और प्रतिबंधित कैप्सूल बरामद, जानें क्या है पूरा मामला।

उदयपुर में ई-मित्र केंद्र की आड़ में प्रतिबंधित नशीली दवाइयां बेचते पकड़ा गया आरोपी, एएनटीएफ की टीम ने मादक पदार्थ भी जब्त किए।
राजस्थान को नशामुक्त बनाने के संकल्प को सिद्ध करते हुए एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) ने राज्य के तीन अलग-अलग जिलों में एक साथ बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। महानिदेशक पुलिस राजीव कुमार शर्मा के निर्देशन और एएनटीएफ महानिरीक्षक विकास कुमार के नेतृत्व में ड्रग्स माफियाओं के खिलाफ चलाए जा रहे जीरो टॉलरेंस अभियान के तहत फलोदी, चित्तौड़गढ़ और उदयपुर में बैक-टू-बैक छापे मारकर तीन तस्करों को सलाखों के पीछे पहुँचाया गया है। इन सफल अभियानों में भारी मात्रा में डोडा-चूरा, प्रतिबंधित नशीली दवाइयां और तस्करी में प्रयुक्त वाहन जब्त किए गए हैं।
एएनटीएफ की पहली कार्रवाई फलोदी जिले के लोहावट थाना क्षेत्र में हुई, जहाँ पुख्ता सूचना के आधार पर जाखड़ों की ढाणी में घेराबंदी कर भोमाराम जाट को 15.406 किलोग्राम अवैध डोडा-चूरा के साथ गिरफ्तार किया गया। दूसरी महत्वपूर्ण सफलता चित्तौड़गढ़ के भादसौड़ा थाना क्षेत्र में मिली, जहाँ उदयपुर-चित्तौड़गढ़ हाईवे पर स्थित श्री देव दर्शन होटल पर टीम ने विशेष प्रशिक्षित स्निफर डॉग की मदद से दबिश दी। होटल के काउंटर में शातिर तरीके से छुपाकर रखा गया 3.780 किलोग्राम अवैध डोडा-चूरा बरामद कर लक्ष्मणराम देवासी को हिरासत में लिया गया। वहीं, उदयपुर के सूरजपोल थाना क्षेत्र में ई-मित्र केंद्र की आड़ में प्रतिबंधित नशीले कैप्सूल की सप्लाई करने वाले रवि अठवाल को पुलिस ने रंगे हाथों दबोचा। आरोपी के पास से 40 प्रतिबंधित कैप्सूल और तस्करी में उपयोग की जा रही स्कूटी जब्त की गई।
महानिरीक्षक विकास कुमार ने स्पष्ट किया कि प्रदेश में नशीले पदार्थों के नेटवर्क को जड़ से मिटाने के लिए एएनटीएफ की मुहिम निरंतर जारी रहेगी। इन ऑपरेशनों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली पुलिस टीमों को विशेष रूप से सम्मानित किया जाएगा। उन्होंने आमजन से अपील की है कि मादक पदार्थों की तस्करी संबंधी जानकारी एएनटीएफ नियंत्रण कक्ष के नंबर 0141-2502877 अथवा व्हाट्सएप नंबर 9261225056 पर साझा करें, जहाँ सूचना देने वाले की पहचान पूर्णतः गोपनीय रखी जाएगी।

Pratahkal Newsroom
प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
