राजस्थान की भजनलाल सरकार प्रदेश के दूर-दराज के ग्रामीण अंचलों तक कृषि कल्याणकारी योजनाओं की पहुंच सुनिश्चित करने के लिए एक महत्वाकांक्षी अभियान का सूत्रपात कर रही है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने इस पहल की घोषणा करते हुए बताया कि सरकार द्वारा प्रत्येक जिले में "ग्राम रथ" संचालित किए जा रहे हैं, जो सीधे तौर पर जन-जन तक सरकारी योजनाओं के लाभ पहुंचाएंगे। इन रथों के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में कृषि योजनाओं की जानकारी, पात्रता और आवेदन प्रक्रियाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जा रहा है ताकि अंतिम पायदान पर खड़ा किसान भी विकास की मुख्यधारा से जुड़ सके। भारतीय जनता पार्टी संगठन ने ग्लोबल राजस्थान एग्रीटेक मीट के माध्यम से प्रदेश में कृषि नवाचार और योजनाओं की जानकारी को व्यापक स्तर पर पहुंचाने का लक्ष्य निर्धारित किया है।

मदन राठौड़ ने इस अभियान की कार्ययोजना साझा करते हुए स्पष्ट किया कि इन ग्राम रथों के साथ भाजपा के प्रदेश पदाधिकारियों की विशेष टोली भी सक्रिय रूप से जुड़ेगी, जो आमजन को योजनाओं की सूक्ष्म जानकारी प्रदान कर अधिक से अधिक लोगों को लाभान्वित करने का कार्य करेगी। राजस्थान ग्लोबल एग्रीटेक समिट को सुव्यवस्थित और प्रभावी बनाने हेतु प्रदेश स्तरीय मॉनिटरिंग समिति एवं संभाग स्तरीय समन्वयकों की महत्वपूर्ण नियुक्तियां की गई हैं। प्रदेश मॉनिटरिंग समिति में भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष मुकेश दाधीच और नाहर सिंह जोधा के साथ प्रेम सिंह बनवासा एवं अनुराग जांगिड को कमान सौंपी गई है।

ग्लोबल राजस्थान एग्रीटेक मीट के सफल निष्पादन हेतु संभाग स्तर पर प्रभारियों की तैनाती की गई है, जिसमें बीकानेर संभाग के लिए ज्योति मिर्धा, राजेंद्र नायक एवं विजेंद्र पूनियां को दायित्व दिया गया है। जयपुर संभाग में लालचंद कटारिया, ओमप्रकाश भड़ाना, रामचरण बोहरा और नारायण मीना समन्वय करेंगे, जबकि भरतपुर संभाग की जिम्मेदारी प्रेम सिंह बाजौर, धर्म सिंह जाट, सुखबीर सिंह जौनापुरिया और ब्रजलाल डिकोलिया को सौंपी गई है। अजमेर संभाग में सी.आर. चौधरी, देवीशंकर भूतना एवं वीरमदेव सिंह जैसास मोर्चा संभालेंगे। जोधपुर संभाग हेतु जसवंत विश्नोई, शैलाराम सारण, महेंद्र राठौड़ और प्रसन्नचंद मेहता को नियुक्त किया गया है। उदयपुर संभाग में बंशीलाल कटारा, रामगोपाल सुथार, बद्री जाट एवं भवानी जोशी तथा कोटा संभाग में प्रहलाद टांक, प्रभुलाल सैनी और नरेंद्र नागर समन्वयक के रूप में कार्य करेंगे। भाजपा संगठन और सरकार का यह साझा प्रयास न केवल कृषि क्षेत्र में क्रांतिकारी परिवर्तन लाएगा बल्कि राजस्थान के किसानों को वैश्विक कृषि तकनीक और नवाचारों से सीधे रूबरू कराकर उनके आर्थिक सुदृढ़ीकरण का मार्ग प्रशस्त करेगा।

Pratahkal Hub

Pratahkal Hub

प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"

Next Story