नशामुक्ति अभियान: राजस्थान में 1.45 करोड़ से अधिक लोगों तक जागरूकता
350 से अधिक कॉलेजों में नई किरण केंद्र, 11 जिलों में नशामुक्ति केंद्र और 6,492 नशामुक्ति मित्रों के जरिए जमीनी स्तर पर युवाओं व समाज को जोड़ा जा रहा है।

राजस्थान में 100 सप्ताह के नशा मुक्त युवा अभियान के तहत जागरूकता रैली से 1.45 करोड़ लोगों तक संदेश पहुंचा।
जयपुर, 21 नवंबर। नशे के खिलाफ राजस्थान में चलाए जा रहे अभियान ने व्यापक जनभागीदारी के साथ नई गति पकड़ी है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में प्रदेश में नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूकता फैलाने, युवाओं को नशे से दूर रखने और सामाजिक सहभागिता से नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए बड़े स्तर पर प्रयास किए जा रहे हैं। अभियान के तहत अब तक 1.45 करोड़ से अधिक लोगों तक जागरूकता का संदेश पहुंचाया जा चुका है, जबकि 53 लाख से अधिक युवा भी इससे जुड़ चुके हैं।
केन्द्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार, नशा मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत राजस्थान में अब तक नशामुक्ति के लिए 2 लाख 94 हजार 536 संकल्प लिए गए हैं। प्रदेश में 1 करोड़ 45 लाख 70 हजार से अधिक लोगों को नशे के विरुद्ध जागरूक किया गया है। इनमें 53 लाख 66 हजार युवा और 35 लाख 89 हजार महिलाएं शामिल हैं। अभियान के तहत अब तक 13 हजार 590 जागरूकता गतिविधियां आयोजित की जा चुकी हैं। वहीं, नई पीढ़ी को नशे के दुष्परिणामों से अवगत कराने के उद्देश्य से 23 हजार 460 शैक्षणिक संस्थानों तक भी यह मुहिम पहुंचाई गई है।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि ऊर्जावान, जागरूक और नशामुक्त युवा ही राष्ट्रीय विकास की वास्तविक पूंजी हैं। वे विकसित भारत के संकल्प को साकार करने की सबसे बड़ी प्रेरक शक्ति भी हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए प्रभावी कदम उठा रही है। उच्च शिक्षण संस्थानों में नशीले पदार्थों की रोकथाम के उद्देश्य से 350 से अधिक महाविद्यालयों, इंजीनियरिंग एवं पॉलिटेक्निक कॉलेजों में नई किरण नशा मुक्ति केन्द्र स्थापित किए गए हैं।
मुख्यमंत्री ने बताया कि राज सवेरा कार्यक्रम के तहत जिला चिकित्सालयों में नशामुक्ति वार्ड स्थापित किए जा रहे हैं। इसके साथ ही नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाते हुए कठोर कार्रवाई की जा रही है। राजस्थान में 100 सप्ताह के लिए नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत संकल्प अभियान भी राष्ट्रव्यापी जन आंदोलन के रूप में संचालित किया जा रहा है।
अभियान को जमीनी स्तर पर प्रभावी बनाने में नशामुक्ति मित्रों की भूमिका भी महत्वपूर्ण है। ये मित्र समाज में नशे के खिलाफ जागरूकता फैलाने, सकारात्मक वातावरण तैयार करने और नशे की समस्या से प्रभावित व्यक्तियों को सहयोग एवं मार्गदर्शन उपलब्ध कराने का कार्य कर रहे हैं। उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार, राजस्थान में वर्तमान में 6 हजार 492 नशामुक्ति मित्र सक्रिय रूप से काम कर रहे हैं।
वहीं, राज्य सरकार ने जालौर, बीकानेर, जयपुर, गंगानगर, हनुमानगढ़, बाड़मेर, अजमेर, जैसलमेर, चित्तौड़गढ़, चुरू और नागौर सहित कुल 11 जिलों में संस्थाओं का चयन कर 25-25 बेड की क्षमता वाले नशामुक्ति केन्द्रों का संचालन भी शुरू कर दिया है।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने नशीले पदार्थों के सेवन की समस्या से निपटने के लिए किए जाने वाले प्रयासों को केवल नियमित या प्रतीकात्मक गतिविधियों तक सीमित नहीं रखने पर जोर दिया है। उन्होंने युवाओं के बीच जागरूकता पैदा करने और समाज की व्यापक भागीदारी सुनिश्चित करने का आह्वान करते हुए कहा है कि व्यवहार में स्थायी बदलाव तभी संभव है, जब समाज स्वयं इस अभियान में सक्रिय भूमिका निभाए।
प्रधानमंत्री के इसी आह्वान के अनुरूप राजस्थान में नशे के खिलाफ सामाजिक क्रांति की दिशा में काम किया जा रहा है। प्रदेश में करोड़ों लोगों तक पहुंचा जागरूकता संदेश, शैक्षणिक संस्थानों में अभियान की पहुंच, नशामुक्ति मित्रों की सक्रियता और उपचार केन्द्रों का संचालन इस मुहिम को व्यापक सामाजिक आंदोलन का स्वरूप देने के प्रयासों को दर्शाता है।

