राजस्थान पुलिस की विशेष इकाई एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) ने अपने गठन का एक वर्ष पूरा होने से ठीक पहले 100वें फरार इनामी अपराधी को गिरफ्तार कर अपनी ‘सेंचुरी’ पूरी कर ली। एएनटीएफ आगामी 7 अक्टूबर 2026 को स्थापना का एक वर्ष पूरा करेगी। इससे ठीक पहले ‘ऑपरेशन मारामन’ के तहत चित्तौड़गढ़ पुलिस द्वारा घोषित ₹25,000 के इनामी और पिछले 3 वर्षों से फरार चल रहे कुख्यात तस्कर निम्बाराम उर्फ निमाराम को गिरफ्तार किया गया।

एएनटीएफ महानिरीक्षक पुलिस श्री विकास कुमार ने बताया कि महानिदेशक पुलिस श्री राजीव कुमार शर्मा और अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस श्री दिनेश एमएन के मार्गदर्शन एवं निर्देशन में नशा तस्करों और मादक पदार्थों के अवैध नेटवर्क के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में लंबे समय से फरार चल रहे इनामी अपराधियों की गिरफ्तारी पर भी विशेष फोकस रखा गया है।

मुखबिर से एएनटीएफ को सटीक सूचना मिली थी कि फरार इनामी आरोपी निम्बाराम चित्तौड़गढ़ के जोगणिया माता क्षेत्र स्थित जोगणिया रिसॉर्ट में मध्यप्रदेश से मारवाड़ में डोडा पोस्त की भारी खेप सप्लाई करने की योजना को लेकर अपने साथियों के साथ बैठक कर रहा है। सूचना मिलते ही एएनटीएफ टीम ने जोगणिया रिसॉर्ट की घेराबंदी कर दी।

पुलिस की बोलेरो गाड़ी देखते ही शातिर आरोपी होटल की दीवार फांदकर खेतों की ओर भाग निकला। एएनटीएफ टीम ने करीब 1 से 2 किलोमीटर तक पैदल उसका पीछा किया। खुद को घिरता देख आरोपी जोगणिया माता मंदिर परिसर के चौक में चल रहे पारंपरिक गवरी नृत्य के दौरान श्रद्धालुओं की भीड़ में जाकर छिप गया। पीछा कर रही टीम ने तत्परता और सूझबूझ से भीड़ के बीच ही आरोपी निम्बाराम को घेरकर दबोच लिया।

आईजी विकास कुमार ने बताया कि आरोपी निम्बाराम जाट पुत्र किशनाराम, निवासी पश्चिमी ढाणी जाटावास, थाना लोहावट, जिला फलोदी ने कक्षा 8 के बाद पढ़ाई छोड़ दी थी और ट्रक चलाने से शुरुआत की थी। बाद में लड़ाई-झगड़े के मामले में जेल जाने के दौरान उसका संपर्क बड़े तस्करों से हुआ। यहीं उसने तस्करी के गुर सीखे।

वर्ष 2024 में पारसोली थाना क्षेत्र, चित्तौड़गढ़ में बागुंडा बालाजी के पास पुलिस नाकाबंदी देखकर आरोपी डोडा चूरा से भरी अपनी फॉर्च्यूनर गाड़ी छोड़कर जंगल में भाग गया था। इसी प्रकार जावदा-रावतभाटा क्षेत्र से 3 क्विंटल 16 किलो डोडा चूरा से भरी हैरियर गाड़ी लेकर जाते समय कोटा के आर.के. पुरम थाना क्षेत्र में पुलिस घेराबंदी होने पर वह गाड़ी छोड़कर फरार हो गया था। फरारी के दौरान भी वह लगातार अवैध मादक पदार्थों की तस्करी में सक्रिय रहा।

आरोपी निम्बाराम के खिलाफ वर्ष 2017 से 2026 के मध्य राजस्थान के विभिन्न जिलों में 26 गंभीर आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। उसके खिलाफ लोहावट, बनाड़, मथानिया, मंडोर, ओसियां, रोहट, चित्तौड़गढ़ सहित विभिन्न थाना क्षेत्रों में एनडीपीएस एक्ट, आर्म्स एक्ट, आबकारी अधिनियम के तहत मामले दर्ज हैं। इनमें हत्या के प्रयास, मारपीट, लूट, आपराधिक षड्यंत्र और अन्य गंभीर अपराधों से संबंधित प्रकरण भी शामिल हैं।

एएनटीएफ महानिरीक्षक श्री विकास कुमार ने बताया कि स्थापना दिवस पर आयोजित विशेष कार्यक्रम के दौरान इस सफल कार्रवाई में शामिल पूरी टीम को पुलिस मुख्यालय में विशेष रूप से सम्मानित किया जाएगा।

एएनटीएफ ने आमजन से अपील की है कि नशा तस्करी या वांछित अपराधियों से जुड़ी कोई भी गोपनीय सूचना एएनटीएफ कंट्रोल रूम के नंबर 0141-2502877 या व्हाट्सएप नंबर 9261225056 पर दी जाए। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूर्णतः गुप्त रखी जाएगी। स्थापना का एक वर्ष पूरा होने से पहले 100वें फरार इनामी अपराधी की गिरफ्तारी एएनटीएफ की इस कार्रवाई का प्रमुख पड़ाव बनी है।

Next Story