राज्य सरकार द्वारा बेंगलुरु में आयोजित रोडशो का उद्देश्य कृषि क्षेत्र में निवेश आकर्षित करना और तकनीकी साझेदारियों को बढ़ावा देना है।

राजस्थान को कृषि नवाचार और एग्रीटेक निवेश का अग्रणी केंद्र बनाने की दिशा में राज्य सरकार ने एक और निर्णायक पहल की है। ‘ग्लोबल राजस्थान एग्रीटेक मीट (ग्राम)–2026’ के तहत 26 अप्रैल रविवार को बेंगलुरु में रोडशो आयोजित किया जाएगा, जिसका आयोजन कृषि विभाग, राजस्थान सरकार द्वारा किया जा रहा है।

देश के प्रमुख टेक और स्टार्टअप हब बेंगलुरु में आयोजित इस रोडशो का उद्देश्य एग्रीटेक क्षेत्र में निवेश आकर्षित करना, तकनीकी साझेदारियों को बढ़ावा देना तथा राजस्थान की कृषि क्षमताओं और नीतिगत प्रोत्साहनों को उद्योग जगत के समक्ष प्रभावी रूप से प्रस्तुत करना है।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में राजस्थान के माननीय मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा तथा राजस्थान के माननीय कृषि एवं उद्यानिकी मंत्री डॉ किरोड़ी लाल उपस्थित रहेंगे। दोनों नेता राज्य में कृषि और एग्रीटेक क्षेत्र के विकास, निवेश-अनुकूल वातावरण और भविष्य की रणनीतियों पर अपने विचार साझा करेंगे, जिससे निवेशकों और उद्योग प्रतिनिधियों को राज्य की संभावनाओं का स्पष्ट दृष्टिकोण मिलेगा।

इससे पूर्व ‘ग्लोबल राजस्थान एग्रीटेक मीट (ग्राम)–2026’ की शृंखला की शुरुआत जयपुर में आयोजित कर्टेन रेज़र कार्यक्रम से हुई थी, जिसके बाद नई दिल्ली में भी सफलतापूर्वक रोडशो आयोजित किया गया। अब इसी क्रम को आगे बढ़ाते हुए बेंगलुरु में यह आयोजन किया जा रहा है, ताकि देश के प्रमुख निवेश और टेक हब्स में ‘ग्राम–2026’ के लिए व्यापक सहभागिता सुनिश्चित की जा सके।

रोडशो के दौरान निवेशकों, एग्रीटेक कंपनियों, स्टार्टअप्स और नीति-निर्माताओं के बीच संवाद स्थापित कर संभावित सहयोग और साझेदारी के नए आयामों को तलाशा जाएगा। यह आयोजन ‘ग्राम–2026’ के प्रति जागरूकता बढ़ाने और राजस्थान को एग्रीटेक निवेश के प्रमुख गंतव्य के रूप में स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story