राजस्थान: ANTF का 'सुपर संडे' ऑपरेशन, 92 लाख की ड्रग्स के साथ 6 तस्कर गिरफ्तार
राजस्थान पुलिस की एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स ने 'सुपर संडे' पर 92 लाख की ड्रग्स के साथ 6 तस्करों को दबोचा। ट्रक के गुप्त चैंबर से लेकर खेतों में उगाई जा रही गांजे की फसल तक, कैसे हुआ इस बड़े ड्रग्स सिंडिकेट का भंडाफोड़? पढ़ें पूरी रिपोर्ट।

राजस्थान में एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स ने ट्रक में बने गुप्त चैंबर और अन्य स्थानों से 92 लाख रुपये का नशा बरामद कर 6 तस्करों को गिरफ्तार किया है।
राजस्थान में नशे के काले कारोबार पर नकेल कसते हुए एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) ने रविवार को एक साथ छह बड़ी कार्रवाई कर नशा तस्करों की कमर तोड़ दी है। महानिदेशक पुलिस राजीव कुमार शर्मा के निर्देशन और आईजी विकास कुमार के मार्गदर्शन में चलाए गए इस महा-ऑपरेशन के दौरान प्रदेश के अलग-अलग जिलों में तस्करों के मंसूबों पर पानी फेरते हुए 92 लाख रुपये मूल्य के अवैध मादक पदार्थ जब्त किए गए हैं। इस सघन अभियान में 519.290 किलोग्राम डोडा चूरा, गांजे के 139 पौधे, स्मैक और अफीम की बड़ी खेप बरामद कर 6 शातिर तस्करों को सलाखों के पीछे पहुंचाया गया है।
अभियान की सबसे बड़ी सफलता भीलवाड़ा के मांडल में देखने को मिली, जहां चित्तौड़गढ़ से बाड़मेर जा रहे एक ट्रक को पुलिस ने नाकेबंदी कर रुकवाया। देखने में सामान्य लगने वाले इस ट्रक की बनावट में शातिराना तरीके से फेरबदल किया गया था। तस्कर ने ट्रक की चेचिस और फर्श के बीच लोहे की चादरों से वेल्डिंग कर एक-एक फीट गहरे गुप्त चैंबर बना रखे थे। पुलिस ने गैस कटर की मदद से इन गुप्त खानों को कटवाया, तो भीतर से 517.07 किलोग्राम डोडा चूरा बरामद हुआ। इसी प्रकार, करौली के हिण्डौन सिटी में एक बगीची में 0.23 हेक्टेयर भूमि पर अवैध गांजे की खेती का भंडाफोड़ किया गया, जहां से गांजे के 139 पौधे जब्त किए गए।
अन्य कार्रवाइयों में बाड़मेर के चौहटन में एक कैफे की आड़ में चल रहे नशा कारोबार से अफीम और डोडा चूरा जब्त हुआ, जबकि धनाऊ में एक वस्त्र भंडार की तलाशी में अवैध डोडा चूरा बरामद किया गया। उदयपुर के सविना में स्कूटी सवार दो युवक गांजे के साथ दबोचे गए, वहीं नागौर में पूर्व में भी गिरफ्तार रह चुके एक तस्कर को स्मैक के साथ दोबारा पकड़ा गया। आईजी विकास कुमार ने सभी संबंधित पुलिस टीमों के कार्यों की सराहना करते हुए उन्हें सम्मानित करने की घोषणा की है। साथ ही, उन्होंने आमजन से अपील की है कि नशे के खिलाफ इस युद्ध में आगे आएं और सूचना साझा करें, जिसमें सूचना देने वाले की पहचान पूर्णतः गोपनीय रखी जाएगी। यह अभियान नशे के विरुद्ध राजस्थान पुलिस की बढ़ती सक्रियता और शून्य सहनशीलता नीति को स्पष्ट करता है।

Pratahkal Newsroom
प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
