राजस्थान में नशे के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान को एक बड़ी सफलता तब मिली जब एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) ने एक ही दिन में प्रदेश के विभिन्न जिलों में चार बड़ी कार्रवाईयों को अंजाम देते हुए अवैध मादक पदार्थों के नेटवर्क पर करारा प्रहार किया। महानिदेशक पुलिस राजीव कुमार शर्मा के निर्देशन में एएनटीएफ की टीमों ने जालोर, ब्यावर और जयपुर में स्थानीय पुलिस के सहयोग से छापेमारी कर अफीम, स्मैक और गांजे की बड़ी मात्रा बरामद की तथा पांच आरोपियों को दस्तयाब किया।


पहली कार्रवाई जालोर जिले के भीनमाल थाना क्षेत्र के जेरण गांव में की गई। एएनटीएफ को सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति अपने घर से अवैध अफीम की खरीद-फरोख्त कर रहा है। सूचना के आधार पर एएनटीएफ और भीनमाल पुलिस की संयुक्त टीम ने जुठाराम देवासी के मकान पर दबिश दी। तलाशी के दौरान रसोईघर में छिपाकर रखी गई 938 ग्राम अवैध निर्मित अफीम बरामद हुई। पुलिस ने अफीम जब्त कर आरोपी जुठाराम देवासी (48) को हिरासत में ले लिया।

दूसरी कार्रवाई ब्यावर शहर के कंचन पेट्रोल पंप के समीप की गई, जहां स्कूटी के जरिए स्मैक की सप्लाई किए जाने की सूचना मिली थी। एएनटीएफ की टीम ने सादे वस्त्रों में निगरानी करते हुए मौके पर जाल बिछाया। कुछ समय बाद एक महिला और पुरुष स्कूटी पर वहां पहुंचे। संदेह के आधार पर दोनों को रोका गया और ब्यावर सिटी थाना पुलिस की मौजूदगी में स्कूटी की डिग्गी की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान 24.88 ग्राम अवैध स्मैक बरामद हुई। पुलिस ने स्मैक और स्कूटी जब्त कर आरोपी दीपक कुमार (45) तथा उसकी पत्नी लक्ष्मी देवी (43), निवासी सांसी बस्ती छावनी, को दस्तयाब कर लिया।


तीसरी कार्रवाई जयपुर ग्रामीण के शिवदासपुरा थाना क्षेत्र में पूर्णिमा कॉलेज के पीछे महात्मा गांधी पुलिया के पास स्थित झुग्गी-झोंपड़ियों में की गई। एएनटीएफ को सूचना मिली थी कि एक महिला संदिग्ध सामान के साथ वहां मौजूद है। संयुक्त पुलिस टीम के पहुंचते ही महिला भागने का प्रयास करने लगी, लेकिन महिला पुलिसकर्मियों की सहायता से उसे रोक लिया गया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 335 ग्राम अवैध गांजा, 0.71 ग्राम स्मैक तथा मादक पदार्थों की बिक्री से अर्जित 21,500 रुपये की नकदी बरामद हुई। महिला की पहचान शरबत देवी (55), निवासी टोंक, के रूप में हुई।

इसी क्रम में चौथी कार्रवाई जयपुर शहर के नारायण विहार थाना क्षेत्र की जयशंकर कॉलोनी, न्यू सांगानेर रोड में की गई। यहां संदिग्ध परिस्थितियों में खड़ी एक महिला पुलिस वाहन को देखकर भागने लगी। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। उसके बैग की तलाशी लेने पर 142 ग्राम अवैध गांजा और नशे की बिक्री से प्राप्त 2,000 रुपये नकद बरामद हुए। पुलिस ने आरोपी लाली देवी (32) पत्नी नेमीचंद सांसी को दस्तयाब कर मादक पदार्थ जब्त कर लिया।

एएनटीएफ के महानिरीक्षक पुलिस विकास कुमार ने इन चारों कार्रवाइयों को नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान की महत्वपूर्ण सफलता बताया। उन्होंने इस ऑपरेशन में शामिल एएनटीएफ, भीनमाल पुलिस, ब्यावर सिटी पुलिस, शिवदासपुरा पुलिस तथा नारायण विहार पुलिस की भूमिका की सराहना करते हुए बताया कि कार्रवाई में शामिल अधिकारियों और जवानों को एएनटीएफ मुख्यालय में आयोजित विशेष कार्यक्रम में सम्मानित किया जाएगा।

एएनटीएफ ने आमजन से भी सहयोग की अपील की है। महानिरीक्षक विकास कुमार ने कहा कि यदि किसी क्षेत्र में नशा तस्करी या अन्य आपराधिक गतिविधियों की जानकारी हो तो उसकी सूचना एएनटीएफ कंट्रोल रूम नंबर 0141-2502877 अथवा व्हाट्सएप नंबर 9261225056 पर दी जा सकती है। पुलिस प्रशासन ने आश्वस्त किया है कि सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।

राजस्थान में नशे के अवैध कारोबार के विरुद्ध की गई यह समन्वित कार्रवाई कानून प्रवर्तन एजेंसियों की सक्रियता और तस्करी नेटवर्क पर बढ़ते शिकंजे का महत्वपूर्ण उदाहरण बनकर सामने आई है।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story