नशा मुक्त राजस्थान 2029: एएनटीएफ की छह जिलों में कार्रवाई, 424 किलो से अधिक मादक पदार्थ जब्त
राजस्थान के छह जिलों में एएनटीएफ ने एक साथ कार्रवाई कर 424 किलो से अधिक डोडा पोस्त, अफीम, एमडीएमए और एमडी जब्त किया। सात आरोपी गिरफ्तार और चार वाहन जब्त किए गए, जबकि तस्करी नेटवर्क की जांच जारी है।

तस्वीर में बाड़मेर में एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स की कार्रवाई के दौरान पुलिसकर्मी और आरोपी बरामद मादक पदार्थों के बोरों के साथ खड़े नजर आ रहे हैं.
राजस्थान को नशामुक्त बनाने के लक्ष्य के तहत एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) ने मादक पदार्थ तस्करों के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। एएनटीएफ ने बाड़मेर, जालोर, नागौर, भीलवाड़ा, चित्तौड़गढ़ और उदयपुर में एक साथ छह अलग-अलग कार्रवाइयां करते हुए 424 किलोग्राम से अधिक डोडा पोस्त, अफीम, एमडीएमए और एमडी बरामद किया। कार्रवाई में सात आरोपियों को गिरफ्तार किया गया तथा चार वाहन जब्त किए गए। जब्त मादक पदार्थों की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 65 लाख रुपये बताई गई है।
एएनटीएफ महानिरीक्षक पुलिस विकास कुमार ने बताया कि महानिदेशक पुलिस राजीव कुमार शर्मा और अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस दिनेश एमएन के मार्गदर्शन एवं निर्देशन में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी है। एएनटीएफ तस्करों के नेटवर्क पर कार्रवाई के साथ नशे की मांग कम करने के लिए जागरूकता अभियान भी चला रही है।
बाड़मेर के नागाणा थाना क्षेत्र में एएनटीएफ की सूचना पर स्थानीय पुलिस के साथ संयुक्त कार्रवाई में 248 किलो 550 ग्राम डोडा पोस्त बरामद किया गया। पुलिस ने मौके से एक कार जब्त कर अशोक कुमार पुत्र आईदानराम (37) निवासी अम्बावाड़ी शिव, हाल कवास को गिरफ्तार किया। अशोक कुमार के डोडा पोस्त लेकर काउखेड़ा क्षेत्र से गुजरने की सूचना पर नाकाबंदी की गई थी। इस दौरान संदिग्ध किआ कार दिखाई दी। पुलिस को देखकर चालक ने वाहन वापस मोड़ने का प्रयास किया, लेकिन टीम ने घेराबंदी कर उसे रोक लिया। कार की तलाशी में काले प्लास्टिक कट्टों और कपड़े के बोरों में भरा डोडा पोस्त मिला।
पूछताछ में सामने आया कि अशोक कुमार पूर्व में भी डोडा पोस्त तस्करी से जुड़ा रहा है। वह मेवाड़ और मध्यप्रदेश क्षेत्र से मादक पदार्थ लाकर मारवाड़ क्षेत्र में सप्लाई करने वाले तस्करों के संपर्क में था। आरोपी ने बताया कि इलेक्ट्रिकल की दुकान चलाने के दौरान वह तस्करों के संपर्क में आया और उनकी जीवनशैली से प्रभावित होकर तस्करी में शामिल हुआ। उसके खिलाफ पूर्व में भी तस्करी समेत अन्य आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं और वह कुछ मामलों में फरार चल रहा था। पूछताछ में बाड़मेर के रीको क्षेत्र में अपहरण और फायरिंग के एक मामले में जेल जाने की जानकारी भी सामने आई है।
जालोर के आहोर थाना क्षेत्र में एएनटीएफ ने दो स्विफ्ट कारों से 105 किलो 720 ग्राम डोडा पोस्त बरामद किया। कार्रवाई में दोनों कारें जब्त कर खीयाराम और गौतम, दोनों निवासी बाकलसर, बाड़मेर, को गिरफ्तार किया गया। एएनटीएफ को सूचना मिली थी कि मध्यप्रदेश के मनासा से दो कारें मादक पदार्थ लेकर जालोर के रास्ते बाड़मेर की ओर जा रही हैं। टीम ने वाहनों की निगरानी शुरू की। एक टीम ने उनका पीछा किया, जबकि दूसरी टीम ने कानिवाड़ा क्षेत्र में नाकाबंदी की।
नाकाबंदी देखकर वाहन चालकों ने रुकने के बजाय भागने का प्रयास किया। पुलिस ने स्टॉप स्टिक की मदद से एक कार को रोक लिया, जबकि दूसरी कार तेज गति में अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई। दोनों वाहनों से लोग निकलकर झाड़ियों की ओर भागे, लेकिन टीम ने पीछा कर दो आरोपियों को पकड़ लिया। दोनों कारों की तलाशी में भारी मात्रा में डोडा पोस्त बरामद हुआ। एक आरोपी गौतम के चोट लगने पर उसे उपचार के लिए जालोर अस्पताल भेजा गया।
नागौर के श्रीबालाजी थाना क्षेत्र में एएनटीएफ की सूचना पर पुलिस ने रातड़ी निवासी चोखाराम के मकान पर कार्रवाई की। तलाशी के दौरान कमरे से तीन काले प्लास्टिक कट्टे, इलेक्ट्रॉनिक कांटा और मिक्सी मिली। कट्टों की जांच करने पर उनमें डोडा पोस्त चूरा एवं छिलका मिला। पुलिस ने मौके से 44 किलो 274 ग्राम डोडा पोस्त बरामद कर चोखाराम पुत्र मूलाराम (39) को गिरफ्तार किया।
भीलवाड़ा के सुभाष नगर थाना क्षेत्र में सुखाड़िया सर्किल के पास एएनटीएफ की सूचना पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 24 किलो 840 ग्राम डोडा पोस्त बरामद किया। मौके से संदीप पुत्र बक्शी सिंह (29) निवासी फरीदकोट, पंजाब, हाल कोटकपुरा को गिरफ्तार किया गया। आरोपी दो बैग लेकर बस का इंतजार कर रहा था। टीम ने घेराबंदी कर उसे पकड़ा। दोनों बैगों की तलाशी में डोडा पोस्त बरामद हुआ। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी मध्यप्रदेश से मादक पदार्थ लेकर राजस्थान के रास्ते पंजाब तक पहुंचाता था और प्रत्येक चक्कर के लिए करीब 10 हजार रुपये लेता था।
चित्तौड़गढ़ के गंगरार थाना क्षेत्र के कुरातिया गांव में एएनटीएफ की सूचना पर स्थानीय पुलिस के साथ कार्रवाई की गई। तलाशी के दौरान 139.05 ग्राम अफीम और 5 ग्राम एमडीएमए बरामद हुआ। मौके से देवीलाल पुत्र लक्ष्मण (50) निवासी कुरातिया थाना गंगरार को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने बरामद मादक पदार्थ जब्त कर प्रकरण दर्ज किया है।
उदयपुर के डबोक थाना क्षेत्र में एएनटीएफ टीम को गुउली से खेमली की ओर जाते समय सड़क किनारे एक व्यक्ति स्कूटी के साथ संदिग्ध अवस्था में दिखाई दिया। टीम को देखकर वह व्यक्ति पैदल ही खेतों की ओर भागने लगा। पीछा कर उसे पकड़ा गया और स्थानीय पुलिस को मौके पर बुलाया गया। तलाशी में आरोपी कैलाश पुत्र खरताराम (30) निवासी ओड़वाडिया थाना डबोक के पास से 5.73 ग्राम एमडी बरामद हुई। पुलिस ने मादक पदार्थ के साथ उसकी स्कूटी आरजे 27 एवाई 6345 भी जब्त कर ली।
छह जिलों में हुई इन छह कार्रवाइयों में मादक पदार्थों की बरामदगी के साथ इनके परिवहन और सप्लाई से जुड़े नेटवर्क की जानकारी जुटाई जा रही है। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के आधार पर मादक पदार्थों के स्रोत और आगे की सप्लाई श्रृंखला से जुड़े अन्य लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई की दिशा में जांच जारी है।
एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स ने स्पष्ट किया है कि प्रदेश को नशामुक्त बनाने तक अभियान अनवरत जारी रहेगा। आमजन मादक पदार्थों की खरीद-फरोख्त से जुड़ी कोई भी गोपनीय सूचना एएनटीएफ कंट्रोल रूम के नंबर 0141-2502877 या व्हाट्सऐप नंबर 9261225056 पर दे सकते हैं। सूचना देने वाले का नाम और पहचान पूर्णतः गुप्त रखी जाएगी।

