जयपुर, 14 सितंबर। पुलिस महानिदेशक, राजस्थान श्री राजीव कुमार शर्मा और अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक श्री दिनेश एम.एन के निर्देशन में मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) को बड़ी सफलता मिली है। एएनटीएफ ने दो साल से फरार चल रहे 25 हजार रुपए के इनामी आरोपी और भीलवाड़ा निवासी ब्रह्मलाल पुत्र गंगाराम जाट को महाराष्ट्र के नंदुरबार क्षेत्र से गिरफ्तार किया है। पुलिस से बचने के लिए आरोपी लगातार अपने ठिकाने बदल रहा था और करीब एक साल से क्रेशर प्लांट पर मजदूरी करने के साथ ट्रैक्टर चलाकर अपनी पहचान छिपा रहा था।

एएनटीएफ के अनुसार वर्ष 2024 में आसींद थाना पुलिस ने ब्रह्मलाल के ट्रक को डोडा-चूरा के साथ पकड़ा था। पुलिस की कार्रवाई की भनक लगते ही वह फरार हो गया। इसके बाद उसने गुजरात के सोनगढ़ क्षेत्र में करीब 7-8 माह तक क्रेशर प्लांट पर मजदूरी की। वहां से वह भीलवाड़ा के एक परिचित के माध्यम से महाराष्ट्र के नंदुरबार जिले के डेकवड क्षेत्र में पहुंचा। यहां करीब एक साल से पहचान छिपाकर मजदूरी और ट्रैक्टर चलाने का काम कर रहा था। पुलिस से बचने के लिए उसने मोबाइल का इस्तेमाल भी बंद कर दिया था।

एएनटीएफ को नंदुरबार क्षेत्र में मुखबिर से सूचना मिली कि एक क्रेशर प्लांट पर भीलवाड़ा का संदिग्ध व्यक्ति पहचान छिपाकर रह रहा है। मुखबिर ने गुप्त रूप से उसकी फोटो उपलब्ध कराई। टीम ने फोटो के आधार पर संदिग्ध की पहचान ब्रह्मलाल के रूप में सुनिश्चित की। इसके बाद एएनटीएफ टीम गिट्टी खरीदार बनकर क्रेशर प्लांट पहुंची और वहां मजदूरों से गोपनीय जानकारी जुटाई।

टीम करीब 5-6 किलोमीटर पैदल पहुंचकर संदिग्ध पर निगरानी रखती रही। इसके बाद घेराबंदी कर उसे रोका गया। पूछताछ में उसने अपना नाम ‘धर्मा’ बताया। सख्ती से पूछताछ करने पर उसने अपनी वास्तविक पहचान ब्रह्मलाल के रूप में स्वीकार कर ली। इसके बाद एएनटीएफ टीम ने उसे गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस महानिरीक्षक, एएनटीएफ श्री विकास कुमार ने बताया कि कार्रवाई में शामिल टीमों को विशेष कार्यक्रम में सम्मानित किया जाएगा। उन्होंने आमजन से अपराधियों से संबंधित सूचना एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स के नियंत्रण कक्ष 0141-2502877 अथवा व्हाट्सएप नंबर 9261225056 पर देने की अपील की है। उन्होंने कहा कि सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।

Next Story