राजस्थान में मादक पदार्थ तस्करों के खिलाफ एंटी-नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) का मानसूनी प्रहार लगातार जारी है। डीजीपी राजीव कुमार शर्मा एवं एडीजीपी दिनेश एमएन के मार्गदर्शन में एएनटीएफ ने ऑपरेशन मदपाण्डुकी के तहत एक बड़ी कामयाबी हासिल करते हुए पंजाब के कुख्यात डोडा किंग और राजस्थान-पंजाब तस्करी के मुख्य सूत्रधार बलदेव उर्फ पम्मु उर्फ गोरा बाजीगर को कोटा ग्रामीण के चेचट इलाके से रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया है। पटियाला निवासी बलदेव कोटपुतली-बहरोड़ जिला पुलिस द्वारा तीन साल से वांछित था और उस पर 25,000 रुपये का इनाम घोषित था। एएनटीएफ महानिरीक्षक विकास कुमार ने बताया कि आरोपी की कार से 83.930 किलोग्राम अवैध डोडा पोस्त और तस्करी में प्रयुक्त लग्जरी कार जब्त की गई है।

आईजीपी विकास कुमार ने बताया कि 46 वर्षीय बलदेव महज पांचवीं पास है और शुरुआत में मजदूरी करता था, लेकिन ऐशो-आराम की चाहत में 2017 में वह तस्करों के नेटवर्क में शामिल हो गया। पंजाब-हरियाणा में फसल कटाई के दौरान हार्वेस्टर कंबाइन लेकर राजस्थान-एमपी आने के क्रम में उसने चित्तौड़गढ़ के तस्करों से संपर्क कर अपना नेटवर्क खड़ा कर लिया। वह राजस्थान-एमपी से सस्ता डोडा पोस्त खरीदकर पंजाब-हरियाणा में महंगे दामों पर बेचता था। वर्ष 2023 में कोटपुतली-बहरोड़ पुलिस की नाकाबंदी के दौरान बलदेव गाड़ी छोड़कर भाग निकला था और तब से वह फरार था। फरारी के दौरान भी वह हर महीने राजस्थान-एमपी के आठ चक्कर लगाता था और प्रत्येक ट्रिप में 80-90 किलो डोडा पोस्त पंजाब ले जाता था।

बलदेव बेहद शातिर था और पुलिस से बचने के लिए हर ट्रिप में नई गाड़ी और नया तस्कर साथी साथ रखता था। वह कोटा के बड़गांव स्थित गुरुद्वारे में मन्नत मांगकर ही अपना काम शुरू करता था। विराटनगर में चकमा देने के बाद एएनटीएफ की जयपुर टीम ने उसे रंगे हाथ पकड़ने के लिए जाल बिछाया। एमपी से डोडा पोस्त लोड कर जैसे ही वह मुंबई एक्सप्रेस-वे के रास्ते रवाना हुआ, एएनटीएफ ने पीछा शुरू किया। पुलिस को देखते ही उसने गाड़ी की रफ्तार 180 किलोमीटर प्रति घंटा कर दी और एक्सप्रेस-वे छोड़कर कोटा की तरफ मुड़ गया। चेचट के मोड़क तिराहे पर नाकाबंदी देख वह गाड़ी घुमाकर फाणदा गांव की गलियों में घुस गया, जहां रास्ता बंद होने के कारण कार दीवार से टकरा गई।

कार से उतरकर बलदेव और उसका साथी नदी बहाव क्षेत्र की घनी झाड़ियों में भाग गए। एएनटीएफ जवानों की अपील पर फाणदा गांव के ग्रामीण मदद के लिए दौड़ पड़े। पुलिस और ग्रामीणों ने घेराबंदी कर झाड़ियों में गहन सर्च ऑपरेशन चलाया, जिसके बाद बलदेव को दबोच लिया गया, हालांकि उसका साथी भागने में सफल रहा। पुलिस को सर्च के दौरान गाड़ी के दस्तावेज और एक काली डायरी मिली है, जिसमें नेटवर्क, सप्लायरों और खरीदारों का पूरा हिसाब-किताब दर्ज है। आईजीपी ने कहा कि इस डायरी से कई बड़े खुलासे होंगे। उन्होंने जनता से एएनटीएफ कंट्रोल रूम 0141-2502877 अथवा व्हाट्सएप 9261225056 पर सूचना देने की अपील की है और जानकारी देने वाले की पहचान गुप्त रखने का भरोसा दिलाया है।

Pratahkal Newsroom

Pratahkal Newsroom

प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story