जयपुर में ‘ग्राम–2026’ का कर्टेन रेज़र आज, सीएम भजनलाल शर्मा करेंगे उद्घाटन
मुख्यमंत्री कृषि क्षेत्र में नवाचार और निवेश बढ़ाने के लिए आयोजित इस ओरिएंटेशन कार्यक्रम में स्टार्टअप्स, एफपीओ और प्रगतिशील किसानों के साथ संवाद करेंगे।

जयपुर में आयोजित ‘ग्लोबल राजस्थान एग्रीटेक मीट (ग्राम)–2026’ के कर्टेन रेज़र कार्यक्रम के दौरान मंच पर उपस्थित मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और कृषि मंत्री डॉ. किरोड़ीलाल।
जयपुर, 9 अप्रैल। राज्य में कृषि क्षेत्र को नवाचार, तकनीक और निवेश से जोड़ते हुए उसे सशक्त एवं भविष्य उन्मुख बनाने की दिशा में ‘ग्लोबल राजस्थान एग्रीटेक मीट (ग्राम)–2026’ के तहत कर्टेन रेज़र एवं ओरिएंटेशन कार्यक्रम का आयोजन 10 अप्रैल शुक्रवार को जयपुर में आयोजित किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री एवं कृषि मंत्री की गरिमामयी उपस्थिति
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा उपस्थित रहेंगे। उनके साथ कृषि एवं उद्यानिकी मंत्री डॉ. किरोड़ीलाल भी उपस्थित रहेंगे। इस महत्वपूर्ण आयोजन के माध्यम से राजस्थान की कृषि विकास यात्रा को एक नई गति प्रदान करने का प्रयास किया जाएगा।
नवाचार और निवेश पर केंद्रित चर्चा
इस कार्यक्रम में नीति-निर्माताओं, उद्योग प्रतिनिधियों, स्टार्टअप्स, एफपीओ एवं प्रगतिशील किसानों की सहभागिता के माध्यम से राज्य में कृषि एवं एग्रीटेक क्षेत्र में नवाचार, उद्यमिता और निवेश की संभावनाओं पर चर्चा की जाएगी। यह पहल राज्य में कृषि क्षेत्र के समग्र विकास और एग्रीटेक इकोसिस्टम को सुदृढ़ बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम सिद्ध होगी।
देश के प्रमुख शहरों में आयोजित होंगे रोड शो
‘ग्राम–2026’ के अंतर्गत राज्य सरकार द्वारा देश के प्रमुख शहरों में रोड शो आयोजित होंगे। 17 अप्रैल को नई दिल्ली, 24 अप्रैल को अहमदाबाद, 6 मई को हैदराबाद तथा 8 मई को पुणे में ये रोड शो आयोजित किए जाएंगे, जिनके माध्यम से निवेशकों, एग्रीटेक कंपनियों और विभिन्न हितधारकों से संवाद स्थापित कर व्यापक भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
